11:15 AM, 10-Jun-2021
गर्भवती महिलाएं बरतें सावधानियां
सूर्यग्रहण हो या फिर चंद्रग्रहण दोनों ग्रहण काल में गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानियां बरतनी चाहिए। ऐसी मान्यता है कि ग्रहण के दौरान कई हानिकारक तरंगें निकलती हैं जो गर्भ में पलने वाले शिशु के लिए हानिकारक होती हैं। इस कारण महिलाओं को ग्रहण दौरान के बाहर नहीं निकलना चाहिए और ना तो उन्हें सुई, चाकू, कटर आदि का प्रयोग करना चाहिए।
11:05 AM, 10-Jun-2021
पांच घंटों तक लगा रहेगा सूर्यग्रहण
अब से कुछ घंटों बाद लगने वाला सूर्य ग्रहण करीब पांच घंटों तक लगा रहेगा। ग्रहण की शुरूआत भारतीय समयानुसार, दोपहर 1 बजकर 42 मिनट से होगी तो वहीं ग्रहण का समापन शाम 6 बजकर 41 मिनट पर होगा। ऐसे करीब 4 घंटे 59 मिनट तक इस ग्रहण की अवधि रहने वाली है।
10:59 AM, 10-Jun-2021
अमावस्या तिथि पर लगता है सूर्य ग्रहण
सूर्य ग्रहण हमेशा अमावस्या तिथि के दिन ही लगता है। वहीं चंद्र ग्रहण हमेशा पूर्णिमा तिथि पर ही होता है। लेकिन हर अमावस्या और पूर्णिमा तिथि को ग्रहण नहीं लगते हैं। जैसे इस साल केवल दो ही सूर्य ग्रहण हैं और दो ही चंद्र ग्रहण हैं। पहला चंद्रग्रहण पिछले महिने लग चुका है।
10:52 AM, 10-Jun-2021
ज्येष्ठ अमावस्या तिथि पर ग्रहण के अलावा शनि जयंती और वट सावित्री व्रत
ज्येष्ठ अमावस्या तिथि पर आज सूर्यग्रहण तो लग ही रहा है। भले यह भारत के संदर्भ में उतना प्रभावी न हो, लेकिन ज्येष्ठ अमावस्या तिथि पर शनि जयंती और वट सावित्री व्रत हर साल मनाए जाते हैं। शनि जयंती को लेकर ये मान्यता है कि इस तिथि को शनिदेव का जन्म हुआ था। वहीं अखंड सौभाग्य के लिए जेठ अमावस्या पर वट सावित्री व्रत रखने की मान्यता है।
10:36 AM, 10-Jun-2021
भारत के इन हिस्सों में दिखाई देगा सूर्यग्रहण
आज ज्येष्ठ अमावस्या तिथि पर लगने वाला साल का पहला सूर्यग्रहण भारत के कुछ हिस्सों में दिखाई दे सकता है। यह भारत के पूर्वोत्तर में अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख के उत्तरी भाग में शाम 6 बजे के बाद आंशिक रूप से दिखाई दे सकता है। हालांकि इसे देख पाना कठिन होगा।
10:16 AM, 10-Jun-2021
आज कुछ ऐसा दिखेगा सूर्य ग्रहण का नजारा
ज्येष्ठ अमावस्या तिथि पर लगने वाला सूर्य ग्रहण वृषभ राशि और मृगशिरा नक्षत्र में है। भारत में इस सूर्य ग्रहण को नहीं देखा जा सकेगा। भारतीय समय के अनुसार साल का पहला सूर्य ग्रहण दोपहर 01 बजकर 42 मिनट से शुरू होकर शाम के 06 बजकर 41 मिनट तक चलेगा। दुनिया के कई देशों में सूर्य ग्रहण के दौरान रिंग ऑफ फायर रूप में एक शानदार नजारा देखने को मिलेगा। इस सूर्य ग्रहण को अमेरिका, यूरोप, उत्तरी एशिया में देखा जा सकेगा।
10:03 AM, 10-Jun-2021
ग्रहण के दौरान कौन-कौन सी सावधानी बरतें
ग्रहण के दौरान और ग्रहण के खत्म होने तक भगवान की मूर्ति को नहीं छूना चाहिए। ग्रहण में घर के मंदिरों के कपाट बंद कर देना चाहिए। ताकि भगवान पर ग्रहण का असर ना हो सके। ग्रहण के दौरान गर्भवती महिलाओं को ग्रहण के दौरान ना तो ग्रहण देखना चाहिए और ना ही घर के बाहर निकलना चाहिए। ग्रहण में स्त्री-पुरुष को शारीरिक संबंध नहीं बनाना चाहिए। ग्रहण के दौरान शारीरिक संबंध बनाने से गर्भधारण में संतान पर बुरा असर पड़ता है। सूतक लगने पर और ग्रहण के दौरान सबसे ज्यादा नकारात्मक शक्तियां हावी रहती हैं। ग्रहण में कभी भी श्मशान घाट में नहीं जाना चाहिए। सूतक लगने पर किसी भी तरह का कोई भी शुभ कार्य करने से बचना चाहिए। ग्रहण में किया गया कोई भी शुभ कार्य सफल नहीं होता। ग्रहण के दौरान बाल और नाखून काटने से बचना चाहिए। इसके अलावा न तो कुछ खाना चाहिए और न ही खाना बनाना चाहिए।
09:55 AM, 10-Jun-2021
मिथुन राशि के जातकों पर इस सूर्य ग्रहण का असर
राशि से बारहवें व्यय भाव में पड़ने वाला यह ग्रहण अत्यधिक भागदौड़ और आर्थिक तंगी का सामना करवाएगा। दांपत्य जीवन में भी मनमुटाव आ सकता है अपनी जिद एवं आवेश पर नियंत्रण रखते हुए कार्य करेंगे तो नुकसान से बचे रहेंगे। केंद्र अथवा राज्य सरकार के विभागों में प्रतीक्षित कार्यों में थोड़ा और विलंब लग सकता है। उच्चाधिकारियों से संबंध बिगड़ने न दें।
09:43 AM, 10-Jun-2021
कब तक चलेगा सूर्य ग्रहण
अमावस्या तिथि पर आज लगने वाला सूर्य ग्रहण दोपहर 01 बजकर 42 मिनट से शुरू हो जाएगा। ग्रहण की कुल अवधि 5 घंटे तक रहेगी। शाम के 06 बजकर 41 मिनट पर ग्रहण खत्म हो जाएगा। भारत में ग्रहण नहीं रहेगा जिस कारण से इसका सूतक काल मान्य नहीं होगा।
09:37 AM, 10-Jun-2021
ऋग्वेद में सूर्य ग्रहण
सबसे प्राचीनतम वेद ऋग्वेद के पंचम मंडल के चालीसवें सूत्र में वर्णन मिलता है कि महर्षि अत्रि ने सर्वप्रथम सूर्य को ग्रहण से मुक्त कराया। इस मंत्र ‘यत्वा सूर्य स्वर्भानुस्तमसा विध्यदासुरः। अक्षेत्र विद्यथा मुग्धो भुवनान्य दीधयुः।। में यह वर्णन मिलता है कि हे सूर्य ! असुर राहु ने आप पर आक्रमण करके अंधकार से जो आपको विद्ध कर दिया है उससे मनुष्य आपके रूप को समग्रता से देख नहीं पाए और अपने अपने
कार्य क्षेत्रों में ठगे से हो गए। तब महर्षि अत्रि ने अपने अर्जित मंत्र शक्ति सामर्थ्य से अनेक मंत्रों द्वारा आप पर पड़ रही राहु की काली छाया को दूर कर आप का उद्धार किया। इंद्र ने भी महर्षि अत्रि की सहायता से राहु की माया से सूर्य की रक्षा की। इस प्रकार ग्रहण की छाया को दूर करने में समर्थ महर्षि अत्रि के संधान से अलौकिक प्रभाव का वर्णन वेद के अनेक मंत्रों से प्राप्त होता है। इस प्रकार सूर्य को ग्रहण से
मुक्ति दिलाने के लिए सर्वप्रथम और सर्वसमर्थ महर्षि अत्रि ही आचार्य माने गए हैं।
09:30 AM, 10-Jun-2021
यहां पर दिखेगा रिंग ऑफ फायर का नजारा
इस सूर्य ग्रहण का सबसे शानदार नजारा यानी रिंग ऑफ फायर ग्रीनलैंड में देखने को मिलेगा। जब सूर्य, चंद्रमा और पृथ्वी एक सीधी रेखा में आ जाते हैं। ऐसे में कुछ समय के लिए चंद्रमा पूरी तरह से सूर्य की रोशनी को रोक देता है। ऐसे में सूर्य ग्रहण होता है। जब चंद्रमा के पीछे से धीरे-धीरे सूर्य की रोशनी बाहर आती है तो एक समय इसकी चमक किसी हीरे की अंगूठी की तरह प्रतीत होती है, जिसको रिंग ऑफ फायर भी कहा जाता है।
09:23 AM, 10-Jun-2021
क्या भारत में दिखेगा यह सूर्य ग्रहण?
यह सूर्य ग्रहण भारत में नहीं देखा जा सकेगा। लेकिन कुछ खगोल वैज्ञानिक और संस्थाओं का मानना है कि भारत में ग्रहण सूर्यास्त के कुछ मिनटों पहले लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश के इलाकों में आंशिक तौर पर देखा जा सकता है। यह सूर्य ग्रहण विदेशों में रिंग ऑफ फायर जिसे वलयाकार सूर्य ग्रहण कहा जाता है देखने को मिलेगा। पूर्ण सूर्य ग्रहण का नजारा अमेरिका, यूरोप, कनाडा, रूस और ग्रीनलैंड में दिखाई देगा।
09:14 AM, 10-Jun-2021
वृषभ राशि के जातकों पर सूर्य ग्रहण का प्रभाव
आपकी राशि पर पड़ने वाला यह सूर्य ग्रहण कई तरह की कठिन चुनौतियां पेश करेगा। यात्रा सावधानीपूर्वक करें। उतार-चढ़ाव की अधिकता रहेगी। मित्रों तथा संबंधियों से अप्रिय समाचार प्राप्त के योग। स्वास्थ्य के प्रति अधिक सावधान रहने की आवश्यकता है। शादी विवाह से संबंधित वार्ता में थोड़ा विलंब होगा। आपके अपने ही लोग नीचा दिखाने की कोशिश करेंगे।
09:12 AM, 10-Jun-2021
भारत में इस ग्रहण का सूतक काल मान्य नहीं
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार जब भी कहीं सूर्य ग्रहण लगता है तो उसके 12 घंटे पहले सूतक काल लग जाता है। शास्त्रों में सूतककाल को अशुभ माना गया है। लेकिन भारत में सूर्य ग्रहण दिखाई नहीं देने के कारण इसका सूतक काल मान्य नहीं होगा। ऐसे में आज दिन किसी भी तरह का धार्मिक अनुष्ठान और शुभ कार्य में कोई रुकावट नहीं रहेगी।
09:06 AM, 10-Jun-2021
मेष राशि पर इस सूर्य ग्रहण का प्रभाव
आज दोपहर 1 बजकर 42 मिनट से साल का पहला सूर्य ग्रहण शुरू हो जाएगा। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार यह ग्रहण वृषभ राशि में लग रहा है। शास्त्रों में ग्रहण को अशुभ माना जाता है। ऐसे में सभी राशियों के जातकों पर इस ग्रहण असर जरूर दिखता है। इस सूर्य ग्रहण का मेष राशि पर प्रभाव- राशि से द्वितीय धन भाव में पड़ने वाला ये सूर्य ग्रहण स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा। आंख से संबंधित बीमारियों से सावधान रहना पड़ेगा। परिवार में अलगाववाद की स्थिति उत्पन्न न होने दें। झगड़े विवाद से दूर रहें और कोर्ट कचहरी के मामले भी बाहर ही सुलाझाएं। लेन-देन के मामलों में भी सावधानी बरतें। मित्रों तथा संबंधियों से भी कलह न बढ़ने दें।