यस बैंक: राणा कपूर ने 2 करोड़ में खरीदी थी प्रियंका गांधी की पेंटिंग्स, बीजेपी ने घेरा तो बचाव में आई कांग्रेस – Navbharat Times

हाइलाइट्स

  • कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की पेंटिंग्स यूपीए सरकार के दौरान राणा कपूर ने खरीदी
  • 2 करोड़ रुपये के लेनदेन की जांच अब इनकम टैक्स डिपार्टमेंट कर रहा है, बीजेपी ने भी घेरा
  • कांग्रेस ने कहा, इससे कोई लिंक साबित नहीं होता, खरीदार को नहीं देखा जाता, जो पैसे देता है खरीद लेता है

नई दिल्ली

यस बैंक को लेकर सरकार को घेर रही कांग्रेस पार्टी अब प्रियंका गांधी और बैंक के फाउंडर राणा कपूर के बीच ‘सौदे’ पर सफाई देती फिर रही है तो बीजेपी ने कहा है कि भारत में हर वित्तीय अपराध गांधी परिवार से जुड़ा होता है। राणा कपूर की गिरफ्तारी के बाद यह जानकारी सामने आई है कि कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की पेंटिंग्स राणा कपूर ने 2 करोड़ रुपये में खरीदी थी।

शनिवार को ईडी के छापे के बाद राणा कपूर को आज सुबह गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार को बीजेपी ने राणा कपूर के साथ पी. चिदंबरम की तस्वीरें दिखाते हुए कांग्रेस पार्टी को घेरा था। हमारे सहयोगी चैनल टाइम्स नाउ को मिली जानकारी के मुताबिक, यूपीए सरकार के दौरान प्रियंका गांधी की पेंटिंग्स को राणा कपूर ने 2 करोड़ रुपये में खरीदा था। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट भी इस मामले की जांच में जुटा है।

यह भी पढ़ें: Yes Bank: कौन हैं राणा कपूर? जानें हर बात



कांग्रेस पार्टी की सफाई


कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका गांधी और राणा कपूर के बीच हुए सौदे को स्वीकार किया है। हालांकि, पार्टी इसे दोनों के बीच ‘लिंक’ मानने से इनकार कर रही है। पार्टी नेता राशिद अल्वी ने कहा, ‘इससे क्या होगा। अगर प्रियंका गांधी ने कोई चीज बेची है और किसी ने खरीदी है, खरीदार को देखा नहीं जाता। जो पैसे देता है वह खरीद लेता है। अगर मोदी जी चाहते तो मोदी जी खरीद लेते। तो क्या आप यह आरोप लगाते कि सारी सरकार प्रियंका गांधी जी चला रही हैं, मोदी जी के जरिए, चूंकि उन्होंने पेटिंग खरीदी है।’

बीजेपी ने घेरा

बीजेपी के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा, ‘भारत में हर वित्तीय अपराध गांधीज से जुड़ा होता है। माल्या सोनिया गांधी के फ्लाइट टिकट अपग्रेड करता था। MMS (मनमोहन सिंह) और PC (पी चिदंबरम) तक पहुंच थी, अब भगोड़ा है। राहुल ने नीरव मोदी के जूलरी कलेक्शन का उद्घाटन किया, उसने डिफॉल्ट किया। राणा ने प्रियंका गांधी की पेंटिंग्स खरीदी।’

Related posts