AIIMS का सर्वर हैक कर मांगे 200 करोड़: क्रिप्टोकरेंसी में पेमेंट की डिमांड; पहली बार एक ओवर में 7 छक्के – Dainik Bhaskar

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Delhi AIIMS Server Hackers, Pandav Nagar Body Pieces | Mallikarjun Kharge China Coronavirus Lockdown

21 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

नमस्कार,
देश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल दिल्ली AIIMS का सर्वर हैक हुए 1 हफ्ते बीत चुके हैं। लेकिन एक्सपर्ट्स इसे अब तक रिकवर नहीं कर पाए हैं। इस बीच हैकर्स ने 200 करोड़ के रैनसमवेयर यानी फिरौती की मांग की। इनकी डिमांड है कि पेमेंट क्रिप्टोरेंसी में की जाए। वहीं, दिल्ली पुलिस ने अपने स्टेटमेंट में कहा है कि हमें AIIMS अधिकारियों की ओर से फिरौती की कोई जानकारी नहीं मिली है।

सर्वर हैकिंग में तीन से चार करोड़ मरीजों के डेटा लीक होने की आशंका है। दिल्ली पुलिस ने 25 नवंबर को इस मामले में साइबर टेररिज्म का केस दर्ज किया था। जांच एजेंसियों की सिफारिश पर अस्पताल में कंप्यूटर्स की इंटरनेट सर्विस रोक दी गई है। AIIMS के सर्वर में पूर्व प्रधानमंत्रियों, मंत्रियों, बड़े अफसरों, जजों समेत कई VIPs का डेटा स्टोर है।

उधर, युवा बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड एक ओवर में सात छक्के जमाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में महाराष्ट्र की ओर से खेलते हुए उत्तर प्रदेश के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया। गायकवाड ने यह कारनामा 49वें ओवर में किया, इस ओवर में कुल 43 रन बने। उन्होंने कुल 159 गेंदों पर 220 रन बनाए।

आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिन के दौरे पर हरियाणा जाएंगी।
  2. सुप्रीम कोर्ट में जम्मू-कश्मीर परिसीमन केस की सुनवाई होगी।
  3. लेफ्टिनेंट जनरल असीम मुनीर पाकिस्तान के नए आर्मी चीफ का चार्ज लेंगे।
  4. SC में बिलकिस बानो गैंगरेप के 11 दोषियों की सजा और रिहाई को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई।

5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी…

1. आफताब की वैन पर तलवारों से हमला, हमलावर ने कहा- हम उसके 70 टुकड़े करने आए थे

श्रद्धा मर्डर केस के आरोपी आफताब को ले जा रही वैन पर तलवारों से हमले की कोशिश हुई। उसे पॉलीग्राफ टेस्ट के बाद फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) ले जाया जा रहा था। तभी 4-5 लोगों ने आफताब का पीछा किया और वैन पर तलवारें चलाईं। पुलिस ने हमलावरों को काबू करने के लिए रिवॉल्वर निकाली, लेकिन फायरिंग नहीं की। पुलिस हिरासत में लिए गए एक हमलावर ने बताया कि 15 लोग गुरुग्राम से आए थे और सुबह 11 बजे से ही FSL के बाहर घात लगाकर बैठे थे। ये लोग गाड़ी में कई सारी तलवारें और हथौड़े लेकर आए थे। उसने कहा कि हमारी बहन-बेटी को आफताब ने 35 टुकड़ों में काटा, हम उसे 70 टुकड़ों में काटने आए थे। इसके बाद तिहाड़ जेल पहुंचने पर आफताब का मेडिकल टेस्ट कराया गया। साथ ही जेल में उसकी सुरक्षा को लेकर इमरजेंसी मीटिंग भी बुलाई गई।

उधर, दिल्ली पुलिस ने श्रद्धा मर्डर केस जैसी एक और वारदात का खुलासा किया है। एक महिला ने बेटे के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी थी। उसके 10 टुकड़े किए, उन्हें फ्रिज में रखा और कई दिन तक आसपास के इलाकों में उन्हें फेंकती रही।
पढ़ें पूरी खबर…

2. हैकर्स ने दिल्ली AIIMS से मांगे 200 करोड़, सर्वर के सैनिटाइजेशन के लिए 24 घंटे काम कर रही टीम
दिल्ली AIIMS का सर्वर हैक करने वालों ने 200 करोड़ रुपए की डिमांड की है। अस्पताल की OPD और IPD में आने वाले मरीजों का इलाज करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और टेली कंसल्टेशन जैसी डिजिटल सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। AIIMS के 50 में से 20 सर्वर की स्कैनिंग का काम पूरा हो चुका है। एक्सपर्ट्स टीम बाकी के सर्वर के सैनिटाइजेशन के काम के लिए 24 घंटे काम कर रही है। NIC ई-हॉस्पिटल डेटाबेस और ई-हॉस्पिटल के लिए एप्लिकेशन सर्वर बहाल कर दिए गए हैं। सर्वर और कंप्यूटर्स में एंटी वायरस इंस्टॉल किए जा रहे हैं। 5 हजार सिस्टम में दोबारा एंटीवायरस सिस्टम इस्टाल किए जा रहे हैं। इनमें से करीब 12 सौ कंप्यूटर्स पर इंस्टालेशन का काम पूरा हो चुका है। पूरी तरह से सैनिटाइजेशन में 5 दिन और लग सकते हैं। इसके बाद ही ई-हॉस्पिटल सर्विसेस शुरू की जाएंगी। OPD, इमरजेंसी, इन पेशेंट लेबोरेटरी आदि सेवाओं को मैनुअल मोड पर जारी रखा जा रहा है।
पढ़ें पूरी खबर…

3. ऋतुराज गायकवाड ने एक ओवर में 7 छक्के जड़े, विजय हजारे ट्रॉफी में दोहरा शतक लगाया

युवा बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड ने विजय हजारे ट्रॉफी में एक ओवर में सात छक्के जमाए। गायकवाड ने यह कारनामा महाराष्ट्र की पारी के 49वें ओवर में किया। शिवा सिंह के इस ओवर में एक गेंद नो बॉल थी। इस तरह यह ओवर सात गेंदों का हुआ और गायकवाड ने सभी सात गेंदों पर छक्के जमा दिए। इस ओवर में कुल 43 रन बने। गायकवाड ने इस पारी में 159 गेंदों पर 220 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 16 छक्के जमाए। गायकवाड ने इस पारी में ओपनिंग की थी। उनकी इस पारी की बदौलत महाराष्ट्र ने 50 ओवर में पांच विकेट खोकर 330 रन बनाए। उनके अलावा महाराष्ट्र का कोई अन्य बल्लेबाज अर्धशतक भी नहीं जमा सका। अंकित बावने और अजीम काजी ने 37-37 रन की पारी खेली। उत्तर प्रदेश के लिए तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने 66 रन देकर सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए।
पढ़ें पूरी खबर…

4. राहुल बोले- BJP मेरी इमेज खराब करने पर करोड़ों खर्च कर रही, गहलोत और पायलट दोनों हमारे लिए एसेट
मध्य प्रदेश में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के छठवें दिन राहुल गांधी ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा- BJP मेरी इमेज खराब करने के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर रही है। राजस्थान में सीएम अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच चल रहे घमासान पर उन्होंने कहा कि ये दोनों नेता हमारे एसेट हैं। मैं इस बात की गारंटी दे सकता हूं कि राजस्थान में इसका भारत जोड़ो यात्रा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। क्या आप फिर से अमेठी से चुनाव लड़ेंगे? इस सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा- ये सब भारत जोड़ो यात्रा के मुख्य विचार से भटकाने वाली बातें है। आप कल के अखबार में ये लिखना चाहते है कि राहुल गांधी अमेठी से लड़ेंगे या राहुल गांधी नहीं लड़ेंगे। इसका उत्तर आपको एक से डेढ़ साल बाद ही मिलेगा। अभी मेरा ध्यान भारत जोड़ो यात्रा पर है।
पढ़ें पूरी खबर…

5. चीन में जिनपिंग कुर्सी छोड़ो के नारे लगे, सख्त लॉकडाउन के खिलाफ 13 शहरों में प्रदर्शन

चीन में जीरो कोविड पॉलिसी के खिलाफ बीजिंग से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन 13 बड़े शहरों तक पहुंच गया है। रातभर लोग सड़कों पर प्रदर्शन करते रहे। पुलिस ने इन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज किया। कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा- हमें फ्रीडम ऑफ प्रेस, फ्रीडम ऑफ एक्सप्रेशन, फ्रीडम ऑफ मूवमेंट चाहिए। हमें हमारी आजादी दे दो। लोग राष्ट्रपति शी जिनपिंग से इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं। चीन में 27 नवंबर को कोरोना के 40 हजार मामले सामने आए हैं। ये अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। यहां अब एक्टिव केस का आंकड़ा 3 लाख के पार हो गया है। सख्त लॉकडाउन से 66 लाख लोग घरों में कैद हैं। ये लोग खाने के सामान के लिए भी बाहर नहीं निकल सकते। जो लोग सरकार के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पढ़ें पूरी खबर…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. कर्नाटक में टीचर ने मुस्लिम स्टूडेंट को आतंकी बुलाया: छात्र ने अपना नाम बताया तो कहा- तुम कसाब जैसे हो; कॉलेज ने सस्पेंड किया (पढ़ें पूरी खबर)
  2. राहुल गांधी दाढ़ी साफ करें तो नेहरू जैसे दिखेंगे: असम के CM ने सद्दाम वाले बयान पर दी सफाई, कहा- मैंने तो ऐसा कुछ कहा ही नहीं (पढ़ें पूरी खबर)
  3. जेल CCTV लीक केस में जैन ने याचिका वापस ली: ED पर कोर्ट के आदेश के उल्लंघन का आरोप लगाया था, हाईकोर्ट जाने की तैयारी में (पढ़ें पूरी खबर)
  4. सूरत में केजरीवाल के रोड शो में पथराव: दिल्ली के सीएम बोले- 27 सालों में काम किया होता तो पत्थर नहीं फेंकने पड़ते (पढ़ें पूरी खबर)
  5. रिटायर होने जा रहे PAK आर्मी चीफ का पैगाम:जनरल बाजवा बोले- सियासत से दूरी जरूरी, इससे फौज को इज्जत मिलेगी (पढ़ें पूरी खबर)

खड़गे के बयान से जुड़ी पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

खबर लेकिन कुछ हटके…
अमेरिका में बिजली के तारों में अटका प्लेन, 90 हजार घरों की बिजली गुल हुई, 2 लोग घायल

अमेरिका के मेरीलैंड में एक चौंकाने वाली घटना हुई। यहां एक प्लेन बिजली के टावर से टकरा गया और तारों में फंस गया। इस दौरान प्लेन में दो लोग मौजूद थे, जो घायल हो गए। घटना के बाद इलाके की बिजली गुल हो गई। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि एक प्लेन बिजली के तारों में अटका हुआ है। प्लेन में मौजूद दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। पढ़ें पूरी खबर…

खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

फोटो जो खुद में खबर है…

यह तस्वीर भोपाल के एक अस्पताल की है। मेडिकल स्टाफ ब्रेड डेड व्यक्ति के अंगों को ले जाते हुए। ​​​भोपाल में बीते दिन इन अंगों को ले जाने के लिए एक साथ तीन ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए। ये अंग गुजरात, इंदौर और भोपाल के अस्पताल में ट्रांसप्लांट किए जाएंगे। 23 साल के एक युवक का 17 सितंबर को एक्सीडेंट हो गया था। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया। अब युवक का दिल अहमदाबाद में धड़केगा। किडनी और दूसरे ऑर्गन भोपाल, इंदौर, हैदराबाद के मरीजों को दिए जाएंगे।

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
1989 के चुनाव में हार के बाद आज ही के दिन राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।बात 33 साल पहले की है। कुछ महीनों बाद ही लोकसभा चुनाव होने थे। लेकिन उसके पहले ही 24 जून 1989 को लोकसभा में बोफोर्स तोप घोटाले पर विपक्ष एकजुट हो गया। उस समय 514 सीटों वाली लोकसभा में विपक्ष के सिर्फ 110 सांसद ही थे। कांग्रेस के पास 404 सांसद थे।

मामला 1,437 करोड़ रुपए के बोफोर्स घोटाले का था, जिसमें स्वीडिश कंपनी AB बोफोर्स से 155 मिमी की 400 हॉविट्जर तोपों का सौदा हुआ था। 1986 में हुई बोफोर्स डील में भ्रष्टाचार और दलाली का खुलासा 1987 में स्वीडिश रेडियो ने किया था। आरोप था कि कंपनी ने सौदे के लिए भारतीय नेताओं और रक्षा मंत्रालय को 60 करोड़ रुपए की घूस दी।

इसी साल नवंबर में चुनाव हुए। उस समय 5 पार्टियों ने मिलकर नेशनल फ्रंट बनाया, जिसके नेता थे वीपी सिंह। कांग्रेस सिर्फ 193 सीट ही जीत सकी। नेशनल फ्रंट को भी बहुमत नहीं मिला। बाद में भाजपा और लेफ्ट पार्टियों ने भी वीपी सिंह को समर्थन दिया और प्रधानमंत्री बनाया। 29 नवंबर 1989 को राजीव गांधी ने पद से इस्तीफा दे दिया।

मकर और मीन राशि के लोगों को आज तरक्की के मौके मिल सकते हैं। आप भी जानिए अपना राशिफल

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

खबरें और भी हैं…

Related posts