सलमान खान फायरिंग केस में एक और संदिग्ध पकड़ा गया:गोलियां चलाने वाले शूटरों के संपर्क में रहा; अनमोल बिश्नोई से निर्देश ले रहा था

सलमान खान के घर के बाहर हुए फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस ने हरियाणा से एक और संदिग्ध को पकड़ा है। अभी तक व्यक्ति के नाम का पता नहीं चल सका है। पुलिस उसे अपने साथ मुंबई ले गई है। संदिग्ध से पूछताछ में पता चला है कि उसी ने मुख्य आरोपी विक्की और सागर को फायरिंग के लिए 1 लाख रुपए दिए थे। इसके बाद और भी पैसे देने का वादा किया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह संदिग्ध गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के अमेरिका में बैठे भाई अनमोल बिश्नोई के टच में था। मारने नहीं, सिर्फ डराने के इरादे से की थी शूटिंग
इससे पहले 16 अप्रैल को मामले के दो मुख्य आरोपी सागर पाल और विकास उर्फ विक्की गुप्ता को गुजरात से गिरफ्तार किया गया था। दोनों बिहार के रहने वाले हैं। इन दोनों ने ही हरियाणा के संदिग्ध का नाम पुलिस को बताया था। उनका कहना है कि वो फायरिंग से जुड़ी जानकारी इसी व्यक्ति को दे रहे थे। पुलिस ने सागर पाल के भाई सोनू पाल सहित कुल 7 लोगो को मुंबई पूछताछ के लिए बुलाया है और इनसे पूछताछ की जा रही है। इधर, मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि दोनों आरोपी सलमान को मारना नहीं, बल्कि डराना चाहते थे। इसी वजह से उनके घर के बाहर फायरिंग की थी। सलमान ने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई
न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम ने सलमान खान का भी बयान दर्ज किया है। उन्होंने अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। साथ ही उन्होंने सवाल उठाए हैं कि आखिर इतनी पुलिस सुरक्षा के बीच फायरिंग कैसे हुई। बिहार के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
मामले में मुख्य आरोपियों की पहचान विक्की गुप्ता और सागर पाल के तौर पर हुई है, जो बिहार के रहने वाले हैं। इन्होंने सलमान के घर और पनवेल स्थित फार्म हाउस की रेकी की थीं और पांच राउंड फायर किए थे। आरोपियों ने जिस पिस्तौल से फायरिंग की थी, उसे रिकवर नहीं किया जा सका है। गुजरात के भुज से किया था अरेस्ट
दोनों आरोपियों को मुंबई के किला कोर्ट ने 10 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है। दोनों आरोपियों को मुंबई क्राइम ब्रांच ने सोमवार देर रात गुजरात के भुज से अरेस्ट किया था। उन्हें मंगलवार दोपहर मुंबई लाया गया था। इस मामले में पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस के भाई अनमोल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उसने एक फेसबुक पोस्ट में इस वारदात की जिम्मेदारी ली थी। इससे पहले भी लॉरेंस गैंग ने कई बार सलमान को धमकी दी है। इन दोनों आरोपियों ने सलमान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के सामने 14 अप्रैल की सुबह 5 बजे फायरिंग की थी। दोनों बाइक पर सवार होकर आए और 5 राउंड फायर किए। फायरिंग के वक्त सलमान अपने घर में ही थे। घटना के बाद सलमान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। इस खबर से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… सलमान के घर फायरिंग के आरोपी रिमांड पर:उन्हीं के फार्म हाउस के पास ठहरे थे, एक्टर से मिलने घर पहुंचे महाराष्ट्र के CM एक्टर सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को मुंबई के किला कोर्ट ने 10 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है। दोनों आरोपियों को मुंबई क्राइम ब्रांच ने सोमवार देर रात गुजरात के भुज से अरेस्ट किया था। पूरी खबर यहां पढ़ें…

Source: DainikBhaskar.com

Related posts