नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 47 सीटें जीतीं, 2 पर आगे; ओवैसी की पार्टी तीसरे नंबर पर फिसली

हैदराबाद नगर निगम चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। अब तक की काउंटिंग में तेलंगाना राष्ट्रवादी समिति (TRS) सबसे आगे है। उसे 55 सीटें मिल चुकी हैं। एक सीट पर पार्टी आगे है। सबसे ज्यादा फायदे में भाजपा रही। उसे 47 सीटें मिल चुकी हैं और 2 पर वह आगे चल रही है।

भाजपा ने यहां असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM को तीसरे नंबर पर धकेल दिया है। AIMIM को 43 सीटें मिली हैं। कांग्रेस सिर्फ 2 सीटें जीत पाई। शुक्रवार सुबह 8 बजे 150 सीटों के शुरुआती रुझानों में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी नजर आ रही थी। उसे 79 सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही थी। वहीं, पिछला चुनाव जीतने वाली TRS 35 पर सिमटती दिखी।

इसके बाद दोपहर करीब एक बजे खेल पलट गया। TRS ने यहां बढ़त बना ली। यह बढ़त आखिर तक बनी रही। हालांकि भाजपा के उभार से सबसे ज्यादा नुकसान TRS को ही हुआ है। पार्टी को पिछले चुनाव में 99 सीटें मिली थीं। इस बार वह 60 सीटें भी नहीं जीत पाई। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि तेलंगाना के लोगों ने पीएम मोदी पर भरोसा जताया है।

TRS ने माना- नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं

चुनाव के नतीजे साफ होने के बाद TRS के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव ने कहा कि रिजल्ट हमारी उम्मीदों के मुताबिक नहीं हैं। हमारी 20 से 25 सीटें कम आई हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के बेटे के.टी. रामा राव ने कहा कि हमें 10 से 12 सीट पर 100-200 वोट से हार मिली है। हालांकि, उन्होंने कहा कि पार्टी को इस नतीजे से निराश नहीं होना चाहिए। ग्रेटर हैदराबाद के लोगों ने टीआरएस को सबसे बड़ी पार्टी बनाया है।

13 साल पहले ही GHMC का गठन हुआ था
इस बार 1 दिसंबर को वोटिंग हुई थी। GHMC के 150 वार्डों पर 1,122 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव इस बार बेहद खास माने जा रहे हैं, क्योंकि भाजपा ने चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। 2007 में ही GHMC का गठन हुआ था।

अब तक GHMC के 2 चुनाव हुए

2016 की स्थिति

पार्टी कितनी सीटें
TRS 99
AIMIM 44
भाजपा 4
कांग्रेस 2
TDP 1
कुल 150

2009 की स्थिति

पार्टी कितनी सीटें
कांग्रेस 52
TDP 45
AIMIM 43
भाजपा 4
अन्य 5
कुल 149

इस बार शाह ने मोर्चा संभाला था
गृह मंत्री अमित शाह 29 नवंबर को हैदराबाद पहुंचे थे। वे चार मीनार पर स्थित भाग्यलक्ष्मी मंदिर गए और सिकंदराबाद में रोड शो किया था। इसके बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर TRS सरकार पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा- चंद्रशेखर राव (KCR) जी से पूछना चाहता हूं कि आप ओवैसी की पार्टी से समझौता करते हैं, इससे हमें कोई दिक्कत नहीं है। लोकतंत्र में किसी भी पार्टी से समझौता या गठबंधन किया जा सकता है। दिक्कत है कि आपने एक कमरे में ईलू-ईलू करके सीटें बांट लीं।

सिकंदराबाद में अमित शाह ने बस के ऊपर बने प्लेटफॉर्म पर चढ़कर रोड शो किया था।

ओवैसी की तरफ से अवैध रोहिंग्या मुस्लिमों के शहर में होने के सवाल पर शाह ने कहा था- जब मैं एक्शन लेता हूं, तो वे संसद में बवाल करते हैं। उनसे कहिए कि मुझे लिखकर दें कि रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को निकाला जाना है।

इस बार भी 50% वोटिंग नहीं हई
इस बार GHMC चुनाव में 46.55% वोटिंग हुई। 2009 के 42.04% तो 2016 के चुनाव में 45.29% लोगों ने ही वोट डाला। हालांकि पिछले 2 चुनाव से ज्यादा इस बार मतदान हुआ।

GHMC में 24 विधानसभा, 5 लोकसभा सीटें
GHMC देश के सबसे बड़े नगर निगमों में से एक है। यह नगर निगम 4 जिलों में है, जिनमें हैदराबाद, मेडचल-मलकाजगिरी, रंगारेड्डी और संगारेड्डी शामिल हैं। पूरे इलाके में 24 विधानसभा क्षेत्र हैं तो तेलंगाना की 5 लोकसभा सीटें आती हैं। यही वजह है कि GHMC चुनाव में KCR से लेकर भाजपा, कांग्रेस और ओवैसी तक की साख दांव पर लगी है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

Asaduddin Owaisi BJP: Hyderabad Nagar Nigam Election Result 2020 Update | GHMC Hyderabad Latest News; Yogi Adityanath Asaduddin Owaisi

Source: DainikBhaskar.com

Related posts