आलिया भट्ट और साक्षी मलिक टाइम के टॉप 100 में:माइक्रोसॉफ्ट CEO सत्या नडेला, वर्ल्ड बैंक प्रेसिडेंट अजय बंगा और एक्टर-डायरेक्टर देव पटेल के भी नाम

टाइम मैगजीन ने बुधवार को 2024 के लिए दुनिया के 100 प्रभावशाली हस्तियों की लिस्ट जारी की है। इसमें एक्टर आलिया भट्ट, रेसलर साक्षी मलिक, वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा, माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्य नडेला और एक्टर-डायरेक्टर देव पटेल का नाम शामिल है। लिस्ट में अमेरिका के एनर्जी लोन प्रोग्राम ऑफिस डायरेक्टर जिगर शाह, खगोल विज्ञान और येल विश्वविद्यालय में फिजिक्स की प्रोफेसर प्रियंवदा नटराजन भी शामिल हैं। इनके अलावा भारतीय मूल की रेस्तरां मालकिन अस्मा खान और दिवंगत रूसी विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी की पत्नी यूलिया नवलनाया को भी जगह दी गई है। वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा पुणे में जन्मे, अहमदाबाद से MBA किया भारतीय मूल के अजय बंगा ने पिछले साल 2 जून को वर्ल्ड बैंक अध्यक्ष का पदभार संभाला था। इसके साथ ही वे दो ग्लोबल फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस वर्ल्ड बैंक और इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) की अध्यक्षता करने वाले पहले अश्वेत व्यक्ति बन गए थे। 3 मई को 63 साल के अजय बंगा को वर्ल्ड बैंक के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स ने अपने 14वें अध्यक्ष के रूप में चुना था। उनका कार्यकाल 5 साल का रहेगा। बंगा वर्ल्ड बैंक की अध्यक्षता करने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी हैं। वे डेविड मालपास की जगह पर आए हैं, जिन्होंने फरवरी में इस्तीफा देने का फैसला किया था। अजय बंगा का जन्म पुणे में 10 नवंबर 1959 को हुआ था। उनके पिता हरभजन सिंह बंगा भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट जनरल थे। उन्होंने जालंधर और शिमला से स्कूलिंग, DU से ग्रेजुएशन और IIM अहमदाबाद से MBA किया है। 2016 में भारत सरकार उन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित कर चुकी है। टाइम मैगजीन में अजय बंगा के बारे में कहा गया है कि उन्होंने बैंकिंग सिस्टम से बाहर के लाखों लोगों को डिजिटल इकोनॉमी से जोड़ा है। वर्ल्ड बैंक में अजय ने गरीबी मुक्त दुनिया बनाने के लिए एक नया वीजन पेश किया और इसे बेहतर बनाने के लिए साहसपूर्वक आगे बढ़े। इसके लिए उन्होंने मल्टीलेटरल डेवलपमेंट बैंक और प्राइवेट सेक्टर को एक टूल के रूप में इस्तेमाल किया है। आलिया भट्ट का फिल्मी परिवार में जन्म, 12 साल के करियर में 12 हिट फिल्में दीं आलिया का जन्म 15 मार्च, 1993 को मुंबई में हुआ था। इनके पिता महेश भट्ट जाने-माने फिल्ममेकर और मां सोनी राजदान बॉलीवुड एक्ट्रेस रह चुकी हैं। सोनी महेश भट्ट की दूसरी पत्नी हैं। पूजा भट्ट आलिया की सौतेली बहन हैं। आलिया ने 2012 में ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से डेब्यू किया। 2014 में फिल्म हाईवे में काम किया। इसके बाद आलिया ने 2 स्टेट्स, हंप्टी शर्मा की दुल्हनिया, कपूर एंड सन्स, उड़ता पंजाब, डियर जिंदगी, बद्रीनाथ की दुल्हनिया, जैसी फिल्में कीं और धीरे-धीरे यंग जनरेशन फैंस की फेवरेट बन गईं। 2021 में आलिया के करियर के लिए संजय लीला भंसाली की फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी एक गेम चेंजर मूवी साबित हुई। क्यूट सी दिखने वाली आलिया भट्ट को एक खतरनाक लेडी डॉन के किरदार में सोचना मुश्किल था। आलिया ने कमाल कर दिखाया और वो कामयाबी की नई बुलंदी पर पहुंच गईं। फिल्म के लिए आलिया को बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड मिला। आलिया ने 2023 में ‘हर्ट ऑफ स्टोन’ से हॉलीवुड डेब्यू किया था। फिल्म के डायरेक्टर टॉम हार्पर ने टाइम मैगजीन में आलिया के बारे में कहा कि वे दुनिया की बेहतरीन एक्ट्रेस में से एक हैं। साक्षी मलिक को रेसलर नहीं बनाना चाहती थीं मां, 2016 में जीता ओलिंपिक मेडल टाइम मैग्जीन ने भारतीय रेसलर साक्षी मलिक को आइकॉन की लिस्ट में प्रभावशाली हस्ती माना है। साक्षी ने कुश्ती में यौन शोषण के खिलाफ बृजभूषण सिंह के खिलाफ एक मुहिम छेड़ी थी। टाइम मैगजीन में साक्षी की इसी लड़ाई के बारे में बताया गया है। मैगजीन में बताया गया है कि साक्षी ने कुश्ती तो छोड़ दी, लेकिन महिलाओं के साथ उत्पीड़न करने वाले लोगों के साथ खूब बहादुरी से लड़ीं। साक्षी ने 12 साल की उम्र में कुश्ती सीखने की शुरुआत की। हालांकि, उनकी मां अपनी बेटी को रेसलर नहीं बनाना चाहती थीं। मां ने कहा- लड़कियां बाउट करते वक्त छोटी छोटी कास्ट्यूम पहनती थीं। इसलिए रेसलिंग मुझे पसंद नहीं आई। मैंने साक्षी को बहुत समझाने की कोशिश की कि जो पहलवान लड़कियां होती हैं उनकी शादी नहीं होती। साक्षी के पापा सुखबीर मलिक डीटीसी में बस कंडक्टर हैं। माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन सत्य नडेला हैदराबाद में जन्मे, नेटवर्थ 2,527 अरब डॉलर 54 साल के सत्‍य नडेला दुनिया की लीडिंग टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन हैं। 19 अगस्त 1967 को हैदराबाद में जन्मे सत्य नडेला फरवरी 2014 में माइक्रोसॉफ्ट के CEO बने। उन्होंने मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इंजीनियरिंग की है। साल 1992 में नडेला ने माइक्रोसॉफ्ट से विंडो NT ऑपरेटिंग सिस्टम डेवलपर्स के तौर पर शुरुआत की थी। सत्‍य नडेला की नेटवर्थ 2,527 अरब डॉलर है। टाइम मैगजीन में उनके बारे में कहा गया है कि माइक्रोसॉफ्ट को दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी बनाने में नडेला का बड़ा योगदान है। ओपन AI में माइक्रोसॉफ्ट का भारी भरकम इन्वेस्टमेंट और मिस्ट्रल AI के साथ पार्टनरशिप के लिए भी नडेला की सराहना की जा सकती है। देव पटेल को 18 साल की उम्र में मिली थी स्लमडॉग मिलेनियर, बाद में डायरेक्टर बने देव पटेल 2008 में आई डैनी बॉयल की फिल्म स्लमडॉग मिलेनियर से दुनिया में मशहूर हुए थे। इस फिल्म ने 8 ऑस्कर अवॉर्ड जीते थे। इस फिल्म में देव के अलावा फ्रीडा पिंटो, अनिल कपूर भी थे। देव को 2016 में आई लॉयन फिल्म के लिए ऑस्कर में नॉमिनेशन मिला था। इस फिल्म में उन्होंने एक ऐसे इंडियन बच्चे का किरदार निभाया था, जिसे ऑस्ट्रेलियन फैमिली ने अडॉप्ट किया। इसके अलावा लास्ट एयरबेंडर जैसी फिल्मों ने देव को दुनिया के साथ-साथ भारत में भी लोकप्रिय बनाया। देव पटेल ने फिल्म ‘मंकी मैन’ से डायरेक्टोरियल डेब्यू किया है। फिल्म 5 अप्रैल को वर्ल्डवाइड रिलीज हो गई। हालांकि, भारत में यह रिलीज नहीं हो पाई। टाइम मैगजीन में उनकी इसी फिल्म के बारे में बताया गया है। मैगजीन में हॉलीवुड एक्टर एक्टर डेनियल कालूया ने देव के बारे में कहा कि मंकी मैन में उनकी एक्टिंग का स्तर बहुत ऊंचा है। ये खबर भी पढ़ें …
‘CEO ऑफ द ईयर 2023’ चुने गए सैम ऑल्टमैन, OpenAI के CEO को टेक इंडस्ट्री में उनके योगदान के लिए टाइम मैगजीन ने यह अवॉर्ड दिया ओपन-AI के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) सैम ऑल्टमैन को टाइम मैगजीन ने ‘CEO ऑफ द ईयर 2023’ चुना है। सैम ऑल्टमैन को टेक इंडस्ट्री में उनके योगदान के लिए यह अवॉर्ड दिया गया है। सैम के अलावा टाइम मैगजीन ने टेलर स्विफ्ट को ‘पर्सन ऑफ द ईयर’ और लियोनेल मेसी को ‘एथलीट ऑफ द ईयर’ घोषित किया है। पूरी खबर पढ़ें…

Source: DainikBhaskar.com

Related posts