UP Panchayat Election 2021: सीतापुर में मतदाता सूची में नाम गड़बड़, गुस्साए लोगों ने मतपेटी में डाला पानी – अमर उजाला – Amar Ujala

विज्ञापन

01:50 PM, 29-Apr-2021

मतदान सूची में गड़बड़ी पर लोगों ने मतपेटी में डाला पानी, किया हंगामा

सीतापुर के कोतवाली तालगांव इलाके के ब्लॉक परसेंडी क्षेत्र के समैसा पंचायत में वार्ड संख्या-9 में मतदान सूची में मतदाताओं के नाम कम व बाहर सूची में नाम पूरे होने पर हंगामा खड़ा हो गया। गुस्साए मतदाताओं ने मतपेटियों में पानी डालकर जमकर नारेबाजी की। सूचना पाकर जोनल मजिस्ट्रेट, एसडीएम, सीओ समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है। अफसरों ने लोगों को शांत कराया है।

अलीगढ़ में लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते हुए।

01:34 PM, 29-Apr-2021

दोपहर 1.00 बजे तक मतदान प्रतिशत

बांदा                         35 प्रतिशत

बस्ती                         37.57 प्रतिशत मतदान

01:23 PM, 29-Apr-2021

हापुड़ में चुनाव में दो उम्मीदवारों में टकराव 

हापुड़ के धौलाना के गांव लालपुर में मतदान केंद्र के बाहर दो प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से चले लाठी-डंडों में करीब 6 लोग घायल हो गए। सूचना पर भारी पुलिस बल मतदान केंद्र पर पहुंची और हंगामा कर रहे ग्रामीणों को लाठियां फटकार कर खदेड़ा। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराते हुए पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है।

कुशीनगर में ढाई घंटे बाद शुरू हुआ मतदान

कुशीनगर के कसया क्षेत्र के चकदेइयां गांव में बीडीसी पद के उम्मीदवार का गलत मत पत्र पहुंच जाने के चलते सुबह लगभग ढाई घंटे तक मतदान बाधित रहा। सुबह साढ़े नौ बजे बूथ पर चार उम्मीदवारों वाला मत पत्र पहुंचा तब जाकर मतदान शुरू हो सका। कसया ब्लाक के चकदेइयां ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय में बने बूथ संख्या 613 पर बीडीसी के चार प्रत्याशियों की जगह तीन प्रत्याशियों के ही चुनाव चिह्न वाला मत पत्र पहुंचा था। सुबह पोलिंग एजेंट ने देखकर इस पर आपत्ति जताई। जिसके चलते मतदान रोकना पड़ा। पीठासीन अधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट को सूचना दी तो अफसरों में हड़कंप मच गया। इसके बाद ब्लॉक मुख्यालय पर इसकी जांच कर दूसरा मतपत्र भेजा गया। इसके चलते इस बूथ पर सुबह ढाई घंटे तक मतदान बाधित रहा।

12:01 PM, 29-Apr-2021

मथुरा के बरसाना में चलीं गोलियां

मथुरा के थाना बरसाना की ग्राम पंचायत राकोली के गांव नहारा में मतदान के दौरान गोलियां चल गईं। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ एसडीएम गोवर्धन राहुल यादव मौके पर पहुंच गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार सियाराम व मलखान पक्ष में गोलियां चली हैं। घटना में आठ लोगों के घायल होने की सूचना है।

11:50 AM, 29-Apr-2021

11 बजे तक जिलों में मतदान का प्रतिशत

बांदा                     20 फीसदी

कुशीनगर              20.70 फीसदी

मथुरा                    23.97 फीसदी

हापुड़                    26.5 फीसदी

बुलंदशहर              23.4 फीसदी

फर्रुखाबाद             23.23 फीसदी

अंबेडकर नगर        21.98 फीसदी

बहराइच                25.24 फीसदी

बस्ती                     24.57 फीसदी

11:23 AM, 29-Apr-2021

ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा अपने पैतृक गांव गांठोली में नहीं डाल सकेंगे वोट

ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा अपने पैतृक गांव गांठोली मेंवोट नहीं डाल सकेंगे। वोटर लिस्ट से मंत्री श्रीकांत शर्मा का नाम कटा हुआ है। परिजनों ने विरोधियों पर प्रशासन से मिलकर वोट कटवाने का आरोप लगाया है।

10:47 AM, 29-Apr-2021

अलीगढ़: छिटपुट हंगामे के बीच जिले में 9 बजे तक 8.10 प्रतिशत मतदान

अलीगढ़ में छठवें त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चौथे चरण में आज जिले के 2969 मतदान स्थलों पर 15858 प्रत्याशियों के लिए सुबह सात बजे से मतदान हो रहा है। सुबह 9 बजे तक 8.10 फीसदी मतदान हुआ है। हालांकि इस बीच अतरौली के बिजौली ब्लाक के धौर्रा प्रेम नगर के बूथ संख्या 111, 112 पर हंगामा हो गया। दो प्रत्याशी गुटों में झगड़ा मतदान को लेकर हुआ। आनन-फानन वहां फोर्स पहुंची। हंगामे को शांत करते हुए मतदान को सुचारू रखा गया। सभी जोनल और सुपर मजिस्ट्रेट अधिकारी निरीक्षण में जुटे।

वहीं अलीगढ़ के बरौली से विधायक ठाकुर दलवीर सिंह का स्वास्थ्य ठीक नहीं है, इसके बावजूद अपने स्वास्थ्य की चिन्ता न करते हुए गांव की सरकार चुनने के लिए बरौली विधायक ठाकुर दलवीर सिंह ने अपने पैतृक गांव हीरापुर वीरपुरा पहुंचकर प्रातः 8.00 बजे अपने पौत्र अजय सिंह व विजय सिंह के साथ मतदान किया।

गांववालों की चुनाव निरस्त कराने की अपील

अलीगढ़ के जवां क्षेत्र के नगौला में प्रधान पद के प्रत्याशी की मौत होने पर ग्रामीणों ने मतदान निरस्त कराने की अपील की है। गांववालों ने मतदान केंद्र पर भारी विरोध प्रदर्शन कर अधिकारियों से मतदान निरस्त कराने की अपील की है। प्रधान पद प्रत्याशी कौशल प्रजापति की त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव प्रक्रिया की पूर्व संध्या पर मौत हो गई थी।

10:40 AM, 29-Apr-2021

बस्ती: पैर टूटा हौसला नहीं

प्राथमिक विद्यालय पैकोलिया बरुवार में संतोष सिंह का कुछ दिन पहले एक हादसे में पैर टूट गया। प्लास्टर चढ़े होने की वजह से वह चल फिर नहीं सकते, लेकिन हौसला कायम है। वह परिजनों के साथ चारपाई पर बैठ मतदान करने पहुंचे।

मथुरा के मतदान केंद्र पसोली के बाहर शराब पीकर नशे में धुत हुआ मतदाता

10:25 AM, 29-Apr-2021

प्रधान पद प्रत्याशी की मौत के बाद संतकबीर नगर में आज हो रहा मतदान

संत कबीरनगर विकास खंड पौली के परसा गांव में प्रधान पद के लिए मतदान हो रहा है। यहां प्रधान पद के प्रत्याशी की मौत होने से चुनाव स्थगित हो गया था। आयोग के जरिए निर्धारित नई तिथि पर मतदान हो रहा है।

प्रधान पद की महिला प्रत्याशी का निधन, मतदान जारी

बस्ती के टिनिच में गौर विकास खंड के ग्राम पंचायत तेनुईचेत सिंह में प्रधान पद की प्रत्याशी प्रभावती की आज सुबह मौत हो गई। उनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। प्रत्याशी के मौत की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। अन्य प्रत्याशी व मतदाताओं में गहमागहमी का माहौल हो गया। पीठासीन अधिकारी ने उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद सेक्टर मजिस्ट्रेट केंद्र पर पहुंचे और मौत की पुष्टि के बाद जिलाधिकारी को मामले से अवगत कराया। फिलहाल मतदान जारी है। यहां कुल चार प्रत्याशी मैदान में हैं। दो बूथ बनाए गए हैं। कुल 1307 मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना है। बीस फीसदी मतदान हो चुका है। रिटर्निंग ऑफिसर गौर आरके गौतम ने बताया कि मतदान प्रक्रिया पूरी हो रही है। बाद में चुनाव आयोग की गाइड लाइन के अनुसार कार्य किया जाएगा।

10:19 AM, 29-Apr-2021

सुबह 9.00 बजे तक कुल 10.5 फीसदी मतदान

बांदा        8 फीसदी

रुधौली     9 फीसदी

मथुरा       9.52 फीसदी

कुशीनगर  9.33 फीसदी

बस्ती        11.40 फीसदी

फर्रुखाबाद 11.62 फीसदी

चित्रकूट      18 फीसदी

10:16 AM, 29-Apr-2021

बहराइच: सूरज की तपिश के साथ चढ़ना शुरू हुआ मतदान का ग्राफ

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए बरहाइच में गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। जो शाम छह बजे तक चलेगा। चुनाव के लिए बुधवार को जिले के 14 ब्लाक मुख्यालयों से पोलिंग पार्टियों को गहमागहमी के बीच रवाना किया गया था। जिसके चलते ब्लाक मुख्यालयों पर अफरातफरी का माहौल रहा। 1276 मतदान केंद्रों के लिए 4246 पोलिंग पार्टियां बनाई गई थीं। जिसमें 490 रिजर्व की गईं। इन सभी को ड्यूटी चार्ट थमाते हुए निर्वाचन अधिकारियों व सेक्टर मजिस्ट्रेट की देखरेख में रवाना किया गया। 20604 प्रत्याशियों के भाग्य पर गुरुवार को मतदाता अपनी अंतिम मुहर लगाएंगे। जबकि मतगणना दो मई को होगी। 25 लाख मतदाताओं की चुप्पी ने प्रत्याशियों के दिल की धड़कन भी बढ़ा दी है।

10:04 AM, 29-Apr-2021

अंबेडकरनगर में मतदान जारी

अम्बेडकरनगर में पंचायत चुनाव के लिए चौथे और अंतिम चरण का मतदान शुरू हो गया है। कुल 2754 बूथ पर कड़ी सुरक्षा में कराए जा रहे मतदान में 17 लाख से अधिक मतदाता 40 हजार से अधिक प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। जिला पंचायत सदस्य के 41, ग्राम प्रधान के 900, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1020 तथा ग्राम पंचायत सदस्य के 11 हजार 58 पद के लिए चुनाव कराया जा रहा है।

09:54 AM, 29-Apr-2021

जोश में हैं मतदाता

बस्ती के विकास खण्ड बनकटी के खड़ौहा प्राथमिक पाठशाला पर पहले मतदान फिर जलपान नारे के साथ जोश में मतदाता अपने हक का इस्तेमाल करने पहुंचे हैं, जिसकी वजह से सुबह से ही यहां लंबी लाइन लगी है।

वाराणसी में पांच बूथों पर फोर्स की मौजूदगी में पुनर्मतदान शुरू

वाराणसी में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में तीन ब्लाक के चार गांव के पांच बूथों पर गुरुवार को पुनर्मतदान शुरू हो गया है। फोर्स की मौजूदगी में परसादपुर, रायपुर, गरथौली, मवैया गांव के पांच बूथों पर मतदान जारी है। इन बूथों पर बीते 19 अप्रैल को मतदान के दिन गड़बड़ी के चलते चुनाव प्रक्रिया निरस्त कर दी गई थी। मतदान के बाद इन सभी मतों की मतगणना 2 मई को की जाएगी। 

08:53 AM, 29-Apr-2021

चित्रकूट में पुनर्मतदान शुरू

चित्रकूट में पहाड़ी विकास खण्ड के कनकोटा ग्राम पंचायत में कड़ी सुरक्षा में यहां पुनर्मतदान शुरू हो चुका है। 8 प्रधान पद 5 बीडीसी 25 डीडीसी उम्मीदवारों के लिए 801 मतदाता करेंगे मतदान। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक यहां मतदान होगा। 19 अप्रैल को मतपेटी में पानी डालने के वजह से चुनाव निरस्त किया गया था।

08:39 AM, 29-Apr-2021

मतपत्र पर चार की जगह तीन का है निशान, रुका मतदान

कुशीनगर के कसया ब्लॉक के चकदेइयां ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय चकदेइयां में बने बूथ संख्या 613 पर बीडीसी के चार प्रत्याशियों की जगह तीन प्रत्याशियों के ही चुनाव चिह्न वाला मत पत्र पहुंचा है। जिसके चलते मतदान रूका हुआ है। पीठासीन अफसर ने सेक्टर मजिस्ट्रेट को इससे अवगत कराया है।

Related posts