पित्रोदा बोले- भारत में विरासत टैक्स लगाने पर बहस हो:कहा- अमेरिका में नागरिक की मौत के बाद आधी संपत्ति जनता को मिलती है

इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने कहा कि भारत में विरासत टैक्स लगाने पर बहस होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अमेरिका में विरासत टैक्स लगता है। अगर किसी शख्स के पास 10 करोड़ डॉलर की संपत्ति है। उसके मरने के बाद 45 फीसदी संपत्ति उसके बच्चों को मिलती है, जबकि 55 फीसदी संपत्ति पर सरकार का मालिकाना हक हो जाता है। यह एक बड़ा ही दिलचस्प कानून है। पित्रोदा ने आगे कहा कि भारत में ऐसा कोई कानून नहीं है। यहां अगर किसी के पास 10 अरब रुपए की संपत्ति है। उसके मरने के बाद उनके बच्चों को सारी की सारी प्रॉपर्टी मिल जाती है। जनता के लिए कुछ नहीं बचता। मुझे लगता है कि इस तरह के मुद्दों पर लोगों को चर्चा करनी चाहिए। हालांकि, कांग्रेस ने पित्रोदा के इस बयान से खुद को अलग कर लिया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि यह उनके निजी विचार हैं। इसका पार्टी से कोई मतलब नहीं है। PM बोले-कांग्रेस आपकी संपत्ति लूटना चाहती है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ में कहा कि कांग्रेस का कहना है कि वो माता-पिता से मिलने वाली विरासत पर भी टैक्स लगाएगी। आप जो अपनी मेहनत से संपत्ति जुटाते हैं, वो आपके बच्चों को नहीं मिलेगी। वो भी कांग्रेस का पंजा आपसे छीन लेगा। मोदी ने कहा कि कांग्रेस का ये मंत्र आपकी संपत्ति छीन लेगा, आपको लूट लेगा। कांग्रेस का मंत्र है, जिंदगी के साथ भी, जिंदगी के बाद भी। जब तक आप जीवित रहेंगे, कांग्रेस आपको ज्यादा टैक्स से मारेगी। जिन लोगों ने पूरी कांग्रेस पार्टी पैतृक संपत्ति मानकर अपने बच्चों को दे दी, वो नहीं चाहते कि सामान्य भारतीय अपने बच्चों को दें। पूरी खबर पढ़ें … BJP बोली- कांग्रेस ने भारत को बर्बाद करने की ठान ली है
सैम पित्रोदा के बयान के बाद भाजपा ने उनकी आलोचना शुरू कर दी है। BJP आईटी सेल चीफ अमित मालवीय ने ट्वीट करके कहा है कि कांग्रेस ने भारत को बर्बाद करने की ठान ली है। अब सैम पित्रोदा संपत्ति वितरण के लिए 50 फीसदी विरासत कर की वकालत करते हैं। इसका मतलब यह है कि हम अपनी सारी मेहनत से जो कुछ भी बनाएंगे, उसका 50 फीसदी छीन लिया जाएगा। इसके अलावा अगर कांग्रेस जीतती है तो हम जो भी टैक्स देते हैं, वह भी बढ़ जाएगा। सैम पित्रोदा बोले- मेरे बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया
विवाद बढ़ने पर पित्रोदा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि मेरे बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया। किसने कहा कि 55 फीसदी संपत्ति छीन ली जाएगी? किसने कहा कि ऐसा कुछ भी भारत में किया जाएगा? BJP और मीडिया इतना घबराया क्यों हुआ है? उन्होंने आगे कहा कि मैंने अपनी बातचीत में अमेरिका के विरासत टैक्स का उदाहरण अमेरिका के लिए ही दिया था। क्या मैं तथ्य नहीं बता सकता? मैंने कहा कि ये ऐसे मुद्दे हैं जिन पर चर्चा करने की जरूरत है। इसका कांग्रेस सहित किसी भी पार्टी की नीति से कोई लेना-देना नहीं है। अब पढ़िए संपत्ति बंटवारे को लेकर सियासत कैसे शुरू हुई… 21 अप्रैल: कांग्रेस सत्ता में आई तो आपकी प्रॉपर्टी बांट देगी
राजस्थान के बांसवाड़ा में 21 अप्रैल को चुनावी रैली में PM मोदी ने कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार आई तो वो लोगों की संपत्तियां लेकर ज्यादा बच्चों वालों और घुसपैठियों को बांट देगी। उन्होंने आगे कहा कि पहले जब इनकी सरकार थी, तब उन्होंने कहा था कि देश की संपत्ति पर पहला हक मुसलमानों का है। इसका मतलब ये संपत्ति इकट्ठा करके किसको बांटेंगे? जिनके ज्यादा बच्चे हैं, उनको बांटेंगे घुसपैठियों को बांटेंगे। क्या आपकी मेहनत का पैसा घुसपैठियों को दिया जाएगा? आपको मंजूर है ये? पूरी खबर पढ़ें … 22 अप्रैल: PM मोदी ने यही बात UP में दोहराई
मोदी ने 22 अप्रैल को अलीगढ़ की रैली में कहा कि इंडी गठबंधन की नजर आपकी संपत्ति पर है। कांग्रेस आपकी संपत्ति का सर्वे कराएगी। यह आपकी संपत्ति को छीनकर बांटने की बात कर रही है। अगर आपके गांव में पैतृक घर है, तो यह लोग उसे दो घर बताकर छीन लेंगे। पूरी खबर पढ़ें …. 22 अप्रैल: मैनिफेस्टो समझाने के लिए खड़गे ने मोदी से समय मांगा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात का समय मांगा। उन्होंने कहा, ‘PM कांग्रेस मैनिफेस्टो को सही से समझ नहीं पाए हैं। उनसे मिलकर उन्हें मैनिफेस्टो समझाना है।’ दरअसल, भाजपा, कांग्रेस मैनिफेस्टो को मुस्लिम लीग का मैनिफेस्टो बता रही है। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ चुनाव आयोग में 17 शिकायतें दर्ज कराई हैं। 23 अप्रैल: PM मोदी मंगलसूत्र का महत्व समझते तो ऐसी बातें नहीं करते
प्रधानमंत्री मोदी के मंगलसूत्र वाले बयान पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा- पिछले 2 दिनों से यह कहा जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी आपसे आपका मंगलसूत्र और सोना छीनना चाहती है। अगर मोदी जी ‘मंगलसूत्र’ का महत्व समझते तो ऐसी बातें नहीं करते। जब मणिपुर में एक महिला का वस्त्रहरण कर उसके वस्त्र जलाए गए तब भी मोदी चुप थे, कुछ नहीं बोले। उनके उस महिला के मंगलसूत्र के बारे में नहीं सोचा। आज वह वोट के लिए महिलाओं से ऐसी बातें कह रहे हैं, उन्हें डरा रहे हैं ताकि वे डरकर वोट करें। उन्हें शर्म आनी चाहिए। ये खबर भी पढ़ें … मोदी बोले-कांग्रेस खुद को श्रीराम से बड़ा मानती है, तुष्टीकरण की राजनीति इनके DNA में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुताबिक कांग्रेस खुद को भगवान श्रीराम से बड़ा मानती है। धर्म के नाम पर देश को बांटने वाली कांग्रेस आजादी के बाद पहले दिन से तुष्टीकरण में लगी हुई है। ये कांग्रेस की DNA में हैं। दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों का हक छीनना पड़े तो एक सेकेंड भी नहीं लगाएंगे। भाजपा सबका साथ सबका विकास के सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है। पूरी खबर पढ़ें …

Source: DainikBhaskar.com

Related posts