कार दुर्घटना में केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक गंभीर रूप से घायल, पत्नी और सहयोगी की मौत – दैनिक जागरण (Dainik Jagran)

 बेंगलुरू, एएनआइ। केंद्रीय मंत्री व गोवा के सांसद श्रीपद नाइक और उनकी पत्नी कर्नाटक में सोमवार को गंभीर रूप से कार दुर्घटना के शिकार हो गए। इसमें उनकी पत्‍नी विजया नाइक और सहयोगी की मौत हो गई। उत्तर कन्नड़ के एसपी शिवप्रकाश देवराजू ने कहा कि केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक के निजी सहायक की भी हादसे में मौत हो गई है। उनकी कार उत्तरा कन्नड़ के अंकोला तालुक में एक गांव के पास दुर्घटना का शिकार हो गई। जब ये घटना घटी, उस समय वे येलापुर से गोकरन के रूट पर थे। कर्नाटक के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बयान जारी कर कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक की पत्नी विजया नाइक के निधन पर शोक व्यक्त किया। श्रीपद नाइक को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। श्रीपाद नाइक को गोवा के अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। श्रीपाद नाइक केंद्रीय रक्षा राज्य और आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी मंत्री हैं।

उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से गोवा में केंद्रीय मंत्री श्रीपाद नाइक के इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बात की है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से बात की और उन्हें सर्वश्रेष्ठ उपचार प्रदान करने के लिए कहा। उन्‍होंने कहा कि यदि आवश्यकता हो तो केंद्रीय मंत्री श्रीपाद नाइक को दिल्ली के लिए शिफ्ट किया जाए। सीएम प्रमोद सावंत अस्‍पताल पहुंच गए हैं।

इलाज के बाद श्रीपद नाइक की हालत स्थिर है और वह सचेत हैं। बताया जा रहा है कि श्रीपद नाइक की कार में छह लोग सवार थे। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय दोनों लोग कहीं जा रहे थे। यह हादसा कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के अकोला में हुआ है, उस दौरान श्रीपद नाइक पत्नी के साथ कहीं जा रहे थे। बताया जाता है कि हादसे के बाद श्रीपद नाइक की पत्नी बेहोश थीं। उन्हें काफी देर तक होश नहीं आया। उनकी पत्नी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। 

शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

Related posts