Maharashtra Floor Test Live: शिंदे पर सदन का ‘विश्वास’, बहुमत परीक्षण में सरकार पास – अमर उजाला

12:30 PM, 04-Jul-2022

हां महाराष्ट्र में ईडी की मदद से सरकार बनी है : फडणवीस

विधानसभा में उप मुख्यमंत्री देवेंद्र पणडवीस ने कहा कि ये सरकार ईडी की मदद से बनी है। इसमें E मतलब Eknath Shinde और D मतलब Devendra Fadnavis है।

12:19 PM, 04-Jul-2022

सदन से बाहर निकल गए आदित्य ठाकरे

आदित्य ठाकरे समेत शिवसेना के कई विधायक विश्वास मत के बाद सदन से चले गए हैं।

11:42 AM, 04-Jul-2022

शिंदे के खिलाफ 99 वोट

महाराष्ट्र विधानसभा में फ्लोर टेस्ट की कार्यवाही के दौरान एकनाथ शिंदे के खिलाफ 99 वोट पड़े हैं। वहीं शिंदे के समर्थन में 164 वोट पड़े। वहीं देरी से आने के कारण पांच विधायक वोटिंग प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले सके। 

11:32 AM, 04-Jul-2022

एकनाथ शिंदे के समर्थन में 164 वोट

बहुमत परीक्षण की कार्यवाही के बीच एकनाथ शिंदे के पक्ष में 164 वोट पड़े हैं। उन्होंने बहुमत हासिल कर लिया है। हालांकि, इसका औपचारिक एलान होना बाकी है। वहीं विपक्ष की ओर से मतदान शुरू हो गया है। 

11:20 AM, 04-Jul-2022

संजय बांगड ने शिंदे को दिया वोट

विधानसभा में बहुमत परीक्षण पर मतदान की कार्यवाही जारी है। इस बीच शिवसेना के नए बागी विधायक संतोष बांगड ने शिंदे के समर्थन में वोट किया है। बांगड कल तक उद्धव गुट की तरफ थे। अब शिवसेना के बागी विधायकों की संख्या 40 हो गई है। 

11:13 AM, 04-Jul-2022

सुप्रीम कोर्ट पहुंचा व्हिप विवाद

शिंदे व उद्धव गुट के बीच व्हिप विवाद सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। शिवसेना की तरफ से वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर की तरफ से एकनाथ शिंदे गुट की ओर से जारी व्हिप को मान्यता देने का मामला उठाया। उन्होंने कहा, स्पीकर को यह अधिकारी नहीं है, क्योंकि पार्टी अभी भी उद्धव गुट की है। सुप्रीम कोर्ट इस मामले पर भी 11 जुलाई को सुनवाई करेगा। 

11:11 AM, 04-Jul-2022

शिंदे पक्ष के विधायकों को वोटिंग शुरू

विधानसभा में शिंदे पक्ष के विधायकों ने वोटिंग शुरू कर दी है। शिंदे व उद्धव गुट के विधायक अलग-अलग बैठे हैं। 

11:09 AM, 04-Jul-2022

आदित्य ठाकरे पहुंचे विधानसभा

महाराष्ट्र विधानसभा में बहुमत परीक्षण की कार्यवाही शुरू हो चुकी है। दोनों गुट के विधायक विधानसभा पहुंच चुके हैं। हालांकि, आदित्य ठाकरे कुछ देर से विधानसभा पहुंचे। 

11:05 AM, 04-Jul-2022

मतदान के जरिए होगा बहुमत परीक्षण

महाराष्ट्र विधानसभा में बहुमत परीक्षण की कार्यवाही शुरू हो गई है। पहले ध्वनिमत के जरिए बहुमत परीक्षण होना था। हालांकि, विपक्ष के एतराज के बाद अब वोटिंग के जरिए फ्लोर टेस्ट होगा। 

11:00 AM, 04-Jul-2022

शिंदे के साथ दिखे शिवसेना विधायक 

महाराष्ट्र में बहुमत परीक्षण से पहले उद्धव ठाकरे को एक और झटका लगा है। सूत्रों के मुताबिक, उद्धव गुट का एक और विधायक शिंदे गुट में शामिल हो गया है। दरअसल, शिवसेना विधायक संतोष बांगड की तस्वीरें एकनाथ शिंदे व उनके गुट के विधायकों के साथ सामने आई हैं। संतोष बांगड आज सुबह होटल से शिंदे गुट के विधायकों के साथ निकले थे और उनके साथ विधानसभा पहुंचे।

10:46 AM, 04-Jul-2022

शिंदे गुट में शामिल हो सकता है एक और विधायक

फ्लोर टेस्ट से पहले उद्धव ठाकरे को एक और झटका लग सकता है। खबर है कि उनका एक और विधायक शिंदे गुट का दामन थाम सकता है। पहले ही 39 विधायक बगावत कर चुके हैं। 

10:42 AM, 04-Jul-2022

अजित पवार होंगे नेता विपक्ष

सत्ता से बाहर होने के बाद उद्धव गुट ने एनसीपी नेता व राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार को नेता विपक्ष चुना है। 

10:29 AM, 04-Jul-2022

शिंदे व भाजपा अस्थाई व्यवस्था- संजय राउत

महाराष्ट्र में जारी सियासी उठापटक और फ्लोर टेस्ट से पहले संजय राउत ने एक बार फिर बागी विधायकों व भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, राजनीति में पैसा ही सबकुछ नहीं होता। पार्टी को कमजोर करने की साजिश रची गई, बदले की भावना से पार्टी को तोड़ा गया। उन्होंने कहा विधायकों का जाना अस्थाई है। वे विधायक शिवसेना में शेर थे, अब लोगों के बीच भी नहीं जा सकते हैं। उनको इतनी सुरक्षा दी गई है, जितनी कसाब को भी नहीं मिली थी। आखिर वे किससे डरते हैं?

10:11 AM, 04-Jul-2022

11 बजे शिंदे सरकार का बहुमत परीक्षण

महाराष्ट्र की नई शिंदे सरकार का असल इम्तेहान अभी बाकी है। आज 11 बजे से विधानसभा में एकनाथ शिंदे सरकार को बहुमत साबित करना होगा। जानकारी के मुताबिक, थोड़ी देर में शिंदे गुट के विधायक विधानसभा पहुंचेंगे। 

09:57 AM, 04-Jul-2022

उद्धव ठाकरे गुट को बड़ा झटका

एकनाथ शिंदे-भाजपा सरकार के महत्वपूर्ण विश्वास मत से एक दिन पहले उद्धव ठाकरे गुट को बड़ा झटका लगा। रविवार रात महाराष्ट्र विधानसभा के नवनियुक्त अध्यक्ष ने शिवसेना विधायक अजय चौधरी को विधायक दल के नेता के पद से हटा दिया। स्पीकर राहुल नार्वेकर के कार्यालय द्वारा जारी एक पत्र ने शिंदे को शिवसेना के विधायक दल के नेता के रूप में बहाल किया गया और ठाकरे गुट से संबंधित सुनील प्रभु को हटाकर शिंदे खेमे से भरत गोगावाले को शिवसेना के मुख्य सचेतक के रूप में नियुक्त किया।

Related posts