कोरोना के एक दिन में नए मामलों से अधिक ठीक होने वालों का आंकड़ा, इस दौरान 4000 संक्रमितों की मौत – दैनिक जागरण (Dainik Jagran)

नई दिल्ली, एएनआइ। COVID-19 New cases in India- कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर से सामना कर रहे भारत में राहत की खबर यह है कि बीते 24 घंटों में आए नए मामलों से अधिक संक्रमण से ठीक होने वालों की संख्या हैं लेकिन मौतों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते 24 घंटों में देश में 3,43,144 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई और 4000 लोगों की मौत हो गई। वहीं 3,44,776 लोगों ने कोरोना से जीत हासिल की और अस्पताल से डिस्चार्ज किए गए। मंत्रालय ने यह आंकड़ा शुक्रवार सुबह जारी किया है।  उल्लेखनीय है कि पिछले शुक्रवार को देश भर में संक्रमण के नए मामलों का आंकड़ा सबसे अधिक 4,14,188 सामने आया था।  

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार, भारत में गुरुवार  तक कोरोना वायरस के लिए कुल 31,13,24,100 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 18,75,515 सैंपल कल टेस्ट किए गए।  अब तक देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 2,40,46,809 हो गया और मृतकों की संख्या 2,62,317 हो गई है। वर्तमान में देश भर में 37,04,893 सक्रिय मरीज हैं जिनका इलाज जारी है। 

बता दें कि देश में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए 16 जनवरी से शुरू वैक्सीनेशन अभियान अभी जारी है। इसके तहत अब तक कुल 17,92,98,584 वैक्सीनेशन की जा चुकी है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 20,27,162 वैक्सीन लगाई गईं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बुधवार तक वैक्सीन की कुल 17 करोड़ 70 लाख 85 हजार से ज्यादा डोज लगाई गई। इनमें से 34.66 लाख डोज 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 18-44 आयुवर्ग के लोगों को पहली डोज के रूप में दी गई।

मंत्रालय ने बताया कि लाभार्थियों में 95.98 लाख स्वास्थ्यकर्मी (पहली डोज), 65.68 लाख स्वास्थ्यकर्मी (दूसरी डोज), 1.42 करोड़ फ्रंटलाइन वर्कर्स (पहली डोज) और 80.42 लाख फ्रंटलाइन वर्कर्स (दूसरी डोज) शामिल हैं। इसके अलावा 60 साल से अधिक उम्र के 5.40 करोड़ लोगों को पहली और 1.67 करोड़ लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज भी अब तक दी जा चुकी है। वहीं, 45-60 आयुवर्ग के 5.62 करोड़ लोगों को पहली और 81.31 लाख लोगों को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है।  

शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

Related posts