शाह का पुडुचेरी और तमिलनाडु दौरा: शाह का मारन, करुणानिधि और गांधी फैमिली पर तंज; बोले- तमिलनाडु में सभी 2जी… – Dainik Bhaskar

  • Hindi News
  • National
  • Puducherry Assembly Election 2021 | TamilNadu Assembly Election 2021, Union Home Minister Amit Shah, HM Amit Shah, PM Modi

Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

पडुचेरी30 मिनट पहले

गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को पुडुचेेरी और तमिलनाडु का दौरा किया। तमिलनाडु में उन्होंने घोटालों को लेकर DMK नेताओं और गांधी परिवार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सभी 2जी, 3जी और 4जी तमिलनाडु में मौजूद हैं। 2जी का मतलब मारन फैमिली की दो जनरेशन, 3जी का मतलब करुणानिधि फैमिली की 3 जनरेशन और 4जी का मतलब गांधी परिवार की 4 जनरेशन।

शाह ने कहा- कांग्रेस जब 12 लाख करोड़ के घोटाले में लिप्त थी, तब DMK का उसके साथ गठबंधन था। जब AIADMK और NDA गरीबों की भलाई के बारे में सोच रही थी, तब DMK और कांग्रेस भ्रष्टाचार, बांटो और राज करो की राजनीति कर रही थी। सोनियाजी राहुल बाबा को प्रधानमंत्री बनाने को लेकर परेशान थीं और स्टालिन उदयनिधि को सीएम बनाने को लेकर चिंतित थे।

मछुआरों पर दिए बयान को लेकर राहुल पर तंज कसा, बोले- भैया आप छुट्टी पर थे

इससे पहले शाह ने पुडुचेरी में सभा की। उन्होंने राहुल के विदेशी दौरों और मछुआरों पर दिए बयान को लेकर तंज कसा। राहुल ने कुछ दिन पहले कहा था कि मछुआरों के लिए अलग से केंद्रीय मंत्रालय होना चाहिए। शाह ने अपनी सभा में कहा- मोदीजी ने 2 साल पहले ही मछुआरों के लिए अलग से मंत्रालय बनाया है और वह काम कर रहा है। राहुल भैया आपको इसलिए नहीं पता, क्योंकि आप छुट्टी पर थे।

पुडुचेरी में शाह के संबोधन की अहम बातें
नारायणसामी को मिले झूठ बोलने का अवॉर्ड

पुडुचेरी में कांग्रेस सरकार जाने पर शाह ने कहा, ‘बड़ा कोहराम मचा कि कांग्रेस की सरकार टूट गई। उनका आरोप है कि भाजपा ने उनकी सरकार को गिराया। आपने ऐसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया, जो पार्टी के नेता के सामने ट्रांसलेशन में झूठ बोलता है। आपने एक झूठे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया। सबसे बड़ा झूठ बोलने का अवॉर्ड नारायणसामी को जरूर मिलना चाहिए। गांधी परिवार की सेवा करने में उनका ध्यान रहता था।’

उन्होंने कहा, ‘इस छोटे से प्रदेश में भ्रष्टाचार की गंगा बहाने का काम नारायणसामी ने किया। सरकार ने 15 हजार करोड़ रुपए भेजे, आपके गांव में ये रुपए आए हैं क्या? ये रुपए कहां गए, नारायण सामी ने ये रुपए गांधी परिवार की सेवा में दिल्ली भेज दिए।’

कांग्रेस में वंशवाद और परिवारवाद हावी
वंशवाद और परिवारवाद की वजह से ही कांग्रेस देशभर में बिखर रही है। पिछले चुनाव में कांग्रेस किसी और नेता के नेतृत्व में लड़ी। मुख्यमंत्री बनाने की बात आई, तो गांधी परिवार के करीबी नारायणसामी को चुना। यह पुडुचेरी की जनता के साथ धोखा है।

कांग्रेस छोटी राजनीति करना चाहती है
मोदी जी ने पुडुचेरी के लिए 115 से ज्यादा योजनाएं भेजीं। यहां की सरकार छोटी राजनीति करना चाहती है। उसने इन योजनाओं को नीचे नहीं आने दिया। उन्हें डर था कि उनकी राजनीति खत्म हो जाएगी। आप भाजपा को बहुमत दीजिए हम, इस छोटे से राज्य को भारत का गहना बनाकर दुनिया के सामने रखेंगे।

हम यहां रोजगार बढ़ाएंगे
यहां 75% से ज्यादा युवा बेरोजगार हैं। आप एनडीए की सरकार बनाइए, हम इसे 40% से नीचे लाएंगे। पुडुचेरी के चुनाव में कांग्रेस ने वादा किया था कि हम आईटी पार्ट्स इलेक्ट्रानिक पार्ट्स लाएंगे। 5 साल बीत गए नारायणसामी जी कहां हैं ये पार्ट्स। हम भी देख लें।

इस बार विधानसभा में कमल खिलेगा
2006 में लोकल बॉडी का चुनाव हुआ था। हाईकोर्ट के कहने के बाद भी यहां चुनाव नहीं किए गए। उन्हें डर था कि भाजपा का कमल खिल जाएगा। इस बार विधानसभा चुनाव में कमल खिलने वाला है।

राहुल पर निशाना साधा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला करते हुए शाह ने कहा कि मैं पुडुचेरी की जनता को पूछना चाहता हूं कि जिस पार्टी के नेता चार टर्म से लोकसभा में है। उनको यह भी मालूम नहीं है कि दो साल से देश में मत्स्य पालन विभाग शुरू हो चुका है। ऐसी पार्टी पुडुचेरी का कल्याण कैसे कर सकती है?

तमिलनाडु में विजय संकल्प रैली को संबोधित करेंगे
पुडुचेरी के बाद शाह तमिलनाडु जाएंगे। यहां वे जानकीपुरम, विल्लुपुरम में एक विजय संकल्प रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे भाजपा तमिलनाडु मंडल और थेवनाई अम्मल कॉलेज फॉर वुमन में पदाधिकारियों की बैठक में भाग लेंगे।

6 अप्रैल होने हैं चुनाव
पडुचेरी और तमिलनाडु में चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। दोनों ही राज्यों में एक ही चरण में चुनाव होगा और एक ही दिन यानी 6 अप्रैल को दोनों राज्यों में वोट डाले जाएंगे। चुनाव के नतीजे 2 मई को आएंगे।

खबरें और भी हैं…

Related posts