हिजबुल आतंकी बुरहान वानी के पिता ने फहराया तिरंगा, फिर गाया राष्ट्रगान – Jansatta

हिजबुल आतंकी बुरहान वानी के पिता ने फहराया तिरंगा, फिर गाया राष्ट्रगान

आतंकी बुरहान वानी के पिता सरकारी स्कूल में हेडमास्टर हैं। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान गाया।

जनसत्ता ऑनलाइन
Edited By अंकित ओझा

त्राल | Updated: August 15, 2021 3:41 PM
तिरंगा फहराते बुरहान वानी के पिता। फोटो- ANI ट्विटर हैंडल

हिजबुल मुजाहिद्दीन के आतंकी बुरहान वानी को सुरक्षाबलों ने साल 2016 में मार गिराया था। अब एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसे ‘असली जन्नत’ कहा जा सकता है। वानी के पिता मुजफ्फर वानी ने साउथ कश्मीर के त्राल में न सिर्फ तिरंगा फहराया बल्कि पूरे अदब के साथ राष्ट्रध्वज को सम्मान दिया। इसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

बता दें कि मुजफ्फर वानी त्राल के गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकंड्री स्कूल में अध्यापक हैं। साल 2016 में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में बुरहान वानी मारा गया था। उसकी मौत के बाद कश्मीर में लगभग पांच महीने तक विरोध प्रदर्शन हुए थे। वानी की अंतिम यात्रा में भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। वहीं इसके बाद शुरू हुई हिंसा में 100 से ज्यादा लोग मारे गए थे।

‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने सभी विभागों से कहा है कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा फहराना सुनिश्चित किया जाए। इस बार श्रीनगर का लाल चौक भी तीन रंगों में रंगा नजर आया। इससे पहले यहां तिरंगा फहराना मुमकिन नहीं हुआ करता था। साल 1992 में नरेंद्र मोदी और मुरली मनोहर जोशी यहां तिरंगा फहराने पहुंचे थे। झंडा फहराने के बाद वे भी यहां ज्यादा देर नहीं रुके थे।

कौन था बुरहान वानी?

बुरहान वानी काफी कम उम्र से ही हिजबुल के साथ जुड़ गया था और आतंकियों का पोस्टर बॉय बना हुआ था। सुरक्षाबल लंबे समय से उसकी तलाश कर रहे थे और 10 लाख का इनाम भी रखा गया था। वह सोशल मीडिया पर भी ऐक्टिव रहता था और घाटी के युवा उससे प्रभावित थे। जब वह हथियारों से लैस होकर सुरक्षाबलों के खिलाफ कोई तस्वीर डालता था तो उसपर कमेंट और लाइक्स की बाढ़ जा जाती थी। वह अपना मोबाइल नंबर भी बदलता रहता था।

जानकारी के मुताबिक उसकी गर्लफ्रेंड के माध्यम से उसे बुलाया गया था। वह जिस मकान में था, उसमें आग लगा दी गई और जब वह बाहर निकला तो गोलियों से भून दिया गया।

Also Read

  • तिरंगों से भर गया दिल्ली का गाजीपुर बॉर्डर, किसानों ने पुलिस की बैरिकेडिंग पर लगाया झंडा

Related posts