फेमिना मिस इंडिया में झारखंड की रिया तिर्की… पहली आदिवासी महिला ने लहराया परचम… मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन .. – दैनिक जागरण (Dainik Jagran)

रांची, डिजिटल डेस्क। Jharkhand Riya Tirkey Femina Miss India झारखंड की राजधानी रांची की रहने वाली रिया तिर्की आज रविवार तीन जुलाई को फेमिना मिस इंडिया के ग्रैंड फिनाले में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। आदिवासी समुदाय से आने वाली रिया तिर्की ने अपनी प्रतिभा से झारखंड का मान बढ़ाया है। उन्हें आज हर कोई शुभकामनाएं और प्यार भेज रहा है। खुद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने टवीट कर उन्हें बधाई दी है। हेमंत सोरेन ने लिखा है कि यह गौरवशाली क्षण है। रिया तिर्की को झारखंड की ओर से बहुत बहुत शुभकामनाएं।

रांची के विवेकानंद विद्या मंदिर से की है पढ़ाई

मालूम हो कि आदिवासी समुदाय से आने वाली रिया तिर्की रांची स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर की छात्रा रह चुकी हैं। उन्होंने उच्च शिक्षा आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा स्थित पीबी सिद्धार्थ कालेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस से प्राप्त की है। वह एक शानदार मॉडल और अभिनेत्री हैं। वह बैडमिंटन, बेकिंग और एथोलॉजी में काफी रुचि रखती हैं। आदिवासी समुदाय से आने वाली रिया पहली महिला हैं जिन्होंने फेमिना मिस इंडिया के ग्रैंड फिनाले में यह मुकाम हासिल किया है।

आठ वर्ष कड़ी मेहन के बाद मिली यह सफलता

24 वर्षीय रिया तिर्की ने वर्ष 2015 में इस प्रतियोगिता की तैयारी शुरू कर दी थी। करीब आठ वर्षों तक लगातार कड़ी मेहनत करने के बाद वह इस मुकाम पर पहुंची हैं। उन्होंने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिया है कि हर कोई संघर्ष के बूते अपना लक्ष्य प्राप्त कर सकता है। बस धैर्य और समर्पण के साथ मेहनत करने की जरूरत है।

जानिए, क्या है रिया तिर्की का भावी सपना

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, राज्य विजेता चुने जाने के बाद रिया तिर्की महससू करती हैं कि उनका एक सपना सच हो गया है। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि एक मौका आपके पूरे जीवन की दिशा बदल सकता है। वह एक उद्यमी बनने की इच्छा रखती हैं, जो आदिवासी संस्कृति को बढ़ावा दे सके और साथ ही एक दीर्घकालिक, पर्यावरण के अनुकूल जीवन जीने के तरीके को बढ़ावा दे सके। उनके सामाजिक कार्यों में जानवरों को बचाना और लुप्तप्राय प्रजातियों की रक्षा करना भी शामिल होगा। इसके अलावा, वह भारतीय आदिवासी लोगों के उत्थान और देश को मजबूत करने में मदद करने के लिए अपनी स्थिति का उपयोग करना चाहती है।

प्रियंका चोपड़ा ने सर्वाधिक प्रभावित व प्रेरित किया

रिया तिर्की अपने व्यक्तित्व को एक जिद्दी दिल वाला हास्य इंसान के रूप में परिभाषित करती हैं। वह कहती हैं कि उनकी बहन उनके जीवन में सबसे प्रभावशाली व्यक्ति रही हैं। फेमिना मिस इंडिया झारखंड जीतना जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण रहा। क्योंकि इसे जीतने में पूरे आठ साल का समय लग गया। फिर हेराफेरी फिल्म उनकी सबसे पसंदीदा मूवी है। वह कहती हैं कि हर महिला में तीन गुण होने चाहिए- आगे रहने की ललक, निर्णय लेने की क्षमता और स्वतंत्र सोच। ब्यूटी क्वीन प्रियंका चोपड़ा ने उनके जीवन को सर्वाधिक प्रभावित और प्रेरित किया है। रिया कहती हैं कि प्रियंका चोपड़ा ने झारखंड को गौरवांवित किया है। वह असली ताकत हैं। रिया कहती हैं कि यदि भगवान मुझसे कहें कि कोई एक इच्छा बताओ, तो मैं चाहूंगी कि जानवरों से बात करने की क्षमता मुझमे आ जाए।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का टवीट

Edited By: M Ekhlaque

Related posts