राहुल बोले- ED, CBI और IT केंद्र के राजनीतिक हथियार:भारत में विचारधारा की लड़ाई; एक तरफ स्वतंत्रता और समानता, दूसरी तरफ RSS और मोदी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार (12 अप्रैल) को तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में चुनावी सभा की। राहुल ने कहा कि भारत में विचारधारा की लड़ाई चल रही है। एक तरफ न्याय, स्वतंत्रता और समानता है। दूसरी तरफ RSS, PM मोदी और उनकी सरकार है। कांग्रेस सांसद ने कहा- आज केंद्र सरकार ED, CBI और IT का राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है। प्रधानमंत्री खुद चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति करते हैं। चुनाव से दो महीने पहले कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज कर दिए जाते हैं। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया जाता है। विपक्षी नेताओं को धमकी दी जा रही है। राहुल ने कहा- भारत में कई भाषाएं, संस्कृति और इतिहास है। हमारे लिए सब बराबर और जरूरी है। हालांकि, मोदी कहते हैं कि एक देश, एक नेता और एक भाषा होनी चाहिए। लड़ाई इसी बात की है। तमिल, बंगाली और देश की दूसरी भाषाओं के बिना भारत पूरा नहीं हो सकता। राहुल ने आगे कहा- भाजपा के नेता खुलेआम कहते हैं कि अगर वे फिर से सत्ता में आए तो संविधान बदल देंगे। पीएम मोदी को केवल इस बात की परवाह है कि इस देश के वित्त और संचार प्रणाली पर उनका एकाधिकार है। पहले पूरी दुनिया भारत को लोकतंत्र का प्रकाश स्तंभ कहती थी। वे आज कहते हैं कि भारत का लोकतंत्र अब लोकतंत्र नहीं रहा। राहुल बोले- हमारी सरकार बनी तो केंद्र में 30 लाख नौकरी देंगे
राहुल गांधी ने युवाओं को ट्रेनिंग देने और केंद्र सरकार में खाली 30 लाख पदों पर नौकरियां देने का भी वादा किया। उन्होंने कहा- अगर केंद्र में I.N.D.I.A ब्लॉक सत्ता में आई, तो युवाओं को रोजगार देने की दिशा में बड़े कदम उठाए जाएंगे। केंद्र में 30 लाख पद खाली हैं। इन पदों पर युवाओं को नौकरी दी जाएगी। सभी स्नातकों और डिप्लोमा डिग्री होल्डर्स के लिए संसद में राइट टू अप्रेंटिसशिप​​​​​​​ कानून पारित किया जाएगा। खड़गे बोले- I.N.D.I.A ब्लॉक के पक्ष में लोकसभा के नतीजे
दूसरी तरफ, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्नाटक के कलबुर्गी में अपने दामाद राधाकृष्ण डोड्डामणि के समर्थन में चुनावी सभा की। इस दौरान उन्होंने कहा- लोकसभा चुनाव का प्रवाह I.N.D.I.A ब्लॉक के पक्ष में है। मोदी इससे डर गए हैं। इसलिए वे बड़े पैमाने पर रैलियां और रोड शो कर रहे हैं। खड़गे ने कहा- मोदी ने देश को लोगों को 15-15 लाख देने के वादे किए थे। करोड़ नौकरियां और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य देने के वादे किए थे। वे अयोध्या में राम की मूर्ति की शपथ लेकर बताएं कि उन्होंने कितने वादे पूरे किए। PM भगवान का नाम जपते हैं और गरीब लोगों को महंगाई से कुचल देते हैं। आज गरीब लोग जिंदा हैं, तो कांग्रेस की मनरेगा योजना और कर्नाटक में कांग्रेस सरकार की पांच गारंटियों के कारण जिंदा है।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts