भास्कर अपडेट्स:बिहार JDU ने 16 प्रत्याशियों की घोषणा की, ललन सिंह को मुंगेर और लवली आनंद को शिवहर से उतारा

लोकसभा चुनाव के लिए बिहार JDU ने रविवार को अपने कोटे की 16 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष ललन सिंह को मुंगेर, बाहुबली आनंद मोहन सिंह की पत्नी लवली आनंद को शिवहर, सीवान से विजयलक्ष्मी और भागलपुर से अजय मंडल को टिकट दिया गया है। 16 प्रत्याशियों में 6 ओबीसी, 5 अति पिछड़ा, एक महादलित, एक मुस्लिम और 3 सवर्ण समुदाय से हैं। लिस्ट में 3 महिलाओं के नाम हैं। पूरी खबर पढ़ें… पूर्व वायु सेना प्रमुख आरकेएस भदौरिया भाजपा में शामिल हुए, पार्टी महासचिव विनोद तावड़े ने सदस्यता दिलाई लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व वायु सेना प्रमुख आरकेएस भदौरिया भाजपा में शामिल हो गए हैं। रविवार (24 मार्च) को दिल्ली में पार्टी महासचिव विनोद तावड़े ने उन्हें सदस्यता दिलाई। इस दौरान पार्टी ऑफिस में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी मौजूद थे। विनोद तावड़े ने कहा कि भदौरिया ने 40 साल वायु सेना में बिता चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत प्रोग्राम के लिए काफी काम किए हैं। भदौरिया उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। भाजपा ने शनिवार को ही उत्तर प्रदेश के लोकसभा चुनाव के लिए कैंडिडेट्स की लिस्ट पर मंथन किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें गाजियाबाद से टिकट मिल सकती है। आज की अन्य बड़ी खबरें… रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लेह में जवानों के साथ होली मनाई, खराब मौसम के चलते सियाचिन दौरा रद्द रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लेह के मिलिट्री स्टेशन में जवानों के साथ रविवार (24 मार्च) को होली का त्योहार मनाया। वे केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में दुनिया के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र सियाचिन ग्लेशियर पर जवानों के साथ होली मनाने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण यह कार्यक्रम रद्द हो गया। श्रीनगर पुलिस ने आतंकियों के 4 सहयोगियों को गिरफ्तार किया, हथियार भी जब्त किए जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में पुलिस ने आतंकियों के 4 सहयोगियों को गिरफ्तार किया। श्रीनगर पुलिस ने बताया की चारों जैश-ए-मोहम्मद संगठन से जुड़े हुए थे। सभी के पास से भारी मात्रा में हथियार और बारूद भी जब्त किए गए हैं। मामले को लेकर जांच जारी है। दिल्ली पुलिस ने 3 करोड़ की नकदी बरामद की, चुनाव में कैश के इस्तेमाल करने की आशंका जताई दिल्ली पुलिस ने शनिवार (23 मार्च) को नेशनल हाईवे 48 से 4 लोगों के पास से 3 करोड़ रुपए की नकदी जब्त की है। पुलिस अधिकारी ने आशंका जताई है कि आचार संहिता के समय जब्त किए गए इस कैश का इस्तेमाल चुनाव में हो सकता था। पकड़े गए लोगों में मोहम्मद शोमीन, जिशान, दानिश और संतोष शामिल हैं। पूछताछ करने पर इन्होंने बताया कि बरामद रकम स्कैप डीलर मोहम्मद की है। पुलिस ने इन लोगों के दो पहिया वाहन भी जब्त किए हैं।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts