UP Election 2022 Live : प्रियंका ने इशारों में खुद को बताया कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा, चुनाव बाद गठबंधन करने पर भी कही बड़ी बात – अमर उजाला – Amar Ujala

02:10 PM, 21-Jan-2022

जेपी नड्डा ने की आगरा में पूजा-अर्चना

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा चुनाव प्रचार के लिए आगरा पहुंचे हैं। यहां पहुंचकर उन्होंने स्थानीय राजेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। कोहरे के कारण नड्डा को आगरा पहुंचने में देरी हुई। उन्हें आगरा के बाद बरेली भी चुनाव प्रचार के लिए जाना है। 

01:15 PM, 21-Jan-2022

प्रियंका गांधी ने खुद को बताया कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा

प्रियंका गांधी से जब उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के मुख्यमंत्री उम्मीदवार के बारे में पूछा गया तो तो उन्होंने कहा कि क्या आपको कोई दूसरा चेहरा दिखाई देता है। चुनाव के बाद क्या किसी दूसरी पार्टी को समर्थन देंगी। इस सवाल के जवाब में प्रियंका ने कहा कि अगर ऐसी परिस्थिती आई तो हम जिस गठबंधन में शामिल होंगे उसमें हम चाहेंगे कि हमारे जो महिलाओं और युवाओं के लिए वादे हैं वो सरकार के एजेंडा में शामिल हो।   

01:10 PM, 21-Jan-2022

सरकार की गलत निर्णयों के कारण 14 करोड़ युवाओं ने रोजगार खोया: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि रोजगार छोटे और मीडियम व्यवसाय से आते हैं। रोजगार बड़े-बड़े व्यवसाय से कम आता है। भाजपा की नीति छोटे व्यापारियों को खत्म करने की है। नोटबंदी, गलत GST और कोरोना के समय सरकार द्वारा लिए गए गलत निर्णय के कारण 14 करोड़ युवाओं ने रोजगार खोया है।

12:46 PM, 21-Jan-2022

प्रियंका ने बताई चुनाव बाद गठबंधन करने की शर्त 

चुनाव के बाद क्या किसी दूसरी पार्टी को समर्थन देंगी। इस सवाल के जवाब में प्रियंका ने कहा कि अगर ऐसी परिस्थिती आई तो हम जिस गठबंधन में शामिल होंगे उसमें हम चाहेंगे कि हमारे जो महिलाओं और युवाओं के लिए वादे हैं वो सरकार के एजेंडा में शामिल हो। 

12:42 PM, 21-Jan-2022

प्रियंका ने बताया कैसे पूरा करेंगी 20 लाख नौकरियों का वादा

वादे कैसे पूरे होंगे इस सवाल के जवाब में प्रियंका गांधी ने कहा कि 20 लाख नौकरियों में से 12 लाख नौकरियां ऐसी हैं जिनके सरकारी पद खाली पड़े हैं। इसका बजट भी सरकार के पास है। आठ लाख अन्य नौकरियों को स्वरोजगार के जरिए अवसर पैदा करेंगे। 

12:33 PM, 21-Jan-2022

कांग्रेस का वादा- 20 लाख सरकारी नौकरियां देंगे, इनमें से आठ लाख महिलाओं के लिए

घोषणा पत्र जारी करते हुए प्रियंका गांधी ने इसमें शामिल अहम बिंदुओं के बारे में बताया। प्रियंका ने कहा… 


इस घोषणा पत्र में  20 लाख सरकारी भर्तियों का वादा किया गया है। इनमें 8 लाख सरकारी पद महिलाओं के लिए होंगे। 

प्रथमिक विद्यालयों में डेढ़ लाख, माध्यमिक में 38 हजार, उच्च शिक्षा में आठ हजार शिक्षकों के पद खाली हैं। इन्हें भरा जाएगा।

डॉक्टरों के छह हजार, पुलिस विभाग के एक लाख रिक्त पदों को भरा जाएगा।

20 हजार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और 27 हजार आंगनवाड़ी सहायिकाओं की नियुक्ति होगी।

संस्कृत विद्यालयों में दो हजार, फिजिकल एजुकेशन  और उर्दू शिक्षकों की भी भर्ती होगी।

भर्ती प्रक्रिया के फॉर्म भरने के लिए कोई फीस नहीं ली जाएगी। परीक्षा देने जाने के लिए बस और ट्रेन का किराया नहीं लगेगा।

एक जॉब कैलेंडर बनेगा, जिसमें फॉर्म भरने से लेकर नियुक्ति तक की तारीख पहले से दी जाएगी। 

12:21 PM, 21-Jan-2022

प्रियंका ने कहा उत्तर प्रदेश में भर्ती युवाओं के लिए सबसे बड़ी समस्या

कांग्रेस का युवा घोषणा पत्र जारी करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि इस भर्ती विधान को बनाने के लिए हमारे कार्यकर्ताओं ने जिले-जिले जाकर युवाओं से बात की। उन चर्चाओं जो निकला उसी से ये भर्ती विधान बना है। इस घोषणा पत्र का नाम भर्ती विधान इसलिए दिया गया है क्योंकि इस वक्त उत्तर प्रदेश के युवाओं में भर्ती सबसे बड़ी समस्या है। 

 

12:17 PM, 21-Jan-2022

कांग्रेस का युवा घोषणा पत्र जारी

उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए कांग्रेस ने युवा घोषणा पत्र जारी कर दिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने इस घोषणा पत्र को जारी किया। राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं से बात करके ये घोषणा पत्र बनाया गया है। हम एक नया उत्तर प्रदेश बनाना चाहते हैं। 

 

12:13 PM, 21-Jan-2022

कांग्रेस का युवा घोषणा 

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए युवा घोषणा पत्र जारी कर रही है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए इस घोषणा पत्र को ऐतिहासिक बताया। 

11:22 AM, 21-Jan-2022

योगी ने सपा को बताया तमंचावादी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करके सपा पर हमला बोला है। योगी ने ट्वीट किया कि जिनका मूल चरित्र ही अलोकतांत्रिक, आपराधिक वंशवादी हो, उनके मुंह से लोकतंत्र और विकास की बात हास्यास्पद है। विधान सभा चुनाव प्रत्याशियों की सूची सपा के ‘दंगाई प्रेमी’ और ‘तमंचावादी’ होने की पुष्टि करती है। ‘नए उत्तर प्रदेश’ की जनता पलायन नहीं, प्रगति चाहती है और ‘दंगा मुक्त प्रदेश’ ‘सपा मुक्त प्रदेश’ जनता का संकल्प है।

10:16 AM, 21-Jan-2022

अपर्णा ने लिया मुलायम से आशीर्वाद

भाजपा में शामिल होने के बाद सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव ने एक फोटो शेयर की है। इस फोटो में अपर्णा मुलायम सिंह से आशीर्वाद लेती हुई नजर आ रही हैं। 

09:52 AM, 21-Jan-2022

दूसरे चरण की चुनाव प्रक्रिया शुरू

उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण के चुनाव की प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है। दूसरे चरण में 14 फरवरी को वोट डाले जाने हैं। इस चरण में नौ जिलों की 55 विधानसभाओं में वोटिंग होगी। 

09:30 AM, 21-Jan-2022

जेपी नड्डा आज घर-घर जाकर करेंगे प्रचार

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार करेंगे। नड्डा आगरा में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद उनका बरेली में घर-घर जाकर प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने का कार्यक्रम है। 

09:25 AM, 21-Jan-2022

शाह और बंसल की जोड़ी ने संभाली कमान

यूपी में लगातार चौथी बार गृहमंत्री अमित शाह व पार्टी के संगठन मंत्री सुनील बंसल की जोड़ी ने चुनाव प्रचार और रणनीति की कमान अपने हाथों में ले ली है। इस क्रम में शाह शनिवार से कृष्ण जन्मभूमि मथुरा से अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। अभियान की शुरुआत करने से पहले शाह ने गुरूवार को राज्य में दोनों सहयोगियों के मुखिया अनुप्रिया पटेल और संजय निषाद से चुनावी रणनीति पर लंबी मंत्रणा की है।

09:13 AM, 21-Jan-2022

UP Election 2022 Live : प्रियंका ने इशारों में खुद को बताया कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा, चुनाव बाद गठबंधन करने पर भी कही बड़ी बात

कांग्रेस का युवा घोषणापत्र आज जारी होगा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और यूपी प्रभारी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को दिल्ली में युवा घोषणापत्र जारी करेंगे। पार्टी इसमें युवाओं के रोजगार, परीक्षा शुल्क व भर्तियों में पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर अपना नजरिया पेश करेगी।

Related posts