बिहार-राजस्थान समेत 14 राज्यों में बारिश की संभावना:मध्य प्रदेश के भोपाल-इंदौर में तेज बारिश हुई; दिल्ली में पारा 6°C तक गिरने की आशंका

मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, देवास, उज्जैन सहित 11 जिलों में शुक्रवार की शाम तेज बारिश हुई। इस दौरान बादल भी गरजे। कुछ इलाकों में ओले भी गिरे हैं। वहीं, तमिलनाडु के थूथुकुडी में भी आज तेज बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन गई। निजी वेदर एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान 12 से 13 अप्रैल के बीच मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। 30-50 किमी की स्पीड से हवा भी चल सकती है। वहीं, बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, अंडमान और निकोबार में गरज के साथ बारिश हो सकती है। 13 से 14 अप्रैल के बीच उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में तेज हवाएं और बारिश की संभावना है। वहीं, 12 से 15 अप्रैल के बीच राजस्थान में गरज, धूल भरी आंधी और बिजली गिरने के साथ बारिश हो सकती है। इधर, PM मोदी ने गुरुवार को गर्मी के मौसम को लेकर एक रिव्यू मीटिंग की थी। इसमें उन्होंने हीटवेव यानी लू की स्थिति के लिए तैयारियों का जायजा लिया और केंद्र, राज्य की सरकारी संस्थाओं को मिलकर काम करने के लिए कहा था। दिल्ली में तापमान 39.4°C पर पहुंचा, अब गिरेगा पारा
इधर, दिल्ली में आज का तापमान 39.4°C रिकॉर्ड किया गया। 11 अप्रैल की तापमान 39.1° सेल्सियस था। रीजनल वेदर फोरकास्टिंग सेंटर के कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस बनने के कारण आने वाले दो दिनों में दिल्ली के तापमान नें 5-6 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी। आसमान में बादल छाएंगे और बारिश भी होगी। 14 अप्रैल तक इस डिस्टरबेंस का असर रहेगा। IMD ने भविष्यवाणी की है कि शुक्रवार से अगले दो दिन यानी 14 अप्रैल तक आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में बिजली गिरने के साथ-साथ तेज तूफान आ सकता है। तटीय इलाके यनम और रायलसीमा में तेज हवा चलेगी। कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। कुछ में मौसम गर्म बना रहेगा। अगले 24 घंटे में ऐसा रहेगा मौसम का हाल
निजी वेदर एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान 12 से 13 अप्रैल के बीच मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। 30-50 किमी की स्पीड से हवा भी चल सकती है। वहीं, बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, अंडमान और निकोबार में गरज के साथ बारिश हो सकती है। 13 से 14 अप्रैल के बीच उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में तेज हवाएं और बारिश की संभावना है। वहीं, 12 से 15 अप्रैल के बीच राजस्थान में गरज, धूल भरी आंधी और बिजली गिरने के साथ बारिश हो सकती है। तेलंगाना, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में 12 से 15 अप्रैल के बीच गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 30-50 किमी प्रति घंटे रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है। जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 13 और 14 अप्रैल के बीच भारी बर्फबारी हो सकती है।​​​​​​​ राज्यों में मौसम का हाल… मध्य प्रदेश में अगले 5 दिन आंधी-बारिश और ओले गिर सकते हैं, 36 जिलों में बारिश-आंधी का रेड अलर्ट मध्य प्रदेश में नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा समेत 36 जिलों में शुक्रवार से शनिवार के बीच कहीं आंधी-बारिश, तो कहीं ओले का रेड अलर्ट है। राज्य के इन्हीें हिस्सों में अगले 4 दिन तक आंधी-बारिश और ओले का दौर जारी रह सकता है। हवा की अधिकतम रफ्तार 60Km प्रतिघंटा तक रह सकती है। इससे पहले गुरुवार को भोपाल, रतलाम, सागर, छिंदवाड़ा और उज्जैन में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। रतलाम में ओले भी गिरे। पूरी खबर पढ़ें… बिहार के 9 जिलों में हल्की बारिश की संभावना बिहार में गया, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, जमुई, बांका, मुंगेर, भागलपुर और नवादा जिलों में शनिवार तक हल्की बारिश का अनुमान है। गुरुवार को सीवान जिले के जिरादेई में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह राज्य में सबसे ज्यादा था। इसके बाद भोजपुर का 40.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बाकी जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहा। पूरी खबर पढ़ें… UP के इटावा-कानपुर में बारिश, 13 जिलों में बारिश-ओले की संभावना UP के इटावा-कानपुर में शुक्रवार दोपहर तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।13 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट है। धूल भरी आंधी भी चल सकती है। कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं। हालांकि, पूर्वी UP में आज बारिश के आसार नहीं हैं। वहीं, 13 अप्रैल को पश्चिमी UP में बारिश का रेड अलर्ट है, जबकि पूर्वी UP में भी अच्छी बारिश हो सकती है। इस दौरान राज्य के 35 से ज्यादा जिलों में बारिश की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें… झारखंड में आज बारिश का यलो अलर्ट, तेज हवा के साथ आकाशीय बिजली गिरने के भी आसार झारखंड में आज पश्चिमी-दक्षिणी और मध्य भाग में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने यहां यलो अलर्ट जारी किया है। आज तापमान अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। कई जगहों पर हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी के बीच हो सकती है। पूरी खबर पढ़ें… PM मोदी ने गर्मी को लेकर रिव्यू मीटिंग की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को गर्मी के मौसम को लेकर एक रिव्यू मीटिंग की। बैठक में प्रधानमंत्री के मुख्य सचिव, गृह सचिव, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अधिकारी, और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण शामिल थे। आधिकारिक बयान में कहा गया कि PM मोदी को इस बैठक में अप्रैल से जून के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की आशंका के बारे में बताया गया। महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में गर्मी की ऐसी स्थिति बनने की ज्यादा संभावना है। समय रहते लोगों तक जानकारी पहुंचाने की जरूरत पर जोर दिया गया
इस मीटिंग में सबसे ज्यादा जोर इस बात पर दिया गया कि टेलीविजन, रेडियो और सोशल मीडिया समेत सभी प्लेटफॉर्म्स पर और क्षेत्रीय भाषाओं में समय रहते जरूरी जानकारी कैसे दी जाएगी। आधिकारिक बयान में ये भी कहा गया कि स्वास्थ्य मंत्रालय और NDMA की तरफ से जारी की जाने वाली एडवाइजरी को क्षेत्रीय भाषाओं में भी ट्रांसलेट किया जाए और ज्यादा से ज्यादा फैलाया जाए। PM ने अस्पताल में तैयारियों की समीक्षा की
उन्होंने हॉस्पिटल्स में तैयारी और जागरूकता पर जोर दिया। हेल्थ सेक्टर में तैयारियों की समीक्षा के तहत आवश्यक दवाओं, इंट्रावीनस लिक्विड, आइस पैक, ORS और पीने के पानी की उपलब्धता चेक की गई। इसके साथ PM ने जंगलों में लगने वाली आग का तुरंत पता लगाने और उसे जल्द से जल्द बुझाने की जरूरत को भी हाईलाइट किया। 14-15 अप्रैल को पहाड़ों और मैदानी इलाकों में बर्फबारी-बारिश के आसार
मौसम विभाग ने बुधवार को कहा कि दो पश्चिमी विक्षोभों और अरब सागर से नमी के आने से इस सप्ताह के आखीर में पहाड़ों और मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में बर्फबारी के आसार हैं। वहीं, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 15 अप्रैल के बीच तूफान, बिजली गिरने, ओले गिरने और तेज हवा चलने की संभावना है। मार्च इतिहास का सबसे गर्म महीना रहा
यूरोपीय संघ की कोपरनिकस जलवायु परिवर्तन सेवा के मुताबिक, पृथ्वी पर मार्च 2024 अब तक का सबसे गर्म महीना रहा है। मार्च में दुनिया भर का औसत तापमान 14.14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अब तक का सबसे ज्यादा है। यह जून 2023 से लगातार दसवां महीना है, जिसने तापमान का नया रिकॉर्ड बनाया है। साल 1991-2020 के मार्च महीने के दौरान औसत तापमान में 0.73 डिग्री सेल्सियस की बढोत्तरी हुई। वहीं, मार्च 2016 में 0.10 डिग्री सेल्सियस की बढोत्तरी हुई। ये खबर भी पढ़ें… स्काईमेट का अनुमान- इस साल सामान्य मानसून:राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत 23 राज्यों में अच्छी बारिश होगी, बिहार सहित 4 राज्यों में कम बारिश वेदर एजेंसी स्काईमेट ने 9 अप्रैल को बताया कि इस बार मानसून सामान्य रहेगा। यानी जून से सितंबर तक 4 महीने में औसत या सामान्य बारिश होगी। मौसम विभाग (IMD) 96 से 104 फीसदी के बीच बारिश को औसत या सामान्य मानता है। यह फसलों के लिए अच्छा संकेत है। मानसून आमतौर पर 1 जून के आसपास केरल के रास्ते आता है। 4 महीने की बरसात के बाद यानी सितंबर के अंत में राजस्थान के रास्ते मानसून की वापसी होती है। हालांकि IMD ने इस साल के लिए मानसून की भविष्यवाणी अब तक जारी नहीं की है। एजेंसी मई में इसे जारी कर सकती है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

Source: DainikBhaskar.com

Related posts