एयरपोर्ट, कोर्ट…सब PM समेत 5 लोग चला रहे, चाहते हैं किसानों का खात्मा- बोले राहुल गांधी – Jansatta

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि यूपीए ने आर्थिक विकास दिया था, लाखों लोगों को गरीबी से निकाला, आज युवाओं के लिए कोई रोजगार नहीं है। मीडिया, आईटी, रिटेल, पावर..सभी क्षेत्रों में कुछ कॉरपोरेट्स का एकाधिकार है।

कांग्रेस के कई नेताओं ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा साथ आज दिल्ली में राजभवन घेराव किया। (twitter/congress)

केंद्र सरकार के नए कृषि कानून के खिलाफ दिल्ली से सटी सीमाओं पर पिछले दो महीने से किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच किसानों के समर्थन में कांग्रेस आज एक बार फिर देशव्यापी प्रदर्शन कर रही है। इस दौरान कांग्रेस के कई नेताओं ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा साथ आज दिल्ली में राजभवन घेराव किया, जिसके बाद सभी जंतर मंतर पहुंचे हैं।

इस प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने एक बार फिर जमकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार पर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों का सम्मान नहीं करते और केन्द्र के कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों को सिर्फ थकाना चाहते हैं।” कांग्रेस नेता ने कहा कि एयरपोर्ट, कोर्ट…सब PM समेत 5 लोग चला रहे, ये सभी किसानों का खात्मा करना चाहते हैं। राहुल ने कहा “लेकिन नरेंद्र मोदी हिन्दुस्तान को नहीं समझ रहे हैं, वो सोचते हैं कि किसानों में शक्ति नहीं है और ये 10-15 दिन में चले जाएंगे क्योंकि नरेंद्र मोदी किसान की इज्जत नहीं करते। नरेंद्र मोदी हिन्दुस्तान का किसान नहीं डरेगा, नहीं हटेगा और भागना आपको पड़ेगा।”

कांग्रेस नेता ने कहा “संगठनों के साथ बातचीत केन्द्र की विलंब करने की रणनीति का हिस्सा है, लेकिन किसान कमजोर नहीं पड़ेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कृषि कानूनों को वापस लेना ही होगा।” गांधी ने कहा कि यूपीए ने आर्थिक विकास दिया था, लाखों लोगों को गरीबी से निकाला, आज युवाओं के लिए कोई रोजगार नहीं है। मीडिया, आईटी, रिटेल, पावर..सभी क्षेत्रों में कुछ कॉरपोरेट्स का एकाधिकार है। सरकार किसानों को थकाने की कोशिश कर रही है। यह उनकी रणनीति है। मोदी जी किसानों का सम्मान नहीं करते है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ये तीनों कानून किसानों की मदद करने के लिए नहीं हैं, बल्कि उन्हें खत्म करने के लिए हैं। सरकार कुछ उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाना चाहती है।’’ कांग्रेस नेता ने कहा कि किसानों ने इस देश को आजादी दिलाई, न कि अडानी, अंबानी ने। किसानों ने अपने खून से आजादी दिलाई, जिस दिन खाद्य सुरक्षा चली जाएगी, हमारी आजादी चली जाएगी। इस देश के लोग यह नहीं समझ पा रहे हैं कि किसानों के बाद मध्यम वर्ग, मजदूर, श्रमिक, आईटी पेशेवर अगला लक्ष्य होंगे।

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘कुछ साल पहले केंद्र सरकार ने भूमि अधिग्रहण विधेयक के माध्यम से किसानों की जमीन छीनने का प्रयास किया था। कांग्रेस ने उसे रोका। भाजपा एक बार फिर किसानों पर आक्रमण कर रही है।’’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है। सरकार को ये तीनों कानून वापस लेने होंगे। सरकार जब तक ये कानून वापस नहीं लेगी तब तक कांग्रेस पीछे नहीं हटने वाली है।’’

इससे पहले, राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘देश के अन्नदाता अपने अधिकार के लिए अहंकारी मोदी सरकार के ख़िलाफ़ सत्याग्रह कर रहे हैं। आज पूरा भारत किसानों पर अत्याचार व पेट्रोल-डीज़ल के बढ़ते दामों के विरुद्ध आवाज़ बुलंद कर रहा है। आप भी जुड़िये और इस सत्याग्रह का हिस्सा बनिये।’’

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस ने शुक्रवार को ‘किसान अधिकार दिवस’ मनाया। इसके तहत पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया और राज्यपालों एवं उप राज्यपालों को ज्ञापन सौंपें। मुख्य विपक्षी पार्टी ने आंदोलनकारी किसानों के समर्थन में ‘स्पीकअप फॉर किसान अधिकार’ हैशटैग से सोशल मीडिया अभियान भी चलाया।

Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्‍लिक कर सकते हैं।

Related posts