Minister attacked in Bengal: केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन के काफिले पर हमला, तोड़ी कार, TMC कार्यकर्ताओं पर आरोप – Navbharat Times

हाइलाइट्स:

  • पश्चिम बंगाल मे विधानसभा चुनाव रिजल्ट के बाद बढ़ी हिंसा
  • केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन के काफिले पर हुआ हमला
  • बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमले को लेकर केंद्रीय दल पहुंचा था बंगाल

कोलकाता
पश्चिम बंगाल में केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन के काफिले पर गुरुवार को हमला किया गया। चुनाव के बाद, राज्य में हो रही हिंसा को लेकर केंद्रीय मंत्री का दल राज्य में पहुंचा था। हमले में मंत्री की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। मुरलीधरन ने हमले का आरोप तृणमूल कार्यकर्ताओं पर लगाया है।

वी मुरलीधरन पर पश्चिम मिदनापुर में हमला किया गया। उन्होंने वाहन पर हमले का वीडियो फुटेज भी जारी किया है। वीडियो में दिख रहा है कि उनके वाहन पर लाठियों से हमला किया जा रहा है। पत्थर बरसाए जा रहे हैं। बवाल बढ़ने और तोड़फोड़ होने पर मंत्री वहां से अपना काफिला लेकर वापस लौट आए।

हमले का वीडियो डराने वाला
वीडियो में दिख रहा है कि गाड़ी के आगे कुछ लोगों का समूह आ जाता है। एक आदमी लाठी लेकर गाड़ी के आगे शीशे की तरफ जोर से पटकता है। मत्री कार पीछे करने को कहते हैं। पीछे जगह नहीं होती तो ड्राइवर बैक गेयर में गाड़ी पीछे की ओर भगाता है। लोगों की भीड़ उन्हें चारों तरफ से घेर रही है। भागो-भागो की आवाजें आ रही हैं।

अचानक लाठियों से किया गया हमला
मुरलीधरन ने कहा कि जैसे ही वह इलाके में पहुंचे। लोगों के एक समूह ने उनके काफिले पर लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिस वाहन में वह यात्रा कर रहे थे उसकी खिड़कियां तोड़ दी गईं। उनके साथ आई पुलिस की गाड़ी में तोड़-फोड़ की गई और चालक घायल हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस खड़ी सारा तमाशा देखती रही।

जेपी नड्डा के नेतृत्व में पहुंचा था दल
पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से तृणमूल कांग्रेस-भाजपा की झड़पें जारी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में एक दल इन क्षेत्रों का दौरा कर रहा है। इसके भाग के रूप में, मुरलीधरन पश्चिम मिदनापुर पहुंचे थे।

Related posts