विदेश मंत्रालय ने कहा, मेहुल चोकसी को भारत वापस लाकर रहेंगे, डोमिनिका में पूरी की जा रही हैं कानूनी प्रक्रियाएं – दैनिक जागरण (Dainik Jagran)

नई दिल्ली, एजेंसियां। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि भारत अपने इस संकल्प पर कायम है कि भगोड़ों को देश वापस लाया जाए और धोखाधड़ी के मामले में वांछित मेहुल चोकसी को वापस लाने के लिए सारी कोशिशें जारी रखी जाएंगी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने डिजिटल माध्यम से साप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा, वह (चोकसी) अभी डोमिनिका में हिरासत में है जहां कुछ कानूनी प्रक्रियाएं चल रही हैं। हम सारी कोशिशें जारी रखेंगे ताकि उसे (चोकसी) भारत वापस लाया जाए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता से चोकसी के प्रत्यर्पण को लेकर सवाल पूछा गया था जो अभी डोमिनिका में हिरासत में है।

चोकसी हाल ही में एंटीगुआ एवं बारबुडा से फरार हो गया था और उसे कैरिबियाई देश में कथित तौर पर अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में 23 मई को गिरफ्तार कर लिया गया था। उसके खिलाफ डोमिनिका में कानूनी प्रक्रिया चल रही है। चोकसी पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में 13,500 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में वांछित है।

उधर वरिष्ठ वकील और प्रत्यर्पण मामलों के विशेषज्ञ उज्ज्वल निकम ने भी चोकसी को शीघ्र भारत लाए जाने की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि डोमिनिका की अदालत में अभी जो प्रक्रिया चल रही है उसमें कुछ समय लगेगा। जैसे ही यह प्रक्रियाएं पूरी हो जाएंगी उसे भारत लाने का रास्ता साफ हो जाएगा।

चोकसी को नहीं मिली जमानत

डोमिनिका के एक मजिस्ट्रेट ने मेहुल चोकसी को जमानत देने से इनकार कर दिया। स्थानीय मीडिया में यह जानकारी दी गई है। चोकसी की बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई कर रहे डोमिनिका हाई कोर्ट ने अवैध प्रवेश के आरोपों का सामना करने के लिए उसे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने का आदेश दिया। गुरुवार को चोकसी व्हीलचेयर पर मजिस्ट्रेट के सामने पेश हुआ जहां उसे जमानत नहीं मिली। मजिस्ट्रेट को बताया गया कि चोकसी के खिलाफ भारत में धोखाधड़ी के 11 मामले चल रहे हैं। एंटीगुआ में प्रत्यर्पण की कार्यवाही चल रही है। साथ ही उसकी तलाश में इंटरपोल ने रेडकार्नर नोटिस जारी कर रखा है। इसके बाद मजिस्ट्रेट ने जमानत देने से इन्कार करते हुए मामले की सुनवाई 14 जून तक टाल दी।

एंटीगुआ की कैबिनेट चोकसी को सीधे भारत भेजे जाने की पक्ष में

उधर एंटीगुआ एंड बारबुडा के मंत्रिमंडल ने एक बैठक में निर्णय लिया कि मेहुल चोकसी को डोमिनिका से सीधे भारत वापस भेज दिया जाना चाहिए।

एंटीगुआ एंड बारबुडा के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउने की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बुधवार को हुई बैठक के बारे में स्थानीय मीडिया द्वारा प्रकाशित खबर से पता चला कि चोकसी से जुड़ा मामला चर्चा के विषयों में से एक था। बैठक में माना गया कि चोकसी अब डोमिनिका की समस्या है। यदि वह एंटीगुआ एंड बारबुडा वापस आता है तो कैरीबियाई देश के लिए समस्या फिर लौट आएगी।

शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

Related posts