प्रियंका-दिलजीत के साथ फिल्म बनाना चाहते थे बोनी कपूर:टाइटल भी प्लान कर लिया था, लेकिन एक्ट्रेस हॉलीवुड चली गईं और फिल्म बन ना सकी

बोनी कपूर, दिलजीत दोसांझ और प्रियंका चोपड़ा के साथ एक फिल्म बनाने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन तभी प्रियंका ने बॉलीवुड फिल्मों से दूरी बना ली और हॉलीवुड फिल्मों में काम करने लगीं। इस कारण बोनी कपूर की फिल्म बनने से पहले ही ठंडे बस्ते में जा गिरी। कनेक्ट एफएम कनाडा को दिए एक इंटरव्यू में बोनी ने दिलजीत के बारे में बात की। उन्होंने कहा- वे (दिलजीत) हमेशा एक अच्छे एक्टर रहे हैं। बहुत समय पहले मैंने उनके और प्रियंका चोपड़ा के साथ एक फिल्म बनाने की प्लानिंग की थी। उस फिल्म का नाम सरदारनी रखा जाना था। तभी प्रियंका को अमेरिकन टीवी सीरीज क्वांटिको का ऑफर आ गया। उन्होंने हमें कुछ समय इंतजार करने के लिए कहा था। बोनी ने बताया कि इसके बाद भी प्रियंका ने उस सीरीज के ऑफर को स्वीकार कर लिया था। उन्होंने आगे कहा- इस कारण हमें हार माननी पड़ी। इस सीरीज को करने के बाद वे फंस गईं। सीरीज में उनके काम को बहुत पसंद किया गया था। अच्छी एक्टिंग के आधार पर उन्हें और प्रोजेक्ट्स के ऑफर मिले। इसके बाद उन्होंने वहीं पर ही अपना करियर बनना शुरू कर दिया। नतीजतन हमारी वो फिल्म ठंडे बस्ते में जा गिरी। बोनी ने दिलजीत को बताया बेहतरीन एक्टर और सिंगर बोनी ने बताया कि जब उन्होंने दिलजीत से प्रियंका के साथ इस फिल्म के बारे में बात की थी तो दिलजीत ने लगभग इस फिल्म के लिए हामी भर दी थी। दिलजीत की तारीफ में कहा- मैंने उनकी कई पंजाबी फिल्में देखी हैं। यहां तक की उन्होंने जो हिंदी फिल्में की हैं, उनमें भी वे शानदार दिखे हैं। उन्हें कॉमेडी की बहुत अच्छी समझ है और उनकी कॉमिक टाइमिंग भी शानदार है। वे एक अच्छे सिंगर भी हैं। बोनी की नो एंट्री 2 में दिखेंगे दिलजीत बोनी कपूर ने कुछ समय पहले फिल्म नो एंट्री 2 की अनाउंसमेंट की थी। इस फिल्म में अर्जुन कपूर और वरुण धवन के साथ दिलजीत दोसांझ को भी कास्ट किया गया है। यह 2025 में फिल्म नो एंट्री के 20 साल पूरे होने पर सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। बोनी कपूर ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने तीनों स्टार की कास्टिंग क्यों की है। उन्होंने कहा कि वरुण और अर्जुन बहुत अच्छे दोस्त हैं। पर्दे पर दोनों की बढ़िया केमिस्ट्री देखने को मिलेगी। वहीं, आज के समय में दिलजीत की बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है। इस लिहाज से तीनों की तिकड़ी पर्दे पर कमाल कर जाएगी।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts