सरकार ने सैनिटाइजर और मास्क को जरूरी चीजों की लिस्ट में डाला, 11 राज्यों में स्कूल-कॉलेज बंद, सुप्रीम कोर्ट में अब सिर्फ अर्जेंट हियरिंग

नई दिल्ली.देश में कोरोनावायरस के मामलों की संख्या शुक्रवार को 81हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इसमें भारत के 64, इटली के 16 और कनाडा का एक व्यक्ति शामिल है। सरकार ने सैनिटाइजर और मास्क को जरूरी चीजों की लिस्ट में डाल दिया है ताकि इनकी कालाबाजारी ना की जा सकते। 11 राज्यों में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए। उत्तराखंड, ओडिशा, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, बिहार, मणिपुर, महाराष्ट्र, पंजाब और छत्तीसगढ़ में स्कूलों-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। संक्रमण की आशंका के मद्देनजर सुप्रीम कोर्ट में अब केवल अर्जेंट मामलों की ही सुनवाई होगी। कोर्ट रूममें नागरिकों की एंट्री पर भी बैन लगा दी गई है।
दिल्ली और हरियाणा ने कोरोनावायरस को महामारी और ओडिशा ने आपदा घोषित किया है। दिल्ली सरकार ने कहा कि अगर कोई संक्रमित या संदिग्ध इलाज से इनकार करता है तो उस पर एक्शन लिया जाएगा।

इटली-ईरान से नागरिकों को लाने के लिए विमान भेजेगा एयर इंडिया

कोरोनावायरस से बुरी तरह प्रभावित ईरान से 44 भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का विमान शुक्रवार को मुंबई पहुंचा। इन सभी लोगों को आइसोलेशन में रखा जाएगा। ईरान के अलग-अलग प्रांतों में 6 हजार से ज्यादा नागरिक फंसे हुए हैं। सरकार इन्हें वापस लाने के प्रयास कर रही है।एयर इंडिया इटली में फंसे 300 नागरिकों को लाने के लिए विमान भेजेगा।एयर इंडिया ने शुक्रवार कोइटली, फ्रांस, जर्मनी, स्पेन, दक्षिण कोरिया और श्रीलंका की उड़ानें 30 अप्रैल तक रद्द करने का फैसला लिया है। नागरिक उड्‌डयन मंत्रालय की संयुक्त सचिव रुबीना अली ने कहा कि एयर इंडिया का विमान- शनिवार दोपहर रवाना होगा और रविवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेगा।

मास्क की कालाबाजारी पर 7 साल की सजा हो सकती है
कोरोनावायरस संक्रमण के बढ़ते असर को देखते हुए भारत सरकार ने शुक्रवार को बड़ा कदम उठाते हुए एन 95 मास्क और हैंड सैनिटाइजर आवश्यक वस्तु श्रेणी में शामिल कर लिया है ताकि इनकी कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके। इस कदम के बाद केंद्र और राज्य कोरोनावायरस के बचाव के काम में आने वाली इन चीजों के उत्पादन, गुणवत्ता और डिस्ट्रिब्यूशन को नियंत्रित कर सकेंगे। सरकार ने कहा है कि ये आदेश 30 जून महीने के आखिर तक प्रभावी रहेगा। इसमें मास्क (2 प्लाई और 3 प्लाई सर्जिकल मास्क, N95 मास्क) और हैंड सेनिटाइजर्स को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रखा गया है। इस अधिनियम का उल्लंघन करने पर 7 साल तक की सजा का प्रावधान है।

मोदी की सार्क देशों से अपील- मिलकर कोरोना के खिलाफ रणनीति बनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपील की है कि सार्क देशों के नेता मिलकर कोरोनावायरस से लड़ने के लिए मजबूत रणनीति बनाएं। हम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपने नागरिकों को स्वस्थ रखने पर चर्चा कर सकते हैं। मोदी ने गुरुवार को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से भी फोन पर इस मुद्दे पर चर्चा की थी।

जम्मू में मेडिकल कॉलेज के बाहर लोगों को मास्क बांटते कार्यकर्ता।

आईपीएल 15 अप्रैल तक टाला गया
बीसीसीआई ने आईपीएल को 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया है। पहले यह टूर्नामेंट 29 मार्च से होना था, लेकिन कोरोनोवायरस और विदेशियों के वीजा पर प्रतिबंध होने की वजह से बीसीसीआई ने फिलहाल इसे नहीं कराने का फैसला लिया है।

भारत-बांग्लादेश के बीच बस और ट्रेन सेवाएं 15 अप्रैल तक बंद

गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव अनिल मलिक ने कहा कि भारत-बांग्लादेश के बीच बस और ट्रेन सेवाएं 15 अप्रैल तक रोक दी गई है। भारत-नेपाल सीमा पर 4 चेकपोस्ट खुले रहेंगे। भूटान और नेपाल के लोगों के लिए वीजा फ्री एंट्री जारी रहेगा।

राज्यों में स्थिति
उत्तरखंड:
सरकार ने सभी स्कूल बंद कर दिए हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सभी होटलों को एडवाइजरी जारी की है। विदेशियों को ठहराने से पहले सभी ऐहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।
ओडिशा: सरकार ने कोरोनावायरस को आपदा घोषित किया है। 31 मार्च तक राज्य में सभी स्कूल बंद रहेंगे। सिर्फ परीक्षा के लिए स्कूल खोलने की छूट दी गई है। सिनेमा हॉल, स्वीमिंग पुल और जिम भी बंद रहेंगे। गैर-जरूरी सेमिनार, वर्कशॉप और कॉन्फ्रेंस भी 31 मार्च तक नहीं होंगे। धार्मिक कार्यक्रमों, शादी, रिसेप्शन और पार्टी स्थानीय अधिकारियों की देखरेख में होंगे। विधानसभा की कार्यवाही 29 मार्च तक स्थगित।
हरियाणा: हरियाणा ने कोरोनावायरस को महामारी घोषित कर दिया है। यह 1 साल की अवधि के लिए मान्य रहेगा। हरियाणा ऐसा करने वाला पहला राज्य है। रोहतक में कोर्ट ने प्राइमरी स्कूलों में 2 हफ्ते की छुट्‌टी करने के आदेश दिए हैं।
दिल्ली: केजरीवाल सरकार ने भी कोरोना को महामारी घोषित किया है। यहां 31 मार्च तक स्कूल-कॉलेज और सिनेमा हॉल बंद रहेंगे। खेल से जुड़े सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। जवाहरलाल नेहरू और जामिया यूनिवर्सिटी ने 31 मार्च तक सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है। परीक्षाएं, लेक्चर, कॉन्फ्रेंस, सेमिनार और वर्कशॉप रद्द कर दिए हैं। राष्ट्रपति भवन संग्रहालय परिसर को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश: सरकार ने 22 मार्च तक सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर परीक्षाएं चल रही हैं तो स्कूल बंद नहीं होंगे। अभी तक उत्तरप्रदेश में संक्रमण के 11 मामले सामने आ चुके हैं।

मध्यप्रदेश: सरकार ने 12वीं तक के सभी स्कूल, यूनिवर्सिटी बंद कर दिएहैं। हालांकि स्कूल शिक्षा विभाग के मुताबिक,10वीं और 12वीं की परीक्षाएं यथावत जारी रहेंगी। इसके अलावा 15 मार्च से भोपाल के ऐशबाग, ध्यानचंद स्टेडियम और साई सेंटर पर होने वाले नेशनल हॉकी टूर्नामेंट को भी टाल दिया गया है। 31 मार्च तक सिनेमा घर भी बंद कर दिए गए हैं।

बिहार: सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। सरकारी स्कूलों के बंद रहने तक इनमें पढ़ने वाले बच्चों के मिड-डे- मील के पैसे उनके बैंक खाते में आएंगे। 22 मार्च को बिहार दिवस पर होने वाले सभी कार्यक्रम रद्द किए गए।

जम्मू-कश्मीर: स्पोर्ट्स काउंसिल ने 31 मार्च तक सभी खेल गतिविधियों पर रोक लगा दी है। शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ने अपने सभी कर्मचारियों की छुट्‌टी रद्द कर दी है, जिससे मेडिकल सेवाएं बाधित नहीं हो।जम्मू के सभी शॉपिंग मॉल, जिम, स्विमिंग पूल, मनोरंजक क्लब तत्काल प्रभाव से बंद रहेंगे।
मणिपुर: स्कूल-कॉलेज 31 मार्च तक बंद किए गए हैं। यहां शुक्रवार को होने वाला गृह मंत्री अमित शाह का दौरा भी रद्द किया गया। मणिपुर में म्यांमार सीमा से होने वाले व्यापार भी फिलहाल रोक लगा दी गई है।
केरल: सरकार ने विधानसभा की कार्यवाही 8 अप्रैल तक स्थगित की। एडवाजयरी जारी की गई।
महाराष्ट्र: सरकार ने स्कूलों में मास्क बांटने और सार्वजनिक स्थानों पर सैनिटाइजर उपलब्ध करवाने का ऐलान किया। पुणे और पिंपरी-चिंचवड में दो हफ्ते तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
कर्नाटक: मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने सभी मॉल, सिनेमा हॉल, पब, शादी समारोह और बड़े पैमान पर होने वाले गतिविधियों पर अगले एक सप्ताह तक रोक लगा दी है।गूगल के बेंगलुरु ऑफिस में एक कर्मचारी में कोरोनावायरस के लक्षण दिखाई दिए। उसे आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। कंपनी ने सभी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा है। राज्य में संक्रमण से पहली मौत हुई है। यहां मंगलवार को एक 75 वर्षीय संदिग्ध की मौत हो गई थी। गुरुवार को आई रिपोर्ट में उसे कोरोनावायरस पॉजिटिव बताया गया।
पंजाब: अटारी-वाघा बॉर्डर से आने वालों पर भी रोक लग गई। इनमें पाकिस्तानी नागरिकों के अलावा अफगानिस्तान से माल लेकर आने वाले ट्रक ड्राइवर भी शामिल रहेंगे। यहां भी स्कूल-कॉलेज और सरकारी ऑफिसों को 31 मार्च तक बंद कर दिया गया है।विदेश से लौटे दो आईएएस और दो आईपीएस अधिकारियों को 14 दिन तक अपने घरों में रहने के आदेश दिए गए हैं।

छत्तीसगढ़: सरकार ने 31 मार्च तक स्कूल-कॉलेज बंद किए। यहां दिल्ली से लौटी दो छात्राओं को सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। हालांकि, इनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।

सरकार ने अब तक क्या कदम उठाए?

  • केंद्र सरकार ने कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों के बाद बुधवार को यात्रा और वीजा से जुड़े प्रतिबंध लगाए थे। इसके तहत भारत आने वाले विदेशी नागरिकों के वीजा 13 मार्च से 15 अप्रैल तक के लिए सस्पेंड कर दिए गए हैं।
  • स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अब तक देश के एयरपोर्ट्स पर विदेशों से आए 10 लाख 57 हजार 506 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है।
  • सामुदायिक निगरानी के लिए 35 हजार लोगों को तैनात किया गया है। संक्रमित लोगों को ट्रैक करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।
  • 17 जनवरी को सबसे पहले 7 एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग शुरू की गई थी, जो अब बढ़ाकर 30 कर दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने सांसदों से अपील की कि वे अपने चुनाव क्षेत्र में कोरोनावायरस को लेकर जागरूकता फैलाएं।
  • हर्षवर्धन के मुताबिक, देश में कोरोनावायरस की जांच के लिए 51 लैब और 56 कलेक्शन सेंटर बनाए गए हैं। 100 कोऑर्डिनेशन सेंटर हैं।
  • भारत सरकार ईरान में वैज्ञानिक, लैबोरेटरी और उपकरण भेजेगी। ईरान ने कहा था कि उनके पास जांच की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
  • संक्रमितों के लिए 7 और क्वारेंटाइन सेंटर जैसलमेर, सूरतगढ़, झांसी, जोधपुर, देओलाली, कोलकाता और चेन्नई में बनाए गए।
  • सभी राज्यों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
राज्यों के लिए जारी हेल्प लाइन नंबर

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

Coronavirus Bangalore Karnataka | Coronavirus India Death Toll Cases Latest Updates; Google Bengaluru, Karnataka Man Coronavirus Death, 120 Indian From Iran To Reach Jaisalmer Today

Coronavirus Bangalore Karnataka | Coronavirus India Death Toll Cases Latest Updates; Google Bengaluru, Karnataka Man Coronavirus Death, 120 Indian From Iran To Reach Jaisalmer Today

ईरान में फंसे 250 भारतीय 15 मार्च को निकाले जाएंगे।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts