Maharashtra Floor Test Live: विधानसभा में बोले फडणवीस- हां, महाराष्ट्र में ये ED की सरकार है – अमर उजाला

03:34 PM, 04-Jul-2022

पाटिल बोले, नहीं चल पाएगी शिंदे सरकार

महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी एचके पाटिल ने कहा- महाराष्ट्र में भाजपा ने जिस तरह से पार्टी (शिवसेना) को तोड़ने का नया प्रयोग किया है, वह उसके ‘ऑपरेशन कमल’ का उदाहरण है। कांग्रेस एमवीए के साथ है, और तीन पार्टी गठबंधन बरकरार है। आज हम सभी ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया है।  ऐसा लगता है कि यह सरकार (एकनाथ शिंदे सरकार) लंबे समय तक नहीं चलेगी। यह सरकार काम नहीं कर पाएगी, कई भ्रम और विरोधाभास हैं। शिवसेना विधायक बेचैन हैं। जिस तरह से उन्होंने इतनी यात्रा की है, उससे पता चलता है कि वे एकजुट नहीं हैं। 

 

03:31 PM, 04-Jul-2022

कांग्रेस ने कहा, एमवीए गठबंधन स्थिर

महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी एचके पाटिल ने कहा, मैंने कुछ रिपोर्टें देखीं जिनमें कहा गया था कि कांग्रेस के महाराष्ट्र में एमवीए गठबंधन से बाहर निकलने की संभावना है। यह गलत है। कांग्रेस ने न तो इस पर चर्चा की और न ही कुछ तय किया। अफवाहें सच्चाई से कोसों दूर हैं। एमवीए गठबंधन स्थिर है।  

12:30 PM, 04-Jul-2022

हां महाराष्ट्र में ईडी की मदद से सरकार बनी है : फडणवीस

विधानसभा में उप मुख्यमंत्री देवेंद्र पणडवीस ने कहा कि ये सरकार ईडी की मदद से बनी है। इसमें E मतलब Eknath Shinde और D मतलब Devendra Fadnavis है।

12:19 PM, 04-Jul-2022

सदन से बाहर निकल गए आदित्य ठाकरे

आदित्य ठाकरे समेत शिवसेना के कई विधायक विश्वास मत के बाद सदन से चले गए हैं।

11:42 AM, 04-Jul-2022

शिंदे के खिलाफ 99 वोट

महाराष्ट्र विधानसभा में फ्लोर टेस्ट की कार्यवाही के दौरान एकनाथ शिंदे के खिलाफ 99 वोट पड़े हैं। वहीं शिंदे के समर्थन में 164 वोट पड़े। वहीं देरी से आने के कारण पांच विधायक वोटिंग प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले सके। 

11:32 AM, 04-Jul-2022

एकनाथ शिंदे के समर्थन में 164 वोट

बहुमत परीक्षण की कार्यवाही के बीच एकनाथ शिंदे के पक्ष में 164 वोट पड़े हैं। उन्होंने बहुमत हासिल कर लिया है। हालांकि, इसका औपचारिक एलान होना बाकी है। वहीं विपक्ष की ओर से मतदान शुरू हो गया है। 

11:20 AM, 04-Jul-2022

संजय बांगड ने शिंदे को दिया वोट

विधानसभा में बहुमत परीक्षण पर मतदान की कार्यवाही जारी है। इस बीच शिवसेना के नए बागी विधायक संतोष बांगड ने शिंदे के समर्थन में वोट किया है। बांगड कल तक उद्धव गुट की तरफ थे। अब शिवसेना के बागी विधायकों की संख्या 40 हो गई है। 

11:13 AM, 04-Jul-2022

सुप्रीम कोर्ट पहुंचा व्हिप विवाद

शिंदे व उद्धव गुट के बीच व्हिप विवाद सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। शिवसेना की तरफ से वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर की तरफ से एकनाथ शिंदे गुट की ओर से जारी व्हिप को मान्यता देने का मामला उठाया। उन्होंने कहा, स्पीकर को यह अधिकारी नहीं है, क्योंकि पार्टी अभी भी उद्धव गुट की है। सुप्रीम कोर्ट इस मामले पर भी 11 जुलाई को सुनवाई करेगा। 

11:11 AM, 04-Jul-2022

शिंदे पक्ष के विधायकों को वोटिंग शुरू

विधानसभा में शिंदे पक्ष के विधायकों ने वोटिंग शुरू कर दी है। शिंदे व उद्धव गुट के विधायक अलग-अलग बैठे हैं। 

11:09 AM, 04-Jul-2022

आदित्य ठाकरे पहुंचे विधानसभा

महाराष्ट्र विधानसभा में बहुमत परीक्षण की कार्यवाही शुरू हो चुकी है। दोनों गुट के विधायक विधानसभा पहुंच चुके हैं। हालांकि, आदित्य ठाकरे कुछ देर से विधानसभा पहुंचे। 

11:05 AM, 04-Jul-2022

मतदान के जरिए होगा बहुमत परीक्षण

महाराष्ट्र विधानसभा में बहुमत परीक्षण की कार्यवाही शुरू हो गई है। पहले ध्वनिमत के जरिए बहुमत परीक्षण होना था। हालांकि, विपक्ष के एतराज के बाद अब वोटिंग के जरिए फ्लोर टेस्ट होगा। 

11:00 AM, 04-Jul-2022

शिंदे के साथ दिखे शिवसेना विधायक 

महाराष्ट्र में बहुमत परीक्षण से पहले उद्धव ठाकरे को एक और झटका लगा है। सूत्रों के मुताबिक, उद्धव गुट का एक और विधायक शिंदे गुट में शामिल हो गया है। दरअसल, शिवसेना विधायक संतोष बांगड की तस्वीरें एकनाथ शिंदे व उनके गुट के विधायकों के साथ सामने आई हैं। संतोष बांगड आज सुबह होटल से शिंदे गुट के विधायकों के साथ निकले थे और उनके साथ विधानसभा पहुंचे।

10:46 AM, 04-Jul-2022

शिंदे गुट में शामिल हो सकता है एक और विधायक

फ्लोर टेस्ट से पहले उद्धव ठाकरे को एक और झटका लग सकता है। खबर है कि उनका एक और विधायक शिंदे गुट का दामन थाम सकता है। पहले ही 39 विधायक बगावत कर चुके हैं। 

10:42 AM, 04-Jul-2022

अजित पवार होंगे नेता विपक्ष

सत्ता से बाहर होने के बाद उद्धव गुट ने एनसीपी नेता व राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार को नेता विपक्ष चुना है। 

10:29 AM, 04-Jul-2022

शिंदे व भाजपा अस्थाई व्यवस्था- संजय राउत

महाराष्ट्र में जारी सियासी उठापटक और फ्लोर टेस्ट से पहले संजय राउत ने एक बार फिर बागी विधायकों व भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, राजनीति में पैसा ही सबकुछ नहीं होता। पार्टी को कमजोर करने की साजिश रची गई, बदले की भावना से पार्टी को तोड़ा गया। उन्होंने कहा विधायकों का जाना अस्थाई है। वे विधायक शिवसेना में शेर थे, अब लोगों के बीच भी नहीं जा सकते हैं। उनको इतनी सुरक्षा दी गई है, जितनी कसाब को भी नहीं मिली थी। आखिर वे किससे डरते हैं?

Related posts