युवाओं पर भारी पड़ रही लापरवाही, 26 से 60 साल के बीच 45% मरीजों ने जान गंवाई; स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- सतर्क हो जाएं; अब तक 72.44 लाख केस

कोरोना को हल्के में लेना युवाओं और कम उम्र के लोगों पर भारी पड़ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार संक्रमण से कम उम्र के मरीजों की भी मौत तेजी से बढ़ने लगी है। अब तक जान गंवाने वाले 45% मरीज ऐसे थे जिनकी उम्र 26 से 60 साल के बीच थी।

मंत्रालय ने युवाओं को आगाह किया है। कहा, कि अगर आप ये सोचते हैं कि कोरोना केवल बुजुर्ग लोगों की जान ले रहा है तो ये गलत है। आंकड़ों से साफ है कि कम उम्र के लोगों की मौतें भी अब तेज हो रही हैं। इसलिए अब हर उम्र के लोगों को इससे सतर्क रहने की जरूरत है।

आंकड़ों के मुताबिक जान गंवाने वाले सबसे ज्यादा 70% मरीज पुरुष थे, जबकि 30% मरीज महिलाएं थीं। इनमें 53% मरने वाले मरीजों की उम्र 60 साल से अधिक थी।

मरीजों का आंकड़ा 72.44 लाख हो गया

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 72 लाख 44 हजार 113 हो गया है। इनमें 8 लाख 27 हजार 373 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 63 लाख 4 हजार 946 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते 1 लाख 10 हजार 686 लोगों की मौत हो चुकी है।

टेस्टिंग का आंकड़ा 9 करोड़ के पार

भारत में कोरोना टेस्टिंग का आंकड़ा नौ करोड़ के पार हो गया है। हर दिन 10 से 12 लाख टेस्टिंग की जा रही हैं। सबसे ज्यादा एक लाख से अधिक टेस्ट उत्तरप्रदेश और बिहार में किए जा रहे हैं। दुनिया के दूसरे देशों से तुलना करें तो सबसे ज्यादा 16 करोड़ टेस्टिंग चीन ने की है। 12 करोड़ 5 हजार टेस्टिंग के साथ अमेरिका दूसरे नंबर पर है। भारत तीसरे नंबर पर है।

टेस्टिंग में तीसरे नंबर पर भारत

कोरोना अपडेट्स

  • महाराष्ट्र में 31 अक्टूबर तक सभी स्कूल, कॉलेज, एजुकेशनल और कोचिंग इंस्टीट्यूट बंद रहेंगे। इस दौरान ऑनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी, लेकिन छात्र स्कूल नहीं जा सकेंगे। किसी तरह की एक्टिविटी पर भी रोक है।
  • कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने राज्य के मंत्रियों और अफसरों के साथ बुधवार को कोविड-19 के हालात का जायजा लिया। इसमें उन्होंने संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए अहम कदम उठाने का निर्देश दिया।
  • महाराष्ट्र सरकार ने गुरुवार 15 अक्टूबर से राज्य में मेट्रो ट्रेन शुरू करने का फैसला लिया है। सरकार के मुताबिक, ट्रेनों को अलग-अलग फेज में शुरू किया जाएगा। मुंबई मेट्रो 19 अक्टूबर से शुरू हो जाएगा। मेट्रो कॉरपोरेशन की ओर से ट्वीट करके इसकी जानकारी दी गई।
  • उत्तराखंड कैबिनेट ने 1 नवंबर से 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए स्कूल खोलने का फैसला लिया है। स्टेट कैबिनेट मिनिस्टर मदन कौशिक ने यह जानकारी दी।
  • महाराष्ट्र में बुधवार को 98 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए और एक जवान की मौत हो गई। अब तक 2052 पुलिसकर्मी संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 263 की जान जा चुकी है।

पांच राज्यों का हाल

1. मध्यप्रदेश

राज्य में मंगलवार को 1463 केस आए, 1708 लोग ठीक हुए और 26 मरीजों की मौत हो गई। अब तक कुल 1 लाख 49 हजार 761 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 1 लाख 32 हजार 429 लोग ठीक हो चुके हैं, 14 हजार 661 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि संक्रमण से 2671 मरीजों की मौत हो चुकी है। राज्य में अब तक 24.5 लाख लोगों की जांच हो चुकी है।

2. राजस्थान

राज्य में मंगलवार को 2035 लोग संक्रमित पाए गए, 1768 लोग ठीक हुए और 14 मरीजों की मौत हो गई। अब तक कुल 1 लाख 63 हजार 219 लोग संक्रमित पाए गए। इनमें से 1 लाख 39 हजार 616 लोग ठीक हो गए, 21 हजार 924 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1679 की मौत हो चुकी है। राज्य में अब तक 33.9 लाख लोगों की जांच हो चुकी है।

3. बिहार

राज्य में मंगलवार को 1223 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए, 1030 लोग ठीक हुए और छह मरीजों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 98 हजार 223 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं, इनमें से 1 लाख 76 हजार 623 लोग ठीक हो चुके हैं, 10 हजार 638 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 961 मरीजों की मौत हो चुकी है। राज्य में अब तक 85.70 लाख जांच की जा चुकी हैं।

4. महाराष्ट्र

मंगलवार को लगातार दूसरे दिन राज्य में 10 हजार से कम मरीज मिले। पिछले 24 घंटे में 8522 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अच्छी बात है कि ठीक होने वालों की संख्या 15 हजार 356 रही। 187 मरीजों की मौत हो गई।यहां अब तक संक्रमण के कुल 15 लाख 43 हजार 837 केस आ चुके हैं। इनमें से 12 लाख 97 हजार 252 लोग ठीक हो चुके हैं, 2 लाख 5 हजार 415 का इलाज चल रहा है, जबकि 40 हजार 701 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में अब तक 77.6 लाख लोगों की जांच हो चुकी है।

5. उत्तरप्रदेश
राज्य में मंगलवार को 2957 नए मरीज मिले, 3662 लोग ठीक हुए और 28 मरीजों की मौत हो गई। यहां अब तक संक्रमण के 4 लाख 42 हजार 118 केस आ चुके हैं। इनमें से 3 लाख 97 हजार 570 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 38 हजार 82 का इलाज चल रहा है, 6466 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में अब तक 1.2 करोड़ लोगों की जांच हो चुकी है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

Coronavirus Outbreak India Cases LIVE Updates; Maharashtra Pune Madhya Pradesh Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today Mumbai Delhi Coronavirus News

Source: DainikBhaskar.com

Related posts