कोरोना से देश में अब मौत का रिकॉर्ड: पहली बार 24 घंटे में 4,191 लोगों की जान गई, लगातार तीसरे दिन 4 लाख से … – Dainik Bhaskar

  • Hindi News
  • National
  • Lockdown: Coronavirus Outbreak India Cases, Vaccination LIVE Update | Maharashtra Pune Madhya Pradesh Bhopal Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today, Mumbai Delhi Coronavirus News

Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

नई दिल्ली3 मिनट पहले

कंगना इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई अपनी तस्वीर में ध्यान मुद्रा में दिखाई दे रहीं हैं। उन्होंने लिखा, ‘मुझे कोई आइडिया नहीं था कि यह वायरस मेरे शरीर में पार्टी कर रहा था। अब मुझे पता चल गया है तो मैं इसे ध्वस्त कर दूंगी। अपने आप पर कोई शक्ति हावी न होने दें।

अभिनेत्री कंगना रनोट की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद उन्होंने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने ध्यान मुद्रा में तस्वीर भी पोस्ट की। कंगना ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई अपनी तस्वीर के कैप्शन में लिखा, ‘मैं बीते कुछ दिनों से थकान और कमजोरी महसूस कर रही थी। आंखों में हल्की जलन भी हो रही थी। हिमाचल जाने का सोच रही थी, इसलिए कल कोरोना टेस्ट कराया, आज रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।’

उन्होंने लिखा, ‘मैंने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है। मुझे कोई आइडिया नहीं था कि यह वायरस मेरे शरीर में पार्टी कर रहा था। अब मुझे पता चल गया है तो मैं इसे ध्वस्त कर दूंगी। अपने आप पर कोई शक्ति हावी न होने दें। अगर आप डरेंगे तो ये आपको और डराएगा। आइए इसे खत्म करते हैं। कोविड-19 कुछ नहीं, सिर्फ थोड़े समय का फ्लू है। हर हर महादेव।’

लगातार तीसरे दिन 4 लाख से ज्यादा केस
देश में कोरोना की दूसरी लहर खतरनाक होती जा रही है। बीते 24 घंटे में देश में 4 लाख 1 हजार 228 नए संक्रमित मिले। 3 लाख 19 हजार 469 ठीक हुए और 4,191 की मौत हो गई। इस महामारी से एक दिन में जान गंवाने वालों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है।

यह भी चिंता की बात है कि देश में लगातार तीन दिन से 4 लाख से ज्यादा केस आ रहे हैं। इससे पहले 7 मई को 4.14 लाख और 6 मई को 4.13 लाख मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 4.01 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 4,191
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.19 लाख
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.18 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 1.79 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 2.38 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 37.21 लाख

कोरोना अपडेट्स

  • कोरोना की वजह से तमिलनाडु सरकार ने 10 मई से दो हफ्ते के लिए संपूर्ण लॉकडाउन लगाने की घोषणा कर दी है। 10 से 24 मई तक तमिलनाडु में पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। किराना, राशन की दुकानें दोपहर 12 बजे तक खोलने की अनुमति है। अन्य राज्यों से आने वाले लोगों को पहले ई-रजिस्ट्रेशन कराना होगा। पर्यटन स्थलों की यात्रा पर प्रतिबंध रहेगा।
  • केंद्र सरकार ने फैसला किया है कि UK भेजने के लिए रखी गईं कोवीशील्ड वैक्सीन की 50 लाख खुराक अब एक्सपोर्ट नहीं की जाएंगी। इसकी बजाय ये टीके देश में ही 18 से 44 साल उम्र के लोगों को लगाए जाएंगे।
  • कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दुनियाभर से भारत को मदद मिल रही है। अब तक 4,468 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 3,417 ऑक्सीजन सिलेंडर, 13 ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट, 3,921 वेंटिलेटर/बायपैप/सीपैप और रेमडेसिविर इंजेक्शन की 3 लाख से ज्यादा शीशियां अलग-अलग देशों से मिली हैं।
  • प्रिंसिपल साइंटिफिक एडवाइजर विजय राघवन ने कहा है कि अगर हम मजबूत उपाय करते हैं, तो हो सकता है कि कोरोना की तीसरी लहर सभी जगहों पर न आए या कहीं न आए। यह बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि लोकल लेवल पर, राज्यों में, जिलों में और शहरों में गाइडलाइंस कितने प्रभावी ढंग से लागू होती हैं।
  • कोरोना मरीजों का इलाज कर रहे अस्पताल, डिस्पेंसरी और कोविड केयर सेंटर्स अब दो लाख रुपए से ज्यादा की पेमेंट कैश ले सकेंगे। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को इसकी मंजूरी दे दी। यह छूट 31 मई तक रहेगी।
  • कोरोना को देखते हुए गोवा में 15 दिन का कर्फ्यू लगाया गया है। यह रविवार से शुरू होगा। प्रदेश के CM प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

प्रमुख राज्यों के हाल
1. महाराष्ट्र

यहां शुक्रवार को 54,022 लोग संक्रमित पाए गए। 37,386 लोग रिकवर हुए और 898 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 49.96 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 42.65 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 74,413 लोगों की मौत हो गई। 6.54 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश
यहां शुक्रवार को 27,763 लोग संक्रमित पाए गए। 33,117 लोग रिकवर हुए और 372 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 14.53 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 11.84 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 14,873 मरीजों ने दम तोड़ दिया। 2.54 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली
देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को 19,832 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 19,085 लोग ठीक हुए और 341 की मौत हो गई। अब तक 12 लाख 92 हजार लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 11 लाख 83 हजार ठीक हो चुके हैं, जबकि 18,739 मरीजों की मौत हो चुकी है। 91,035 का इलाज चल रहा है।

4. छत्तीसगढ़
यहां शुक्रवार को 13,628 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 13,624 लोग ठीक हुए और 208 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 8.30 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6.88 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,158 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1.31 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

5. गुजरात
राज्य में शुक्रवार को 12,064 लोग संक्रमित मिले। 13,085 लोग रिकवर हुए और 119 की मौत हो गई। अब तक 6.58 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 5.03 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,154 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1.46 लाख मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

6. मध्यप्रदेश
राज्य में शुक्रवार को 11,708 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 4,815 लोग ठीक हुए और 84 की मौत हो गई। अब तक 6.49 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 5.47 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 6,244 लोगों की मौत हो चुकी है। 95,423 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

खबरें और भी हैं…

Related posts