CM अरविंद केजरीवाल की आज कोर्ट में पेशी:शराब नीति मामले में ED ने गिरफ्तार किया, AAP करेगी प्रदर्शन

शराब नीति केस में दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च की शाम CM आवास से ED ने गिरफ्तार कर लिया। ED की टीम उन्हें 10वां समन देने आई थी। गिरफ्तारी के बाद केजरीवाल को ED दफ्तर ले जाया गया। RML अस्पताल से पहुंची डॉक्टरों की टीम ने उनका मेडिकल किया। केजरीवाल की रात ED की लॉकअप में कटी। आज केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में AAP विरोध प्रदर्शन भी करेगी। आज केजरीवाल को हाईकोर्ट में पेश किया जाएगा। पेशी से पहले भी दिल्ली CM का मेडिकल किया जा सकता है। ED केजरीवाल की रिमांड पाने के लिए के प्रयास करेगी। दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा कि केजरीवाल दिल्ली के CM बने रहेंगे। जेल से सरकार चलाएंगे। केजरीवाल की लीगल टीम ने सुप्रीम कोर्ट में अपील कर फौरन सुनवाई की मांग की। इसी मामले में पहले से ED की गिरफ्त में मौजूद BRS नेता के.कविता ने अपनी गिरफ्तारी को SC में चुनौती दी है। उनकी याचिका पर भी आज सुनवाई होनी है। यूं चला केजरीवाल की गिरफ्तारी का घटनाक्रम
ED की टीम गुरुवार (21 मार्च) शाम 7 बजे केजरीवाल के घर 10वां समन और सर्च वारंट लेकर पहुंची थी। जांच एजेंसी ने दो घंटे तक पूछताछ के बाद रात 9 बजे उन्हें गिरफ्तार कर लिया। शराब नीति केस में कौन कब गिरफ्तार हुआ ? मनीष सिसोदिया- दिल्ली शराब नीति केस में दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया को ED ने 26 फरवरी 2022 को गिरफ्तार किया था। तभी से मनीष तिहाड़ जेल में बंद हैं। संजय सिंह – AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह 4 अक्टूबर 2023 को गिरफ्तार किया गया था। उनके घर पर ED की 10 घंटे तक चली छापेमारी के बाद गिरफ्तारी की गई थी। संजय ने गिरफ्तारी से पहले अपनी मां के पैर छुए और आशीर्वाद लिया था। KCR की बेटी के.कविता भी ED की गिरफ्त में 15 मार्च की शाम KCR की बेटी BRS से एमएलसी के.कविता को ED मे हैदराबाद के उनके आवास से गिरफ्तार किया था। कविता ED की 7 दिन की रिमांड में हैं। उन्होंने अपनी गिरफ्तारी के खिलाफ SC में याचिका दाखिल की है। आज उनकी याचिका पर सुनवाई होनी है। ED का आरोप है कि दिल्ली शराब नीति में कविता, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने साजिश रची। कविता ने दिल्ली CM और डिप्टी CM को 100 करोड़ रुपए दिए हैं। केजरीवाल की गिरफ्तारी पर किसने क्या कहा आतिशी मार्लेना- दो साल से जांच चल रही है। लेकिन एक पैसा भी न CBI को मिला, न ED को मिला। लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद अरविंद केजरीवाल को अरेस्ट कर लिया जाता है, क्योंकि मोदी जानते हैं कि उन्हें टक्कर देने वाला एक मात्र अरविंद केजरीवाल ही है। दो CM अरेस्ट किए गए। एक पार्टी के खाते सीज किए गए। ये भाजपा का डर दिखाता है। गोपाल राय- ये संदेश है कि भाजपा के खिलाफ कोई बोलेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा ने आज लोकतंत्र की हत्या की है। ये दिल्ली के करोड़ों लोगों का अपमान है। इस देश के संविधान और लोकतंत्र का सम्मान करने वालों को अरेस्ट किया गया है। भाजपा अगर ये सोचती है कि अरविंद केजरीवाल को अरेस्ट करके वे आम आदमी पार्टी को खत्म कर देंगे। विपक्ष को डरा देंगे। तो ये उनकी गलतफहमी है। इसके खिलाफ देश में लड़ाई लड़ेंगे। अखिलेश यादव – जो ख़ुद हैं शिकस्त के ख़ौफ़ में क़ैद ‘वो’ क्या करेंगे किसी और को क़ैद। भाजपा जानती है कि वो फिर दुबारा सत्ता में नहीं आनेवाली, इसी डर से वो चुनाव के समय, विपक्ष के नेताओं को किसी भी तरह से जनता से दूर करना चाहती है, गिरफ़्तारी तो बस बहाना है। ये गिरफ़्तारी एक नयी जन-क्रांति को जन्म देगी। मल्लिकार्जुन खरगे- रोज जीत का झूठा दंभ भरने वाली अहंकारी भाजपा, विपक्ष को हर तरह से चुनाव के पहले ग़ैर क़ानूनी तरीक़े से कमज़ोर करने की कोशिश कर रही है। अगर सच में जीत का भरोसा होता तो संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके मुख्य विपक्षी दल – कांग्रेस पार्टी का Accounts Freeze नहीं किया जाता। राहुल गांधी – डरा हुआ तानाशाह, एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है। मीडिया समेत सभी संस्थाओं पर कब्ज़ा, पार्टियों को तोड़ना, कंपनियों से हफ्ता वसूली, मुख्य विपक्षी दल का अकाउंट फ्रीज करना भी ‘आसुरी शक्ति’ के लिए कम था, तो अब चुने हुए मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी भी आम बात हो गई है। INDIA इसका मुंहतोड़ जवाब देगा। कुमार विश्वास ने लिखा- कर्म प्रधान विश्व रचि राखा, जो जस करहि सो तस फल चाखा केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में AAP का देशभर में प्रदर्शन अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में AAP आज देशभर में विरोध प्रदर्शन करेगी। दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने कहा है कि शुक्रवार सुबह 10 बजे हम बीजेपी पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। यह खुला विरोध है। जो भी तानाशाही के खिलाफ है उन सभी का इसमें शामिल होने के लिए स्वागत है। आप नेता आतिशी ने कहा कि कांग्रेस ने इंडिया ब्लॉक के सदस्यों से समर्थन का आश्वासन दिया है। जल बोर्ड घोटाला केस में भी केजरीवाल को समन
ED ने 17 मार्च को शराब नीति घोटाला केस के साथ दिल्ली जल बोर्ड टेंडर घोटाला मामले में भी केजरीवाल को समन भेजा था। जल बोर्ड टेंडर घोटाला मामले में दिल्ली CM को मिला यह पहला समन है। इस केस में उन्हें 18 मार्च को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे नहीं गए। इस तरह ED केजरीवाल को अब तक 10 समन भेज चुकी है। दिल्ली जल बोर्ड केस में 18 मार्च को केजरीवाल के पेश न होने पर AAP ने कहा था कि ED का समन गैर-कानूनी है। AAP ने कहा कि जब कोर्ट से CM को अंतरिम जमानत मिल चुकी है, तो बार-बार समन क्यों भेजे जा रहे हैं। AAP का आरोप है कि भाजपा ED के जरिए केजरीवाल को टारगेट कर रही है। यह खबर भी पढ़ें…
भास्कर एक्सप्लेनर- क्या जेल से सरकार चला सकते हैं केजरीवाल: गिरफ्तारी से पहले अब तक सभी सीएम ने इस्तीफा दिया; क्या हैं नियम दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार हो गए हैं। गुरुवार शाम 7 बजे प्रवर्तन निदेशालय ने केजरीवाल को 10वां समन दिया। घर की तलाशी ली और फिर गिरफ्तार कर लिया। इस बीच दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा कि केजरीवाल दिल्ली के सीएम बने रहेंगे। जेल से सरकार चलाएंगे। पूरी खबर पढ़ें

Source: DainikBhaskar.com

Related posts