Maharashtra Crisis Live: फ्लोर टेस्ट से पहले उद्धव ठाकरे को एक और झटका, थोड़ी देर बाद शिंदे की अग्नि परीक्षा – अमर उजाला

10:42 AM, 04-Jul-2022

अजित पवार होंगे नेता विपक्ष

सत्ता से बाहर होने के बाद उद्धव गुट ने एनसीपी नेता व राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार को नेता विपक्ष चुना है। 

10:29 AM, 04-Jul-2022

शिंदे व भाजपा अस्थाई व्यवस्था- संजय राउत

महाराष्ट्र में जारी सियासी उठापटक और फ्लोर टेस्ट से पहले संजय राउत ने एक बार फिर बागी विधायकों व भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, राजनीति में पैसा ही सबकुछ नहीं होता। पार्टी को कमजोर करने की साजिश रची गई, बदले की भावना से पार्टी को तोड़ा गया। उन्होंने कहा विधायकों का जाना अस्थाई है। वे विधायक शिवसेना में शेर थे, अब लोगों के बीच भी नहीं जा सकते हैं। उनको इतनी सुरक्षा दी गई है, जितनी कसाब को भी नहीं मिली थी। आखिर वे किससे डरते हैं?

10:11 AM, 04-Jul-2022

11 बजे शिंदे सरकार का बहुमत परीक्षण

महाराष्ट्र की नई शिंदे सरकार का असल इम्तेहान अभी बाकी है। आज 11 बजे से विधानसभा में एकनाथ शिंदे सरकार को बहुमत साबित करना होगा। जानकारी के मुताबिक, थोड़ी देर में शिंदे गुट के विधायक विधानसभा पहुंचेंगे। 

09:57 AM, 04-Jul-2022

उद्धव ठाकरे गुट को बड़ा झटका

एकनाथ शिंदे-भाजपा सरकार के महत्वपूर्ण विश्वास मत से एक दिन पहले उद्धव ठाकरे गुट को बड़ा झटका लगा। रविवार रात महाराष्ट्र विधानसभा के नवनियुक्त अध्यक्ष ने शिवसेना विधायक अजय चौधरी को विधायक दल के नेता के पद से हटा दिया। स्पीकर राहुल नार्वेकर के कार्यालय द्वारा जारी एक पत्र ने शिंदे को शिवसेना के विधायक दल के नेता के रूप में बहाल किया गया और ठाकरे गुट से संबंधित सुनील प्रभु को हटाकर शिंदे खेमे से भरत गोगावाले को शिवसेना के मुख्य सचेतक के रूप में नियुक्त किया।

09:41 AM, 04-Jul-2022

अब व्हिप पर शुरू हुआ घमासान

महाराष्ट्र की सियासत में अब व्हिप को लेकर घमासान शुरू हो गया है। एक तरफ उद्धव गुट का आरोप है कि शिंदे खेमे के विधायकों ने उनके व्हिप का पालन नहीं किया तो अब शिंदे गुट के मुख्य सचेतक भरत गोगावाले ने विधानसभा अध्यक्ष के सामने याचिका दायर की है। इसमें कहा गया है कि पार्टी के 16 विधायकों ने व्हिप का पालन ने हीं किया, ऐसे में इन 16 विधायकों को निलंबित करने की कार्रवाई की जाए। इसके बाद इन विधायकों को नोटिस जारी करने की तैयारी है। 

09:31 AM, 04-Jul-2022

शिवसेना ने जिला अध्यक्षों की बुलाई बैठक

महाराष्ट्र में फ्लोर टेस्ट के बीच आज शिवसेना ने जिला अध्यक्षों की बैठक बुलाई है। दोपहर में होने वाली यह बैठक मुंबई स्थित सेना भवन में आयोजित होगी। इस बीच खबर है कि स्थानीय चुनाव के लिए उद्धव ठाकरे राज्य का दौरा भी कर सकते हैं। 

09:24 AM, 04-Jul-2022

एनसीपी में भी उठापटक की अटकलें

शिवसेना के बाद अब एनसीपी में भी उठापटक के कयास लगाए जा रहे हैं। दरअसल, रविवार को स्पीकर के चुनाव के लिए हुए मतदान में एनसीपी के पांच विधायकों ने भाग नहीं लिया था। 53 में से 46 विधायक ही विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में हिस्सा लेने के लिए विधान भवन पहुंच पाए। हालांकि, इनमें नवाब मलिक और अनिल देशमुख जेल में बंद हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आरएल नरवेकर 164 मतों के साथ अध्यक्ष चुने गए। महा विकास अघाड़ी गठबंधन की पार्टियां राकांपा, कांग्रेस और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने स्पीकर पद के लिए शिवसेना के विधायक राजन साल्वी को अपने उम्मीदवार के रूप में नामित किया था। लेकिन साल्वी को केवल 107 मत मिले जिसके कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

09:19 AM, 04-Jul-2022

छह महीने में गिर जाएगी शिंदे सरकार- पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी(एनसीपी) प्रमुख शरद पवार ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र में मध्यावधि चुनाव होने की संभावना है क्योंकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार अगले छह महीनों में गिर सकती है। उन्होंने यह बयान रविवार की शाम को एनसीपी विधायकों और पार्टी के अन्य नेताओं को संबोधित करते हुए दिया। शरद पवार ने कहा कि शिंदे का समर्थन कर रहे कई बागी विधायक मौजूदा व्यवस्था से खुश नहीं हैं। एक बार मंत्री विभागों का बंटवारा हो जाने के बाद उनकी अशांति सामने आएगी, जिसके परिणामस्वरूप अंततः सरकार गिर जाएगी। 

08:51 AM, 04-Jul-2022

व्हिप को लेकर विवाद 

महाराष्ट्र में स्पीकर के चुनाव को लेकर शिवसेना की ओर से व्हिप जारी किया गया था। पार्टी के दोनों गुटों शिंदे गुट और ठाकरे गुट ने अपने विधायकों को लेकर व्हिप जारी किया था। अब व्हिप जारी करने को लेकर विवाद हो गया है और यह विवाद चुनाव आयोग तक पहुंच सकता है। शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि अध्यक्ष चुनने को लेकर 39 विधायकों ने हमारे व्हिप का पालन नहीं किया है। शिंदे गुट के पास 39 विधायकों की ताकत है। उद्धव ठाकरे के साथ उनके बेटे आदित्य समेत 16 विधायक हैं। ताजा घटनाक्रम में शिवसेना के उद्धव ठाकरे धड़े ने भी शिंदे समेत उनके साथ गए सभी विधायकों को अयोग्य ठहराने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। 

08:29 AM, 04-Jul-2022

Maharashtra Crisis Live: बहुमत परीक्षण से पहले उद्धव गुट को एक और झटका, अजित पवार होंगे विपक्ष के नेता

विधानसभा अध्यक्ष बनते ही राहुल नार्वेकर ने उद्धव गुट को बड़ा झटका दिया है। उन्होंने विधायक दल के नेता के रूप में अजय चौधरी की नियुक्ति को खारिज कर दिया है। वहीं एकनाथ शिंदे को ही विधायल दल का नेता बनाया गया है और भरत गोगावल को चीफ व्हिप बनाया गया है। 

Related posts