मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: कोरोना की वजह से कुंभ की समाप्ति का ऐलान, बंगाल में ममता पर FIR और इस IPL में राजस्था… – Dainik Bhaskar

  • Hindi News
  • National
  • Google Tite: Mamata Banerjee IPL 2021 | Dainik Bhaskar News Headlines; FIR On Mamta In Bengal, Citibank Will End Business From India And Rajasthan Royals Win In IPL

Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

5 घंटे पहले

नमस्कार!
कोरोना की लहर रोकने के लिए दिल्ली सरकार ने क्या फैसला लिया? कुंभ में किस बड़े संत का संक्रमण से निधन हुआ? और 3 विदेशी वैक्सीन के भारत आने का क्या है अपडेट ? आज सुबह हम ऐसी ही खास खबरें आपके लिए लाए हैं। तो चलिए शुरू करते हैं मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ…

सबसे पहले देखते हैं मार्केट क्या कह रहा है…

  • BSE का मार्केट कैप 203.95 लाख करोड़ रुपए रहा, एक्सचेंज पर करीब 41% कंपनियों के शेयरों में बढ़त रही।
  • 3,057 कंपनियों के शेयरों में ट्रेडिंग हुई। इसमें 1,247 कंपनियों के शेयर बढ़े और 1,649 कंपनियों के शेयर गिरे।

आज इन इवेंट्स पर रहेगी नजर…

  • चारा घोटाले से जुड़े एक मामले में 16 अप्रैल को लालू यादव की जमानत याचिका पर सुनवाई होगी।
  • केरल में सरकार कोरोना के टेस्ट के लिए दो दिन का कैम्पेन चलाएगी। इस दौरान 2.5 लाख टेस्ट किए जाएंगे।

देश-दुनिया

निरंजनी अखाड़े ने कहा- उनके लिए कुंभ खत्म
कुंभ मेले के बीच कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए निरंजनी अखाड़े के सचिव रविंद्र पुरी ने ऐलान किया है कि उनके लिए कुंभ मेला खत्म हो चुका है। पुरी ने कहा है कि कुंभ का मुख्य शाही स्नान पूरा हो गया है और उनके अखाड़े के साधु-संतों में कोरोना वायरस के लक्षण नजर आ रहे हैं। कोरोना की स्थिति को देखते हुए निरंजनी अखाड़े के बाद बाकी 5 संन्यासी अखाड़े भी कुंभ समाप्ति का ऐलान कर सकते हैं। पिछले 5 दिन में यहां कोरोना के 2,167 मामले सामने आ चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि मेला 30 अप्रैल तक चलेगा। अब अखाड़े खुद ही कुंभ खत्म करने का ऐलान करने लगे हैं।

RR की दिल्ली के खिलाफ 5 हार के बाद पहली जीत
राजस्थान रॉयल्स (RR) ने सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज कर ली है। IPL के 7वें मैच में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 3 विकेट से शिकस्त दी। दिल्ली के खिलाफ राजस्थान की यह लगातार 5 हार के बाद पहली जीत है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 8 विकेट गंवाकर 147 रन बनाए। जवाब में राजस्थान की टीम ने 7 विकेट गंवाकर 150 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। डेविड मिलर ने 43 बॉल पर 62 रन की पारी खेली। मिलर की IPL में यह 10वीं फिफ्टी है। मैच में 3 विकेट लेने वाले जयदेव उनादकट मैन ऑफ द मैच चुने गए।

दिल्ली में भी वीकेंड कर्फ्यू लगेगा
कोरोना की लहर ने दिल्ली सरकार को भी सख्त फैसला लेने पर मजबूर कर दिया है। CM अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू का ऐलान किया है। उन्होंने गुरुवार को नई पाबंदियों के बारे में बताया। वीकेंड कर्फ्यू शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा। दिल्ली में 5 हफ्ते में कोरोना के मामले 25 गुना बढ़ गए हैं। 11 से 17 मार्च तक यहां 2995 केस आए थे, जो 8 से 14 अप्रैल के बीच 76,870 तक पहुंच गए हैं। पाबंदियों के बीच दिल्ली सरकार ने इस सीजन होने वाली शादियों का ख्याल रखा है। कर्फ्यू के दौरान शादियों में शामिल होने के लिए ई-पास दिए जाएंगे।

बंगाल में ममता पर FIR, BJP अध्यक्ष के प्रचार पर रोक
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पांचवे फेज की वोटिंग से पहले चुनाव आयोग एक्शन में है। मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी के खिलाफ कूचबिहार में FIR दर्ज की गई है। वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के प्रचार करने पर 24 घंटे की पाबंदी लगा दी गई है। 6 अप्रैल को तीसरे फेज के चुनाव के दौरान कूचबिहार के सीतलकूची में फायरिंग में 4 लोगों की मौत हो गई थी। इसके लिए ममता बनर्जी के बयानों को जिम्मेदार ठहराया गया है। घोष ने इस मामले में विवादित बयान दिया था। उन्होंनें कहा था कि ममता के गुंडों पर आगे भी ऐसी कार्रवाई होती रहेगी।

निजामुद्दीन मरकज में 50 लोगों को नमाज की इजाजत
दिल्ली हाईकोर्ट ने निजामुद्दीन मरकज में रमजान के दौरान एक साथ 50 लोगों को नमाज पढ़ने की इजाजत दे दी है। कोर्ट ने गुरुवार को यह फैसला सुनाया। अदालत ने कहा कि मरकज के फर्स्ट फ्लोर पर दिन में 5 बार नमाज पढ़ी जा सकेगी, लेकिन कोरोना गाइडलाइंस का पालन करना होगा। निजामुद्दीन मरकज में पिछले साल मार्च में तब्लीगी जमात का आयोजन हुआ था। इस आयोजन में देश-विदेश से जुटे करीब 2000 लोगों में कई लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद मरकज से देशभर में कोरोना फैलने का मुद्दा उठा था और 31 मार्च को मरकज बंद कर दिया गया था।

ASI के सभी स्मारक और म्यूजियम 15 मई तक बंद
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार ने आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (ASI) के तहत आने वाले सभी मॉन्यूमेंट्स, साइट्स और म्यूजियम 15 मई तक के लिए बंद कर दिए हैं। इसके अलावा नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (पोस्ट ग्रेजुएट एग्जाम) टाल दिया है। यह परीक्षा 18 अप्रैल को होनी थी। इसकी अगली तारीख बाद में तय की जाएगी। बोर्ड ने हाल ही में इसके एडमिट कार्ड जारी किए थे। CBSE की परीक्षा पर हुए फैसले के बाद से ही NEET- PG के कैंडिडेट्स सोशल मीडिया पर ‘हैशटैग पोस्टपोन नीट पीजी’ कैंपेन चला रहे थे।

भारत में सिटीग्रुप रिटेल बैंकिंग कारोबार से निकलेगा
25 लाख ग्राहक वाला सिटी बैंक भारत से अपना कारोबार समेट रहा है। ग्रुप ने बताया है कि वह भारत समेत 13 इंटरनेशनल कंज्यूमर बैंकिंग मार्केट से बाहर निकलेगा। खासकर जहां उसका बिजनेस छोटे स्तर पर है। सिटीग्रुप अब वेल्थ मैनेजमेंट कारोबार पर फोकस करने की तैयारी में है। देश में सिटी बैंक की करीब 35 ब्रांच लखनऊ, अहमदाबाद, औरंगाबाद, बेंगलुरु, चंडीगढ़, फरीदाबाद, गुरुग्राम, जयपुर, कोच्चि, कोलकाता, मुंबई, नागपुर, नासिक, नई दिल्ली, पुणे, हैदराबाद और सूरत में हैं। कंज्यूमर बिजनेस बैंकिंग में इसके करीब 4 हजार लोग काम करते हैं।

एक्सप्लेनर
वॉल्व वाले मास्क का इस्तेमाल न करें, जानें हर मास्क की इफेक्टिवनेस

देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इससे होने वाली मौतों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। इस बीच एक बार फिर मास्क पहनने की अपील हर किसी से की जा रही है, लेकिन कौन-सा मास्क किसके लिए ज्यादा सही होगा, कौन-सा ज्यादा इफेक्टिव होगा, ये सवाल सबके मन में है। आइये जानते हैं अलग-अलग तरह के मास्क, उनकी इफेक्टिवनेस और यूज के बारे में। N95 मास्क कोरोना वायरस जैसे संक्रमण से बचाव के लिए सबसे बेहतर मास्क माना जाता है। यह हवा में मौजूद 95 प्रतिशत कणों को रोकने में सक्षम है इसलिए इसका नाम N95 पड़ा है।
पढ़िए पूरी खबर…

3 विदेशी वैक्सीन आने की राह खुली
भारत के ड्रग रेगुलेटर-ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने वैक्सीन पर बनी एक्सपर्ट कमेटी की सिफारिशों को मान लिया है। यानी अब मॉडर्ना, फाइजर और जॉनसन एंड जॉनसन (J&J) की वैक्सीन को जल्द ही मंजूरी मिल जाएगी। नेशनल एक्सपर्ट ग्रुप ऑन वैक्सीन एडमिनिस्ट्रेशन फॉर कोविड-19 (NEGVAC) ने अमेरिका, यूरोप, ब्रिटेन, जापान, और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) से मंजूर वैक्सीन को इम्पोर्ट करने का सुझाव दिया था। ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया वीजी सोमानी ने इन वैक्सीन को इमरजेंसी यूज के लिए मंजूरी देने की शर्तें और प्रक्रिया जारी की है।

इलेक्शन वाले राज्यों में कोरोना के केस 500% तक बढ़े
चुनाव वाले राज्य पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुड्‌डुचेरी में 1 से 14 अप्रैल तक कोरोना के केस कई सौ गुना तक बढ़ गए हैं। पश्चिम बंगाल में 420%, असम में 532%, तमिलनाडु में 159%, केरल में 103% और पुड्‌डुचेरी में 165% कोरोना केस बढ़े। औसत के तौर पर देखें तो इन पांच राज्यों में मौतों में भी 45% का इजाफा हो गया है। यहां बेरोकटोक चुनावी रैलियां और भीड़ जुटाकर सभाएं की जा रही थीं। चुनाव प्रचार में जुटे यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केरल के CM पिनाराई विजयन भी इस समय संक्रमित हैं।

आज की पॉजिटिव खबर
स्टार्टअप से पति-पत्नी की कमाई एक लाख रु. महीने

मुंबई के रहने वाले रोहन सोनलकर और उनकी पत्नी रुचिरा सोनलकर दो साल से होममेड ऑनलाइन स्टार्टअप चला रहे हैं। वे प्रिजर्वेटिव फ्री सॉस, जैम, स्टोन ग्राउंडनट बटर, सेवरी स्प्रेड जैसे करीब दो दर्जन प्रोडक्ट की मार्केटिंग करते हैं। उनके हर महीने 2000 तक प्रोडक्ट बिक रहे हैं। इससे वे मंथली एक लाख रुपए तक की कमाई कर रहे हैं। 42 साल के रोहन क्रिएटिव राइटर और डिजाइनर का काम करते थे। उन्होंने करीब 20 साल तक अलग-अलग कई कंपनियों में काम किया। जबकि रुचिरा एक कंपनी में बतौर प्रोडक्ट हेड काम कर रही थीं। 2014 में रुचिरा ने बच्चे के लिए नौकरी छोड़ दी।
पढ़े पूरी खबर…

कुंभ में निर्वाणी अखाड़े के महामंडलेश्वर का कोरोना से निधन
निर्वाणी अखाड़े के महामंडलेश्वर कपिल देव का संक्रमण से निधन हो गया। वह मध्यप्रदेश से कुंभ मेले में शामिल होने के लिए हरिद्वार गए थे। पॉजिटिव होने के बाद से उनका देहरादून के कैलाश हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। हॉस्पिटल मैनेजमेंट के मुताबिक गुरुवार को उनका निधन हो गया। कुंभ के दौरान संक्रमण से जान गंवाने वाले कपिल देव पहले बड़े संत हैं। उत्तराखंड के कोविड-19 स्टेट कंट्रोल रूम के मुताबिक, 10 से 14 अप्रैल के दौरान हरिद्वार में 2167 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। यहां 12 और 14 अप्रैल को शाही स्नान में लाखों लोग पहुंचे थे।

शिवराज के मंत्री बोले- उम्र हो जाए तो मरना पड़ता है
मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण से हालात बेकाबू हैं। रोजाना रिकॉर्ड संख्‍या में लोगों की मौत हो रही है। इस बीच शिवराज सरकार में पशुपालन मंत्री प्रेम सिंह पटेल का कहना है कि लोगों की उम्र हो जाती है, तो मरना भी पड़ता है। प्रेम सिंह से कोरोना से हो रही मौतों को लेकर सवाल किया गया था। इस पर उन्होंने कह दिया कि मौतें हुई हैं, इन्हें कोई नहीं रोक सकता। कोरोना से बचने के लिए सब लोग सहयोग की बात कर रहे हैं। हर जगह डॉक्‍टर्स की व्‍यवस्‍था की गई है। प्रेम सिंह पटेल का यह बयान 14 अप्रैल का है। इसका वीडियो भी सामने आया है।

टीका उत्सव में वैक्सीनेशन बढ़ने की बजाय 12% घटा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 से 14 अप्रैल के बीच देशभर में कोरोना टीका उत्सव मनाने का ऐलान किया था। covid19india.org के आंकड़े देखें तो पता चलता है कि इस दौरान वैक्सीनेशन बढ़ने की बजाय 12% घट गया। हालांकि, केंद्र सरकार का दावा है कि इस बीच वैक्सीन की 1.28 करोड़ डोज दी गई है। वहीं, covid19india.org के मुताबिक, टीका उत्सव के दौरान देशभर में वैक्सीन की 99.64 लाख डोज लगाई गईं। इसके पहले 7 से 10 अप्रैल के बीच 1.13 करोड़, 3 से 6 अप्रैल के बीच 1.10 करोड़ और 30 मार्च से 2 अप्रैल के बीच 99.99 लाख डोज लगाए गए थे।

महाराष्ट्र को मुफ्त ऑक्सीजन दे रही रिलायंस
मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस ने महाराष्ट्र में कोविड-19 से पैदा हो रहे भयावह हालात में मदद का हाथ आगे बढ़ाया है। रिलायंस की जामनगर (गुजरात) रिफाइनरी से ऑक्सीजन की सप्लाई शुरू की गई है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी यह ऑक्सीजन सप्लाई मुफ्त कर रही है। महाराष्ट्र इस वक्त संक्रमण के मामले में अव्वल है। मुंबई, पुणे और नागपुर समेत ज्यादातर शहरों में हर दिन मामले बढ़ते जा रहे हैं। मुकेश अंबानी खुद मुंबई में ही रहते हैं। महाराष्ट्र के शहरी विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने सोशल मीडिया पर रिलायंस से 100 टन ऑक्सीजन मिलने की जानकारी दी है।

सुर्खियों में और क्या है…

  • कोरोना की वजह से बुधवार रात 8 बजे से महाराष्ट्र में मिशन ‘ब्रेक द चेन’ शुरू हो गया। इसके तहत राज्यभर में CRPC की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लगा दी गई है। यह नियम 1 मई की सुबह 8 बजे तक जारी रहेगा।
  • मध्यप्रदेश के जबलपुर में लिक्विड प्लांट में आई खराबी से ऑक्सीजन सप्लाई बंद हो गई। इससे 5 मरीजों की मौत हो गई। सभी वेंटिलेटर पर थे। इस बीच, इंदौर एयरपोर्ट पर रेमडेसिविर इंजेक्शन की 9,264 यूनिट पहुंची हैं।
  • दिल्ली की कड़कड़डुमा कोर्ट ने JNU (जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी) के पूर्व छात्र नेता उमर खालिद को नॉर्थ ईस्ट दिल्ली हिंसा मामले में जमानत दे दी है। कोर्ट ने उमर को आरोग्य सेतु ऐप इंस्टॉल करने की शर्त पर जमानत दी है।

खबरें और भी हैं…

Related posts