एक दिन में रिकॉर्ड 29 हजार केस बढ़े, बिहार में 16 से 31 और बंगाल के रेड जोन में 19 जुलाई तक लॉकडाउन; देश में अब तक 9.16 लाख केस

देश में संक्रमितों की संख्या 9 लाख 37हजार 487 हो गई है। अब तक 5 लाख 93 हजार 80 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 3 लाख 19 हजार 703 लोगों का इलाज चल रहा है। 24, 315 लोगों की जान जा चुकी है। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।

मंगलवार को देश में 29 हजार 842 नए केस बढ़े। ये एक दिन में अब तक की सबसे ज्यादा आंकड़े हैं। इसके पहले 13 जुलाई को सबसे ज्यादा 28 हजार 178 नए केस बढ़े थे।इस बीच राहत की बात ये भी है कि 20 हजार 968 मरीज ठीक भी हुए। ये भी एक दिन में ठीक होने वाले मरीजों का सबसे ज्यादा आंकड़ा है।

इस बीच, कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने राज्य में 15 दिनों का पूर्ण लॉकडाउन लगा दिया है। बिहार में 16 से लेकर 31 जुलाई तक लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान राज्य के सभी जिला मुख्यालय, अनुमंडल, ब्लॉक मुख्यालय, शॉपिंग मॉल, धार्मिक स्थल, सार्वजनिक परिवहन बंद रहेंगे। रेलवे और हवाई सेवा जारी रहेंगी। बिहार के 10 जिलों पटना, भागलपुर, पूर्णिया, बक्सर, नवादा, कैमूर, मोतिहारी, मुंगेर, खगड़िया और किशनगंज में पहले से ही लॉकडाउन लागू है।

उधर, पश्चिम बंगाल की ममता सरकार ने भी राज्य के सभी कंटेनमेंट इलाकों में लॉकडाउन 19 जुलाई तक बढ़ा दिया है। पहले ये 14 जुलाई तक ही लागू की गई थी। राज्य सरकार ने कहा कि संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए ये जरूरी कदम है।

इन राज्यों के कुछ शहरों में भी लॉकडाउन

  • महाराष्ट्र: पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ में 14 जुलाई से 18 जुलाई तक लॉकडाउन लागू रहेगा।
  • उत्तरप्रदेश: राज्य में हर शनिवार और रविवार को लॉकडाउन रहेगा। वाराणसी में पांच दिनों (सोमवार से शुक्रवार) तक आधे दिन का लॉकडाउन लागू किया गया है। पाबंदियां रोजानाशाम के चार बजे के बाद लागू हो जाएंगी।
  • कर्नाटक: आज रात से बेंगलुरु समेत दक्षिण कर्नाटक में एक हफ्ते का लॉकडाउन लागू किया जा रहा है।इसके अलावा,श्रीनगर में रेड जोन इलाकों को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। प्रशासन के मुताबिक, इस दौरान लोगों को घरों से निकलने की इजाजत नहीं है।

गृह मंत्रालय ने बुलाई बैठक :कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए गृह मंत्रालय ने बुधवार को पार्लियामेंट्री स्टैंडिंग कमेटी की बैठक बुलाई है। इसमें देशभर में कोरोना के बढ़ते हुए मामलों को लेकर कई फैसले लिए जा सकते हैं। बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित अन्य केंद्रीय मंत्री और सांसद शामिल होंगे।

LIVE UPDATES :

  • दो वैक्सीन का ह्यूमन ट्रायल इसी महीने:इंडियन काउंसिल फॉर मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के डायरेक्टर जनरल बलराम भार्गव ने एक अच्छी खबर दी। उन्होंनेबताया कि देश में कोरोना के दो वैक्सीन पर काम चल रहा है। इनका चूहों और खरगोश पर ट्रायल हो चुका है। वैज्ञानिकों ने इसकी रिपोर्ट डायरेक्टर जनरल हेल्थ को दे दी है। इसके पास होते ही इस महीने के आखिर से इन वैक्सीन का ह्यूमन ट्रायल शुरू कर देंगे। डॉ. भार्गव ने बताया कि भारत में कोरोना की दवा पर फास्ट ट्रैक मोड में काम चल रहा है। यहां वैक्सीन ट्रायल के लिए 1000 वॉलंटियर तैयार हैं।

  • दुनिया में उपयोग होने वाली 60% दवाएं भारत में बनती हैं :भार्गव ने कहा कि अमेरिका में उपयोग में लाई जाने वाली दवाओं में 60% दवाएं भारत में बनी हुई हैं। पूरी दुनिया में उपयोग में आने वाली 60% वैक्सीन भारत में बनता है। ये बात दुनिया के हर देश को पता है। इसलिए वो सभी भारत के संपर्क में हैं।

  • रिकवरी रेट दो महीने में 63% हुआ :आईसीएमआर ने बताया कि मई में मरीजों के ठीक होने की रफ्तार करीब 26% थी, जो मई के अंत तक बढ़कर 48% हो गई। अब रिकवरी रेट 63 % तक पहुंच गया है। मतलब हर 100 मरीज में 63 मरीज ठीक हो जा रहे हैं। राहत की बात है कि 20 राज्यों में रिकवरी रेट नेशनल रिकवरी रेट से भी ज्यादा है।

  • इस बार 15 अगस्त तक कई पाबंदियां होंगी :कोरोनावायरस का असरइस बार स्वतंत्रता दिवसपर भी पड़ेगा।सूत्रों के मुताबिक, 15 अगस्त कोलाल किले पर होने वाले कार्यक्रम में कई पाबंदियां होंगी।जैसे सिर्फ 20%वीवीआईपी याअन्य लोगही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के गवाह होंगे। इसके अलावा, स्कूली बच्चों को कार्यक्रम में शामिल नहीं किया जाएगा। डिफेंस सेक्रेटरी अजय कुमार और एएसआई डायरेक्टर-जनरल पिछले हफ्ते यहां का विजिट कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि इस बार कार्यक्रम पूरी तरह से अलग होगा। सिटिंग अरेंजमेंट भी बदला जाएगा।बच्चों के अलावा, कैडेट्स और नेशनल कैडेट क्रॉप्स भी इसका हिस्सा नहीं होंगे।

  • सोमवार को 28 हजार नए मामले आए :केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार सुबह अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 28 हजार 498 मामले सामने आए। वहीं, 553 लोगों की मौत हुई। इसके साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 9 लाख 06 हजार 752 हो गई है। इनमें से 3 लाख 11 हजार 565 सक्रिय मामले हैं। वहीं, 5 लाख 71 हजार 460 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 23 हजार 727 लोगों की मौत हो चुकी है।
  • 1.20 करोड़ लोगों कीजांच हुई:आईसीएमआर के मुताबिक, देश में 13 जुलाई तक कोरोना के लिए 1 करोड़ 20 लाख 92 हजार 503 सैंपल का टेस्ट किया गया। इनमें से 2 लाख 86 हजार 247 सैंपल का टेस्ट 24 घंटे में किया गया।
  • जम्मू कश्मीर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कोरोना पॉजिटिव :जम्मू-कश्मीर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना कोरोनासंक्रमित पाए गए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।उधर, रैना के संपर्क में आने के बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह सेल्फ क्वारैंटाइन हो गए हैं।
यह फोटो दिल्ली के सरदार पटेल कोविड केयर सेंटर एंड हॉस्पिटल का है। यहां रोजाना सुबह आईटीबीपी द्वारा योग सेशन कराया जाता है। इस सेंटर में अब तक 180 मरीज एडमिट हैं।

5 राज्यों का हाल
मध्यप्रदेश:
प्रदेश में कोरोना संक्रमण रोजाना तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को 798 पॉजिटिव मिलने के साथ कुल मरीजों की संख्या 19005 तक पहुंच गई। 10लोगों की कोरोना से मौत हो गई। इसी के साथ राज्य में मरने वालों का आंकड़ा673 हो गया।4757 मरीजों का अभी विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

उधर, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि लॉकडाउन का फैसला स्थानीय स्तर पर क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक में लिया जाता है। शासन स्तर पर कोई प्रस्ताव लंबित नहीं है। फिलहाल राज्य में स्थायी लॉकडाउन की कोई प्लानिंग नहीं है।

महाराष्ट्र: राज्य में मंगलवार को कोरोना के 6741 नए मामले सामने आए, 4500 डिस्चार्ज किए गए और 213 मौतें दर्ज की गईं। राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 2,67,665 हो गई, जिनमें 1,49,007 रिकवर मामले, 10,695 मौतें और 1,07,665 सक्रिय मामले शामिल हैं। वहीं, मुंबई 969 नए मामले दर्ज किए गए, जिससे सक्रिय मामलों की संख्या 22,828 हो गई। मुंबई में पिछले 48 घंटों में 70 से अधिक मरीजों की जान जाने के साथ मरने वालों का आंकड़ा 5,402 पर पहुंच गया है। रिकवरी रेट 70 प्रतिशत है।

स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के अनुसार राज्‍य में कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 2,60,924 तक पहुंच चुका है, जिसमें से 1,44,507 मरीजों को स्‍वस्‍थ होने के बाद अस्‍पताल से घर भेज दिया गया है। 1,05,637 मरीज सक्रिय हैं जिनका विभिन्‍न कोविड 19 अस्‍पतालों में इलाज चल रहा है। राज्‍य में अब तक 10,482 लोगों की इस संक्रमण के कारण मौत हो चुकी है।

उत्तरप्रदेश:राज्य में मंगलवार को 1656 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं जबकि 778 ठीक होकर घर गए हैं। 28 मरीजों की मौत हुई है। अब प्रदेश में 13760 एक्टिव कोरोना पॉजिटिव मरीज हैं। अब तक 24981 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। कुल 983 मरीजों की मौत हो चुकी है। कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 39,724 होगया है।

प्रदेश में सबसे अधिक कोरोना पॉजिटिव एक्टिव मरीज राजधानी लखनऊ में हैं।रिपोर्ट के अनुसार 1591 एक्टिव मरीज लखनऊ में हैं। नंबर दो पर गाजियाबाद है। जहां 1295 एक्टिव मरीज हैं। नंबर तीन पर 851 मरीज के साथ नोएडा है। जबकि कानपुर नगर में 687, झांसी में 496, मेरठ में 474, वराणसी में 451 एक्टिव मरीज हैं।

राजस्थान: राज्यमें मंगलवार को कोरोना के 635 नए मामले सामने आए, छह मौतें हुईं, 539 रिकवर हुए और 488 डिस्चार्ज किए गए। कुल मामलों की संख्या बढ़कर अब 25571 हो गई, जिनमें 524 मौतें, 19169 रिकवर और 18687 डिस्चार्ज शामिल हैं। राज्य में एक जुलाई के बाद से कोरोना के मामले तेजी से बढ़े हैं। हर रोज औसतन 400 से 500 मामले सामने आ रहे हैं।

बिहार: राज्य मेंमंगलवार को 1432 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।अब राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 18853 हो गयी है। वहीं पिछले 24 घंटे में दो चिकित्सकों की कोरोना से मौत हो गई है। मंगलवार की सुबह पटना एम्स अस्पताल में व‍िगत कई द‍िनों से जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे कोरोना संक्रमित वर‍िष्‍ठ ईएनटी सर्जन डॉक्टर एनके स‍िह की मौत हो गई। वहीं, गया के भी एक चिकित्सक की कोरोना से मौत हो गई है। सोमवार को भोजपुर के एक अधिवक्ता समेत 10 लोगों की मौत हो गई है। जबकि, गया में आज एक साथ छह लोगों की मौत हो गई जिसमें एक कोरोना संक्रमित और पांच संदिग्ध मरीज थे।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

फोटो बिहार में पटना शहर की है। यहां 16 जुलाई से लॉकडाउन लागू हो जाएगा। मंगलवार को कोविड-19 सेंटर पर स्वास्थ्यकर्मी ने लोगों से स्वाब सैंपल लिए।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts