मोदी बोले-इंडी गठबंधन वाले परमाणु हथियार खत्म करना चाहते हैं:कहा- कांग्रेस के शहजादे हिंदू धर्म की शक्ति का विनाश करने की बात करते हैं

पीएम मोदी ने शुक्रवार को दूसरी चुनावी रैली राजस्थान के बाडमेर में की। यहांं आरोप लगाया कि इंडी गठबंधन के दल देश से परमाणु हथियार खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं पूछना चाहता हूं कि आप किसके इशारे पर काम कर रहे हैं, जो भारत को शक्तिहीन करना चाहता है। आखिर किसके दबाव में आपका गठबंधन हमारी परमाणु ताकत को खत्म करना चाहता है।’ इसके साथ ही मोदी ने कांग्रेस पर संविधान को लेकर झूठ बोलने का भी आरोप लगाया। मोदी ने कहा कि ये 400 सीट की बात इसलिए हो रही है, क्योंकि आपने दस साल अच्छे काम करने से मुझे रोकने की कोशिश की है। देश आपको सजा देना चाहता है। उन्होंने कहा, ‘जहां तक संविधान का सवाल है, तो लिखकर ले लीजिए कि बाबा साहेब अंबेडकर खुद आ जाएं तो भी संविधान खत्म नहीं कर सकते हैं। हमारा संविधान हमारे लिए गीता है, रामायण है, बाइबल है, कुरान है। यह चुनाव लोकतंत्र को मजबूत करने का चुनाव है। कांग्रेस ने 5 दशक से ज्यादा देश पर हुकूमत की, लेकिन एक भी ऐसी बड़ी समस्या नहीं है, जिसका पूरा समाधान दिया हो।’

Source: DainikBhaskar.com

Related posts