सलमान खान के घर के बाहर 4 राउंड फायरिंग:CCTV में फायरिंग करते दिखे दोनों हमलावर, उनकी तस्वीर भी सामनें आई

सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के सामने रविवार सुबह 5 बजे फायरिंग की गई। दो बाइक से आए हमलावरों ने 4 राउंड फायर किए। जिस वक्त फायरिंग हुई, उस वक्त सलमान अपने घर में ही थे। घटना के बाद महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने सलमान खान से फोन पर बात की। शिंदे ने मुंबई पुलिस कमिश्नर को सलमान की सिक्योरिटी बढ़ाने के लिए कहा है। एक्टर के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खान को लॉरेंस बिश्नोई-गोल्डी बराड़ गैंग ने जान से मारने की धमकी दी थी। इधर, सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के ठीक बाहर का एक दूसरा वीडियो सामने आया है। जिसमें दोनों हमलावर फायरिंग करते दिखे हैं। शाम को फायरिंग करने वालों की तस्वीर भी सामने आई है। 7.8 बोर की बंदूक से फायरिंग हुई
मुंबई पुलिस के सूत्रों ने बताया कि फायरिंग जिस बंदूक से की गई थी, वो 7.6 बोर की बंदूक थी। फोरेंसिक एक्सपर्ट को मौके से एक लाइव बुलेट मिली है। पुलिस ने आरोपियों की एक बाइक को भी जब्त कर लिया है। फोरेंसिक टीम इसकी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी राज्य के बाहर के हो सकते हैं और इनकी लंबाई 5 फीट 8 इंच हो सकती है। सलमान के घर के बाहर जितने भी CCTV कैमरे लगे थे, उनके DVR को पुलिस ने जब्त कर लिया है। घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप ने ली
इस घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप ने ली है। ग्रुप के मेंबर अनमोल बिश्नोई ने एक पोस्ट शेयर की है। जिसमें लिखा है कि आने वाले समय में भी सलमान पर हमला हो सकता है। हालांकि पुलिस की तरफ से इस पोस्ट की पुष्टि नहीं की गई है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की
घटना के बाद मौके पर पहुंची मुंबई पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने हमलावरों की पहचान करने के लिए आस-पास के CCTV फुटेज खंगाले। पुलिस के हाथ एक CCTV फुटेज लगा है जिसमें आरोपी चेहरा ढंके हुए नजर आ रहे हैं। बालकनी पर मिले गोली के निशान
इस घटना पर मुंबई के पुलिस उपायुक्त राज तिलक रोशन ने कहा, ‘इस मामले को मुंबई पुलिस ने रजिस्टर्ड कर लिया है। इसकी तहकीकात क्राइम यूनिट कर रही है।’ बालकनी पर फोरेंसिक टीम को गोली के निशान मिले है। अब तक सलमान के घर पर दो गोली के निशान मिले हैं। एक बाहरी दीवार पर और दूसरा बालकनी की दीवार पर। इस मामले में मुंबई पुलिस ने गैलेक्सी अपार्टमेंट के 4 वॉचमैन के बयान दर्ज किए हैं, जो घटना के समय वहां मौजूद थे। ग्राउंड फ्लोर पर अकेले रहते हैं सलमान
सलमान बीते 40 साल से अपने परिवार के साथ इसी घर में रह रहे हैं। अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर सलमान का घर है। वो यहां 1BHK L शेप अपार्टमेंट में अकेले रहते हैं। वहीं उनके पेरेंट्स 8 मंजिला गैलेक्सी अपार्टमेंट के फर्स्ट फ्लोर पर रहते हैं। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष बोलीं- ऐसी घटना गृह मंत्रालय की नाकामी का सबूत है
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड ने इस घटना पर चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा, ‘सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की घटना दुर्भाग्यपूर्ण और चिंता का विषय है। सलमान खान को लगातार धमकियां मिलती रही हैं, इसके बावजूद इस तरह की घटना होना राज्य के गृह मंत्रालय की नाकामी का सबूत है।’ मार्च 2023 में लॉरेंस बिश्नोई ने दी थी सलमान को धमकी
मार्च 2023 में लॉरेंस बिश्नोई से धमकी मिलने के बाद सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। उन्हें महाराष्ट्र सरकार की तरफ से Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है। NIA ने कहा था कि खान उन 10 लोगों की लिस्ट में टॉप पर हैं, जिन्हें जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने मारने की धमकी दी थी। 1998 में हुई काले हिरण के शिकार की घटना से बिश्नोई समुदाय नाराज है, जिसका हवाला देते हुए लॉरेंस ने एक TV इंटरव्यू में सलमान को मारने की धमकी दी थी। धमकी के बाद मिली Y+ सिक्योरिटी, 11 जवान साथ रहते हैं
सलमान के साथ पहले महाराष्ट्र पुलिस के जवान रहते थे, लेकिन धमकी मिलने के बाद उन्हें Y+ कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है। इस सुरक्षा घेरे में सलमान के साथ 11 जवान हर समय साथ रहते हैं, इसमें एक या दो कमांडो और 2 PSO भी शामिल होते हैं। सलमान की गाड़ी के आगे और पीछे एस्कॉर्ट करने के लिए दो गाड़ियां हमेशा रहती हैं। इसके साथ-साथ सलमान की गाड़ी भी पूरी तरह बुलेटप्रूफ है। इससे पहले कब-कब मिली धमकी अगले साल ईद पर रिलीज होगी ‘सिकंदर’
सलमान खान ने हाल ही में ईद के मौके पर अपनी अगली फिल्म ‘सिकंदर’ की अनाउंसमेंट की थी। इस फिल्म को साउथ के मशहूर डायरेक्टर ए. आर. मुरुगदास डायरेक्ट करेंगे, जो इससे पहले ‘गजनी’, ‘हॉलीडे’ और ‘अकीरा’ जैसी हिंदी फिल्में डायरेक्टर कर चुके हैं। वहीं साजिद नाडियाडवाला इसके प्रोड्यूसर होंगे। प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला के साथ सलमान ‘जुड़वा’, ‘मुझसे शादी करोगी’ और ‘किक’ समेत कई हिट फिल्में दे चुके हैं।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts