Maharashtra Political Crisis Live: सीएम एकनाथ और फडणवीस ने विधायकों के साथ अहम बैठक, शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर साधा निशाना – अमर उजाला

10:35 PM, 03-Jul-2022

विधानसभा में विपक्ष के नेता के नाम पर फैसला अभी बाकी

राकांपा नेता छगन भुजबल ने बताया कि आज की बैठक में ओबीसी आरक्षण से संबंधित चर्चा की गई। हमने रिपोर्ट जमा कर दी है, अब यह डिप्टी सीएम और उनकी सरकार की जिम्मेदारी है कि वह एससी से आरक्षण प्राप्त करें … हमें राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता के नाम पर फैसला करना बाकी है।

10:34 PM, 03-Jul-2022

राहुल नार्वेकर से 39 शिवसेना विधायकों की अयोग्यता की मांग

शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि हमारे 39 विधायकों ने हमारे व्हिप का पालन नहीं किया और पार्टी के आदेश का पालन नहीं भी किया, इसलिए हमने नए विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से उनकी अयोग्यता की मांग की है। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पार्टी के नेता के रूप में अजय चौधरी को चुना है। 

09:09 PM, 03-Jul-2022

मुंबई: शिंदे-फडणवीस ने की अहम बैठक

महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने शिवसेना विधायक के अपने धड़े के साथ एक होटल में डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस, बीजेपी विधायकों और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ बैठक की।

06:25 PM, 03-Jul-2022

आरे में मेट्रो कारशेड पर आदित्य ठाकरे का बड़ा बयान

मुंबई के हरित क्षेत्र आरे में मेट्रो रेल ‘कार शेड’ के निर्माण का विरोध करते हुए महाराष्ट्र के पूर्व पर्यावरण मंत्री और युवा सेना (शिवसेना की युवा शाखा) के अध्यक्ष आदित्य ठाकरे ने रविवार को कहा कि इस परियोजना का विरोध महानगर की जैव विविधता को बचाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुंबई के उत्तर-पश्चिम हिस्से में स्थित आरे और संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के आसपास लगातार तेंदुए देखे जाते हैं। उन्होंने कहा कि आरे से जुड़ा विरोध केवल 2,700 से अधिक पेड़ों को बचाने के लिए नहीं है बल्कि यह जैव विविधता से जुड़ा विषय भी है और हम मुंबई में इसे बचाना चाहते हैं।

05:05 PM, 03-Jul-2022

अमरावती मसले पर फडणवीस की दो टूक

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अमरावती की घटना गंभीर है, जिस बर्बरता के साथ उन्हें मारा गया है, ये बहुत ही क्रूरतापूर्ण व्यवहार है। आरोपियों को पकड़ा गया है। NIA भी इसकी जांच कर रही है। इसमें कोई बाहरी कनेक्शन है क्या? ऐसा ध्यान में आ रहा है कि देश में तनाव हो, ऐसा कुछ विदेशी ताकतें भी प्रयास कर रही है। इसकी भी जांच होगी। शुरूआत में इसको एक डकैती का रूप दिया गया था, उसकी भी जांच की जाएगी। ये सब बातें हम जल्द सामने लाएंगे।

03:41 PM, 03-Jul-2022

सुनील प्रभु बोले- कुछ ने व्हिप का उल्लंघन किया

शिवसेना के मुख्य सचेतक सुनील प्रभु ने स्पीकर चुनाव के दौरान हुई वोटिंग को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि कुछ ने स्पीकर चुनाव में मतदान करते समय शिवसेना के व्हिप का उल्लंघन किया। पीठासीन अधिकारी से शिकायत की गई है। परिणामस्वरूप उन्हें अयोग्य घोषित किया जा सकता है। बारह सदस्यों के निलंबन का मामला अभी भी सुप्रीम कोर्ट में लंबित है।

02:56 PM, 03-Jul-2022

भजपा, उद्धव और अब शिंदे भी मुसलमानों को निशाना बना रहे: अबू आजमी

समाजवादी पार्टी के नेता अबू आसिम आजमी ने कहा कि मैंने महाराष्ट्र में पिछली सरकार समर्थन किया, कभी कोई पद नहीं मांगा क्योंकि हम राज्य में धर्मनिरपेक्षता चाहते थे।  उन्होंने सदन एक बार कहा था कि उन्हें गर्व है कि शिवसैनिकों ने बाबरी मस्जिद को ध्वस्त कर दिया। हमने इस सरकार के साथ इसलिए बर्दाश्त किया कि भाजपा न आए, अब उन्होंने औरंगाबाद और उस्मानाबाद का नाम बदल दिया। भजपा, उद्धव और अब शिंदे भी मुसलमानों को निशाना बना रहे हैं। हिंदुत्व गलत नहीं, नफरत फैलाना गलत है।

01:52 PM, 03-Jul-2022

शतरंज चैंपियन विश्वनाथन आनंद भी अमति शाह की चाल से मात खा जाएंगे: छगन भुजबल

महाराष्ट्र विधानसभा के बाहर एनसीपी नेता छगन भुजबल ने कहा कि एक बार शतरंज चैंपियन विश्वनाथन आनंद से अमित शाह के साथ शतरंज खेलने के बारे में पूछा गया, उन्होंने उनके साथ खेलने से इनकार कर दिया क्योंकि अमित शाह ऐसे खिलाड़ी हैं जो ऐसी चाल चलते हैं जिससे खिलाड़ी दुविधा में पड़ जाते हैं।

 

01:13 PM, 03-Jul-2022

‘कसाब’ के पास भी इतनी सुरक्षा नहीं थी जितनी कि बागी विधायकों की: आदित्य ठाकरे 

शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने रविवार को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार पर शिवसेना के बागी विधायकों के लिए कड़े सुरक्षा इंतजामों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसी सुरक्षा हमने मुंबई में पहले कभी नहीं देखी। तुम डरे क्यों हो? क्या कोई भागने वाला है? इतना डर क्यों? उन्होंने कहा कि आतंकी कसाब के पास भी इतनी सुरक्षा नहीं थी जितनी कि इन बागी विधायकों के पास है।

01:10 PM, 03-Jul-2022

10-15 विधायक संपर्क में हैं तो नाम बताएं: एकनाथ शिंदे

एकनाथ शिंदे ने नाम लिए बिना उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसी ने 10-15 विधायक संपर्क में होने का दावा किया है। अगर 10-15 विधायक संपर्क में हैं तो नाम बताएं।

01:00 PM, 03-Jul-2022

नए विधानसभा अध्यक्ष नई सरकार को अपना सहयोग देंगे: फडणवीस

महाराष्ट्र विधानसभा में राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की यह सरकार महाराष्ट्र की सभी आकांक्षाओं को पूरा करने की कोशिश करेगी और हमें उम्मीद है कि नए विधानसभा अध्यक्ष इसके लिए सहयोग देंगे। 

12:54 PM, 03-Jul-2022

बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा के साथ करेंगे काम: सीएम एकनाथ शिंदे

महाराष्ट्र विधानसभा में राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे की मान्यताओं के आधार पर भाजपा-शिवसेना सरकार ने कार्यभार संभाला है। आज तक हमने देखा है कि लोग विपक्ष से सरकार में आते हैं लेकिन इस बार सरकार के नेता विपक्ष में आए। उन्होंन कहा कि मैं खुद मंत्री था, कई अन्य मंत्रियों ने भी सरकार छोड़ी। बालासाहेब ठाकरे और आनंद दिघे की विचारधारा के प्रति समर्पित मेरे जैसे आम कार्यकर्ता के लिए यह बहुत बड़ी बात थी।

12:00 PM, 03-Jul-2022

भाजपा के राहुल नार्वेकर बने महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष

महाराष्ट्र में चल रहे सियासी घमासान के बीच शिंदे गुट को एक और बड़ी जीत मिल गई है। दरअसल, स्पीकर पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राहुल नार्वेकर जीत गए हैं और उन्हें विधानसभा का अध्यक्ष चुन लिया गया है। उन्हें 164 वोट मिले हैं। वहीं विपक्ष के उम्मीदवार राजन साल्वी चुनाव हार गए हैं। उन्हें केवल 107 वोट मिले हैं।

11:46 AM, 03-Jul-2022

स्पीकर पद के लिए भाजपा उम्मीदवार राहुल नार्वेकर को 164 मत मिले

विधानसभा में स्पीकर के चुनाव के लिए हुई मतदान प्रक्रिया के दौरान स्पीकर ने सत्ता पक्ष के एक-एक विधायकों का मत लिया। जिसमें भाजपा के उम्मीदवार राहुल नार्वेकर को 164 मत मिले हैं। राहुल नार्वेकर की जीत लगभग तय मानी जा रही है। हालांकि, अभी विपक्ष के एक-एक विधायकों का मत लिया जा रहा है।

समाजवादी पार्टी के नेताओं ने नहीं किया मतदान 

समाजवादी पार्टी (सपा) ने भाजपा प्रत्याशी राहुल नार्वेकर के खिलाफ मतदान से परहेज किया। उसके दोनों विधायक अबू आजमी और रईस शेख मतगणना के दौरान बैठे रहे।

11:43 AM, 03-Jul-2022

विपक्षी विधायकों ने “ईडी, ईडी” के नारे लगाए , देखें वीडियो

महाराष्ट्र में विधानसभा के स्पीकर पद के लिए मतदान प्रक्रिया के दौरान विपक्षी विधायकों ने ‘ईडी, ईडी’ के नारे लगाए।

 

Related posts