भास्कर LIVE अपडेट्स: गुजरात के जामनगर में 4.3 तीव्रता का भूकंप; दहशत में घरों से बाहर निकले लोग, अब तक नुकस… – दैनिक भास्कर

  • Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates | External Affairs Minister S Jaishankar Will Preside Over The Debate On Security Matters At The United Nations Today

नई दिल्लीएक घंटा पहले

  • कॉपी लिंक

भूकंप का केंद्र जामनगर से 14 किलोमीटर दूर बताया गया है।

गुजरात के जामनगर में गुरुवार देर शाम करीब 7:13 बजे भूकंप के झटके महसूस हुए। इसकी तीव्रता करीब 4.3 मापी गई। भूकंप आने के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। भूकंप का केंद्र जामनगर से 14 किलोमीटर दूर बताया गया है। हालांकि, अब तक इससे किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। जिले के चार इलाकों में झटके महसूस किए गए। इनमें कलावाड़, ढरोल, जोदिया और लालपुर शामिल हैं। इससे पहले गुरुवार को ही जम्मू-कश्मीर से 3.6 तीव्रता का भूकंप आया था।

आज की अन्य अहम खबरें…

UNSC में विदेश मंत्री जयशंकर बोले- आतंक से समझौता नहीं करना चाहिए
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार को यूनाइटेड नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल की मीटिंग को संबोधित किया। आतंकवाद पर हुई इस मीटिंग में उन्होंने कहा कि भारत आतंक से सबसे ज्यादा प्रभावित देश रहा है। हमने एक के बाद एक कई आतंकी हमले झेले हैं। इस हिसाब से इसकी चुनौतियों और पीड़ितों में भारत की हिस्सेदारी ज्यादा है।

भारत में 2008 में मुंबई हमला, 2016 में पठानकोट एयरबेस हमला, 2019 में पुलवामा में हमारे पुलिसकर्मियों पर सुसाइड अटैक हुआ। हमें इस बुराई से कभी समझौता नहीं करना चाहिए। जयशंकर ने कहा कि दुनिया परसों आतंक से पीड़ित लोगों की याद में चौथा इंटरनेशनल डे मनाएगी। अगला महीना न्यूयॉर्क में 9/11 की त्रासदी के 20 साल का भी होगा।

कुलगाम में जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के कार्यकर्ता की हत्या
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों ने गुरुवार को एक राजनीतिक पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता की हत्या कर दी। यह 10 दिन में किसी पार्टी से जुड़े व्यक्ति पर हमले का चौथा मामला है। इससे पहले BJP के नेताओं को लगातार निशाना बनाया गया। 17 अगस्त को कुलगाम के ब्राजलू-जागीर में जावीद अहमद डार पर आतंकियों ने तब गोलियां बरसाईं, जब वो अपने घर के बाहर टहल रहे थे।12 अगस्त को रात में BJP के मंडल अध्यक्ष जसबीर सिंह के घर ग्रेनेड अटैक किया गया था। 9 अगस्त को अनंतनाग में आतंकियों ने BJP नेता गुलाम रसूल डार और उनकी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वे भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष थे। दिनदहाड़े आतंकवादियों ने चौराहे पर डार को गोली मारी थी।

बच्चों के लिए अगले महीने आ सकता है कोरोना का टीका
बच्चों के लिए कोरोना वैक्सीन इस साल सितंबर या अक्टूबर में आ सकती है। पुणे के ICMR और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी की डायरेक्टर डॉ. प्रिया अब्राहम ने यह जानकारी दी है। एक इंटरव्यू में अब्राहम ने कहा कि 2 से 18 साल के बच्चों के लिए कोवैक्सिन के फेज 2 और 3 के ट्रायल चल रहे हैं। उम्मीद है कि इसके नतीजे जल्द मिल जाएंगे। इन्हें रेगुलेटर अथॉरिटी को पेश किया जाएगा। इसलिए सितंबर तक या उसके ठीक बाद हमारे पास बच्चों के लिए कोरोना का टीका हो सकता है।

उन्होंने बताया कि कोवैक्सिन के अलावा जायड्स कैडिला के टीके का बच्चों पर ट्रायल चल रहा है। जाइडस कैडिला की वैक्सीन इस्तेमाल के लिए उपलब्ध पहला DNA वैक्सीन होगी। इसके अलावा, जेनोवा बायोफर्मासिटिकल्स लिमिटेड का m-RNA, बायोलॉजिकल-ई टीका, सीरम इंस्टीट्यूट की नोवोवैक्स और भारत बायोटेक की इंट्रानेसल वैक्सीन भी ट्रायल फेज में हैं।

नारायण राणे का उद्धव पर निशाना, बिल्ली की तरह न काटें रास्ता
केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री नारायण राणे ने गुरुवार को भारी बारिश के बीच मुंबई से ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार महाराष्ट्र का किसी भी प्रकार से कोई भी विकास नहीं कर सकती। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे अपने नाम के अनुसार इस राज्य को उध्वस्त (बर्बाद) करने निकले हैं। ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ के दौरान उमड़ी भीड़ यह साबित करती है कि महाराष्ट्र की जनता ‘महाविकास अघाड़ी’ सरकार से उब गई है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

कोरोना वैक्सीन लगवाने के बाद प्रेग्नेंट महिलाओं में गंभीर लक्षण नहीं
कोरोना वैक्सीन लगवाने वाली गर्भवती महिलाओं पर टीका लगने के बाद होने वाले असर के गंभीर लक्षण नहीं दिखते। यह दावा एक स्टडी में किया गया है। इसमें 17 हजार महिलाओं को शामिल किया गया था। इनमें 44% गर्भवती थीं। 38% स्तनपान करा रहीं और 15% वे महिलाएं थीं, जो भविष्य में गर्भवती होने की प्लानिंग कर रही हैं। स्टडी करने वाली टीम में शामिल यूनिवर्सिटी ऑफ वॉशिंगटन स्कूल ऑफ मेडिसिन की प्रोफेसर लिंडा एकर्ट ने बताया कि गर्भवती महिलाओं में वैक्सीन लगने के बाद कोई प्रतिक्रिया नहीं देखी गई।

दिल्ली एयरपोर्ट पर कारतूस के साथ न्यूयॉर्क से आया पैसेंजर अरेस्ट
न्यूयॉर्क से गुरुवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरे एक यात्री को CISF ने कारतूस के साथ पकड़ा है। यह कारतूस उसके सामान में मिला था। यह व्यक्ति एयर इंडिया की फ्लाइट से अमेरिका से आया था और देर रात इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचा था। उसे सुबह 5:20 बजे एयर इंडिया की एक और फ्लाइट से नागपुर जाना था। CISF के जवानों ने कनेक्टिंग फ्लाइट के लिए सुरक्षा जांच करते वक्त कारतूस मिलने के बाद सुबह 4 बजे रोक लिया। इसके बाद पैसेंजर को पुलिस को सौंप दिया गया। उस पर केस दर्ज किया गया है।

असम में डिटेंशन सेंटर को अब ट्रांजिट कैंप कहा जाएगा
असम सरकार ने कहा है कि राज्य में ‘विदेशियों’ को रखने वाले डिटेंशन सेंटर को अब ट्रांजिट कैंप बुलाया जाएगा। होम एंड पॉलिटिकल डिपोर्टमेंट के प्रिंसिपल सेक्रेटरी नीरज वर्मा ने इसे लेकर नोटिफिकेशन जारी किया है।

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने मोतियाबिंद की सर्जरी कराई
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद की आज सुबह नई दिल्ली के सेना अस्पताल (रेफरल एंड रिसर्च), में मोतियाबिंद की सर्जरी हुई। राष्ट्रपति के प्रेस सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि सर्जरी सफल रही और उन्हें हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई है।

1 हजार लो-फ्लोर बस खरीद मामले की CBI जांच
दिल्ली सरकार की ओर से 1,000 लो फ्लोर बस खरीद मामले में होम मिनिस्टी ने CBI जांच के आदेश दिए हैं। इस मामले में सबसे पहले भाजपा विधायक विजेंदर गुप्ता ने LG से शिकायत की थी। LG हाउस ने इस मामले को गृह मंत्रालय को भेज दिया था।

बैंक सेफ डिपॉजिट लॉकर में रखे सामान के लॉस पर मिलेगा रेंटल का 100 गुना मुआवजा
अगर आपने गहने या जरूरी कागजात सुरक्षित रखने के लिए बैंक में सेफ डिपॉजिट लॉकर लिया हुआ है, तो यह खबर आपके लिए बड़े काम की है। अगर उसमें रखी सामग्री को कोई नुकसान होता है, तो बैंक से कितना मुआवजा मिल सकता है, इसके नियमों में रिजर्व बैंक ने बदलाव किया है।

बैंकिंग रेगुलेटर ने कहा है कि लॉकर में रखी सामग्री को बैंक की गलती से नुकसान होता है, कस्टमर को उसके किराए का 100 गुना तक का मुआवजा दिया जाएगा। लॉकर जिस इमारत में होगा, उसके गिरने या उसमें आग लगने, सेंधमारी, चोरी-डकैती होने या बैंक एंप्लॉयी के फ्रॉड करने पर मुआवजा मिलेगा। पूरी खबर यहां पढ़ें…

तालिबान का समर्थन करने वालों को बेनकाब किया जाए: CM योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को तालिबान का समर्थन करने वालों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बेशर्मी से तालिबान का समर्थन कर रहे हैं। ऐसे लोगों को बेनकाब किया जाना चाहिए।

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में एक आतंकी ढेर, JCO शहीद
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में गुरुवार को एनकाउंटर में सुरक्षा बलों ने एक आतंकी को मार गिराया। इस दौरान राष्ट्रीय राइफल के एक जूनियर कमीशंड अधिकारी (JCO) शहीद हो गए। गोली लगने के तुरंत बाद उन्हें नजदीकी मेडिकल फैसिलिटी में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। थानामंडी इलाके में 6 अगस्त को पुलिस ने दो आतंकियों को मार गिराया था। पूरी खबर यहां पढ़ें…

इंस्टिट्यूट ऑफ इकोनॉमिक ग्रोथ के अध्यक्ष बने एनके सिंह
15वें वित्त आयोग के अध्यक्ष एनके सिंह को इंस्टिट्यूट ऑफ इकोनॉमिक ग्रोथ (IEG) का अध्यक्ष बनाया गया है। वह पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह की जगह लेंगे, जो इस पद से रिटायर्ड हो चुके हैं।

अफगानिस्तान में 4.5 तीव्रता का भूकंप
अफगानिस्तान में गुरुवार को भूकंप का झटका महसूस किया गया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.5 रही। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, 11:22 बजे भूकंप के झटके से धरती कांपी। अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।

बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा की CBI जांच होगी
कलकत्ता हाई कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा में अदालत की निगरानी में CBI जांच के आदेश दिए हैं। इसके लिए SIT का गठन किया जाएगा। राज्य कैडर के सीनियर अधिकारी इस SIT का हिस्सा होंगे। कोर्ट ने CBI और SIT से 6 हफ्ते में स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। कोर्ट ने कहा कि सरकार नाकाम रही और यह भी कहा कि इलेक्शन बाद हुई हिंसा को लेकर चुनाव आयोग को बेहतर भूमिका निभानी चाहिए थी। हत्या और रेप के मामलों की जांच CBI करेगी। बाकी मामलों की जांच SIT को दी गई है। राज्य सरकार को हिंसा पीड़ितों को मुआवजा देना होगा। पूरी खबर यहां पढ़ें

मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह पर 25 हजार रुपए का जुर्माना लगा
मुंबई के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह के खिलाफ जांच कर रही एक सदस्यीय जांच टीम के प्रमुख और बॉम्बे हाईकोर्ट के पूर्व जस्टिस कैलास उत्तमचंद चांदीवाल ने 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। सिंह पर कई बार बुलाने के बावजूद जांच कमेटी के सामने पेश नहीं होने का आरोप है। हालांकि, जांच कमेटी ने परमबीर को एक आखिरी मौका देते हुए तय समय पर उनके सामने पेश होने को कहा है।

परमबीर को नया समन भेजते हुए कहा गया है कि वे अगले तीन दिन में कोविड-19 के लिए बने मुख्यमंत्री राहत कोष में 25 हजार रुपए जमा करवाएं। जांच कमेटी ने परमबीर को भेजे नए समन में कहा है कि उनके सामने पेश नहीं होने से जांच को नहीं रोका जाएगा। कमेटी ने परमबीर को 25 अगस्त को उनके सामने पेश होने को कहा है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

मौसम विभाग ने मुंबई समेत 13 जिलों के लिए जारी किया यलो अलर्ट
महाराष्ट्र में मानसून की बरसात एक बार फिर से कहर बरपा सकती है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, नासिक, औरंगाबाद, धुले, नंदुरबार, जलगांव, जालना, बुलढाणा, वाशिम, वर्धा और चंद्रपुर जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में देर रात से हल्की और भारी बारिश हो रही है।

आईएमडी के मुताबिक महाराष्ट्र के विदर्भ-और आसपास के क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। इसके साथ ही दक्षिण बंगाल, ओडिशा, बिहार, झारखंड, तटीय आंध्र, तेलंगाना, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों में बारिश होने के आसार हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

अनुराग सिंह ठाकुर ने जन आशीर्वाद यात्रा शुरू की
सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर जन आशीर्वाद यात्रा के तहत आज से हिमाचल प्रदेश के 5 दिन के दौरे पर हैं। उन्होंने गुरुवार को जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत की।

अनुराग ठाकुर ने अपने ऑफिशियल ट्विटर एकाउंटर पर यह फोटो शेयर की। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा- आरंभ है, जन आशीर्वाद यात्रा।

अनुराग ठाकुर ने अपने ऑफिशियल ट्विटर एकाउंटर पर यह फोटो शेयर की। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा- आरंभ है, जन आशीर्वाद यात्रा।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और अश्विनी वैष्णव भुवनेश्वर पहुंचे
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज सुबह भुवनेश्वर के बीजू पटनायक इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। ये दोनों राज्य में जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होंगे। एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

देश में कोरोना टेस्ट कराने वालों की संख्या 50 करोड़ के पार
देश में कोरोना टेस्ट कराने वालों की संख्या 50 करोड़ को पार कर गई है। ICMR ने बताया कि अगस्त में औसतन हर दिन 17 लाख से अधिक लोगों का टेस्ट किया गया। पिछले 55 दिनों में दस करोड़ से ज्यादा लोगों का टेस्ट हुआ।

डेल्टा वैरिएंट वैक्सीनेटेड लोगों को भी संक्रमित कर सकता है:ICMR
ICMR की स्टडी में पाया गया कि कोरोना का डेल्टा वैरिएंट वैक्सीन न लगवाने वालों के साथ ही वैक्सीनेटेड लोगों को भी संक्रमित कर सकता है। हालांकि, वैक्सीन लगवाने से मृत्य दर कम हो जाती है। स्टडी में पता चला कि दोनों ही तरह के लोगों में B.1.617.2 या डेल्टा वैरिएंट एक ही तरह के थे। पूरी खबर यहां पढ़ें…

पंजाब के लुधियाना में प्लास्टिक के गोदाम में भीषण आग
पंजाब के लुधियाना के फील्ड गंज इलाके में प्लास्टिक के गोदाम में भीषण आग लगी है। दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। न्यूज एजेंसी ANI ने इस हादसे का वीडियो जारी किया है, जिसमें आग की लपटों और काला धुंआ निकलते देखा जा सकता है।

आज के बड़े इवेंट्स

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज नई दिल्ली में डिफेंस इंडिया स्टार्टअप चैलेंज 5.0 लॉन्च करने वाले हैं।
  • कोयला मंत्रालय आजादी का अमृत महोत्सव समारोह के हिस्से के रूप में वृक्षारोपण अभियान- 2021 शुरू करेगा।
  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने के लिए आज गुजरात जाएंगे।
  • केंद्रीय मंत्री नारायण राणे आज मुंबई से अपनी 2 दिन की जन आशीर्वाद रैली शुरू करेंगे।
  • केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव 19 से 21 अगस्त तक अलवर, जयपुर और अजमेर में जन आशीर्वाद यात्रा करेंगे।
  • केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी आज तेलंगाना के कोड्डा से जन आशीर्वाद यात्रा शुरू करेंगे।
  • बिहार भाजपा आज गया से अपनी जन आशीर्वाद यात्रा शुरू करेगी, जो 21 अगस्त को आरा में समाप्त होगी।
  • उत्तर प्रदेश सरकार लखनऊ में एक समारोह में टोक्यो ओलंपिक पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार से देगी।
  • उत्तर प्रदेश कांग्रेस राज्य के 30,000 गांवों और वार्डों को कवर करने के लिए एक जन संपर्क कार्यक्रम शुरू करेगी।
  • महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पालघर में एक नए प्रशासनिक परिसर का उद्घाटन करेंगे।
  • पश्चिम बंगाल में रामकृष्ण मिशन का मुख्यालय बेलूर मठ आज से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा।
  • मानवीय सेवा में अपनी जान जोखिम में डालने वाले श्रमिकों की सहायता के लिए 19 अगस्त को विश्व मानवतावादी दिवस मनाया जाता है।
  • फोटोग्राफी की आर्ट, क्राफ्ट, विज्ञान और इतिहास को सेलिब्रेट करने के लिए 19 अगस्त को विश्व फोटोग्राफी दिवस मनाया जाता है।

खबरें और भी हैं…

Related posts