भाजपा की पांचवीं लिस्ट में 111 नाम:मंडी से कंगना रनोट, मेरठ से अरुण गोविल चुनाव लड़ेंगे; संदेशखाली की पीड़ित को भी टिकट

भाजपा ने लोकसभा प्रत्याशियों की पांचवी लिस्ट जारी कर दी है। 111 प्रत्याशियों की इस सूची में हिमाचल प्रदेश के मंडी से कंगना रनोट, यूपी के मेरठ से अरुण गोविल, पुरी से संबित पात्रा को टिकट दिया गया है। झारखंड के दुमका से सीता सोरेन, यूपी के गाजियाबाद से अतुल गर्ग, हरियाणा के कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल को प्रत्याशी बनाया गया है। पश्चिम बंगाल में भाजपा ने संदेशखाली केस की पीड़ित को टिकट दिया है। इसी पीड़ित ने मामले को उठाया था, जिसके बाद शेख शाहजहां के करीबी ने थप्पड़ मारा था। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से वरुण गांधी का टिकट कट गया है। यहां से कांग्रेस से भाजपा में आए जितिन प्रसाद को उतारा गया है। वरुण की मां मेनका गांधी को सुल्तानपुर से टिकट दिया गया है। बदायूं से स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी की जगह दुर्विजय शाक्य को टिकट दिया गया है। बिहार में नवादा से विवेक, बेगूसराय से गिरिराज को टिकट, मीसा भारती को टक्कर देंगे रामकृपाल
बिहार के 17 उम्मीदवारों के नामों का भी ऐलान किया गया है। पार्टी ने नवादा से विवेक ठाकुर तो बेगूसराय से गिरिराज सिंह पर भरोसा जताया है। वहीं, लालू प्रसाद की बेटी मीसा भारती को एक बार फिर पाटलिपुत्र सीट से रामकृपाल यादव टक्कर देंगे। बक्सर सीट से अश्विनी चौबे का नाम कटा है और उनकी जगह मिथिलेश तिवारी को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। मुजफ्फरपुर से अजय निषाद का टिकट इस बार कट गया है और उनकी जगह राज भूषण निषाद को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं, सासाराम सीट से छेदी पासवान का नाम कटा है और उनकी जगह पार्टी ने शिवेश राम पर भरोसा जताया है। पूरी खबर पढ़ें यूपी में रामायण के राम अरुण गोविल को मेरठ से टिकट, वरुण गांधी का टिकट कटा
यूपी से 13 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया गया है। पीलीभीत से वरुण गांधी का टिकट कट गया है। यहां से जितिन प्रसाद को उतारा गया है। मेरठ से अरुण गोविल, हाथरस से अनूप बाल्मीकि, बदायूं से स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी की जगह दुर्विजय शाक्य को टिकट दिया गया है। मुरादाबाद से सर्वेश सिंह, सहारनपुर से राघव लखनपाल, अलीगढ़ से सतीश गौतम, कानपुर से रमेश अवस्थी, सुल्तानपुर से मेनका गांधी, बरेली से छत्रपाल गंगवार को मैदान में उतारा है। पूरी खबर पढ़ें हरियाणा की सभी सीटों पर प्रत्याशी घोषित
भाजपा ने हरियाणा में बची 4 सीटों पर भी रविवार को लोकसभा उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। डॉ. अरविंद शर्मा रोहतक, नवीन जिंदल कुरुक्षेत्र और हिसार से रणजीत चौटाला चुनाव लड़ेंगे। सोनीपत से मौजूदा सांसद रमेश चंद्र कौशिक की टिकट काटकर मोहन लाल बड़ौली को उम्मीदवार बनाया गया है। कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाए गए नवीन जिंदल ने रविवार शाम को ही नई दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पूरी खबर पढ़ें झारखंड में चतरा से कालीचरण सिंह, दुमका से सीता और धनबाद से ढुलू महतो को टिकट
भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की 5वीं लिस्ट जारी कर दी है। इसके साथ ही झारखंड की बची हुई तीन सीटों पर भी उम्मीदवार उतार दिया है। जारी लिस्ट के मुताबिक चतरा लोकसभा सीट से कालीचरण सिंह को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, दुमका लोकसभा एसटी (आरक्षित सीट) से हाल में ही जेएमएम छोड़ भाजपा में शामिल हुई सीता सोरेन को प्रत्याशी बनाया गया है। भाजपा ने यहां पहले सुनील सोरेन को टिकट दिया था। अब उनका पत्ता साफ हो गया है। इसके साथ ही तमाम कयासों को विराम देते हुए पार्टी ने धनबाद लोकसभा से ढुलू महतो पर भरोसा जताया है। पूरी खबर पढ़ें​​​​​​​​​​​​​​​​​​​​​ अब देखिए प्रत्याशियों की सूची इससे पहले रविवार को पूर्व वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल (रिटायर्ड) आरकेएस भदौरिया ने BJP जॉइन की। दिल्ली में भाजपा के जनरल सेक्रेटरी विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने उन्हें भाजपा जॉइन कराई। भदौरिया का जन्म आगरा में हुआ है। वे बाह तहसील के कोरथ गांव के रहने वाले हैं। वहीं, गाजियाबाद से केंद्रीय मंत्री वीके सिंह सांसद हैं। वीके सिंह ने रविवार देर शाम चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, इस बार वीके सिंह का टिकट कटने वाला था। इससे पहले ही उन्होंने चुनाव न लड़ने की घोषणा की। दूसरी तरफ, कांग्रेस के पूर्व सांसद नवीन जिंदल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इस्तीफे की घोषणा के कुछ देर बाद दिल्ली में भाजपा जॉइन कर ली। जिंदल ने X पर कांग्रेस छोड़ने की जानकारी दी थी। देर रात 12:40 बजे तक चली CEC की मीटिंग
लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों को लेकर शनिवार देर रात तक भाजपा सेंट्रल इलेक्शन कमेटी (CEC) की बैठक हुई। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा सहित अन्य CEC मेंबर शामिल हुए। मीटिंग देर रात 12:40 बजे तक चली। बैठक में लोकसभा चुनाव सहित 4 राज्यों आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति पर भी चर्चा हुई। भाजपा लोकसभा प्रत्याशियों की पांचवी लिस्ट कभी भी जारी कर सकती है। इसमें 70 से 80 सीटों पर नाम घोषित किए जा सकते हैं। अब तक 4 लिस्ट में 291 नामों का ऐलान हुआ
लोकसभा चुनाव के लिए BJP अब तक 4 लिस्ट में 291 नामों का ऐलान कर चुकी है। पहली लिस्ट में 195, दूसरी में 75, तीसरी में 9 और चौथी में 15 नाम घोषित किए गए हैं। जिन राज्यों पर विशेष चर्चा हुई उनमें ओडिशा, यूपी, पश्चिम बंगाल और राजस्थान शामिल रहे। बैठक में उत्तर प्रदेश की बाकी बची 24 लोकसभा सीटों में से सिर्फ 10 पर नामों की चर्चा हुई। पश्चिम बंगाल की बाकी बची 19 लोकसभा सीटों में से 16 पर उम्मीदवारों के नाम पर मंथन हुआ। लिस्ट में बिहार के पहले फेज में होने वाले चुनाव के लिए लोकसभा कैंडिडेट के नाम का ऐलान हो सकता है। संबित पात्रा पुरी और धर्मेंद्र प्रधान संबलपुर से लड़ सकते हैं चुनाव
इसके अलावा ओडिशा में BJD से गठबंधन का रास्ता बंद होने के बाद भाजपा राज्य की 147 विधानसभा सीटों के अलावा 21 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। सूत्रों के मुताबिक, संबलपुर से केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पुरी से संबित पात्रा और भुवनेश्वर से अपराजिता सारंगी को उतारा जा सकता है। वहीं दो सिटिंग सांसदों का टिकट कटने की संभावना है। भाजपा की पहली लिस्ट में 195 नाम, इनमें 34 मंत्री; PM मोदी वाराणसी, शाह गांधीनगर से लड़ेंगे 2 मार्च को जारी भाजपा की पहली लिस्ट में 16 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में 195 नाम जारी हुए थे। 34 केंद्रीय मंत्रियों को टिकट मिला। वहीं, सूची में 28 महिलाएं, 27 SC, 18 ST, 57 OBC नाम रहे। 50 साल से कम उम्र के 47 कैंडिडेट थे, जिन्हें पार्टी ने युवा कहा। पहली लिस्ट में बताया गया कि नरेंद्र मोदी काशी और अमित शाह गांधीनगर से ही लड़ेंगे। पूरी खबर पढ़ें… भाजपा की दूसरी लिस्ट में 72 नाम: गडकरी नागपुर, पीयूष गोयल मुंबई नॉर्थ से लड़ेंगे लोकसभा चुनाव के लिए बुधवार (20 मार्च) की शाम भाजपा की दूसरी लिस्ट जारी हुई। इसमें 72 नाम हैं। नागपुर से नितिन गडकरी, मुंबई नॉर्थ से पीयूष गोयल और हमीरपुर से अनुराग ठाकुर को टिकट दिया गया है। एक दिन पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने वाले मनोहर लाल खट्‌टर करनाल से चुनाव लड़ेंगे। पूरी खबर पढ़ें… भाजपा की तीसरी लिस्ट: तमिलनाडु से 9 नाम, पूर्व गवर्नर तमिलिसाई को टिकट भाजपा की तीसरी लिस्ट गुरुवार (21 मार्च) को आ गई है। इसमें तमिलनाडु के 9 उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है। इसमें तेलंगाना की राज्यपाल रहीं तमिलिसाई सुंदरराजन को चेन्नई साउथ से टिकट दिया गया है। राज्य के भाजपा प्रमुख के. अन्नामलाई को कोयंबटूर और केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन को नीलगिरि से उतारा गया है। पूरी खबर पढ़ें… BJP की चौथी लिस्ट में 15 नाम, तमिलनाडु के 14 उम्मीदवारों का ऐलान भाजपा ने 22 मार्च को लोकसभा उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की। तमिलनाडु की 14 सीटों पर कैंडिडेट्स के नामों का ऐलान किया है। वहीं पुडुचेरी की एक सीट पर राज्य के गृहमंत्री नमस्सिवायम को मौका दिया गया है। तेलंगाना की राज्यपाल रहीं तमिलिसाई सुंदरराजन को चेन्नई साउथ से और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई को कोयंबटूर से टिकट दिया गया है। पूरी खबर पढ़ें…

Source: DainikBhaskar.com

Related posts