US में पहली बार एक दिन में 2 लाख से ज्यादा मरीज आए, लगातार दूसरी लहर की चेतावनी

दुनिया में महामारी का कहर फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रहा। अमेरिका में स्थिति गंभीर बनी हुई है। जनवरी (पहला मामला सामने आने के बाद) के बाद से पहली बार 2 लाख मामले सामने आए हैं। वहीं, देश के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एलर्जी एंड इंफेक्शियस डिसीज के डायरेक्टर डॉ. एंथनी फॉसी ने एक के बाद लगातार दूसरी लहर आने की चेतावनी दी है।

NBC न्यूज चैनल के एक प्रोग्राम में फॉसी ने कहा कि अचानक से कुछ बदलने नहीं जा रहा। हालांकि अभी भी देर नहीं हुई है। लोग थैंक्सगिविंग की छुट्टियां मनाकर घर लौट रहे हैं। सभी मास्क पहने, बड़े ग्रुप न बनाएं और सोशल डिस्टेंसिंग बरकरार रखें।

दुनिया में अब तक कोरोना के 6 करोड़ 30 लाख 64 हजार 883 मामले सामने आ चुके हैं। 14 लाख 65 हजार 27 लोगों की मौत हो चुकी है। अच्छी बात ये कि अब तक 4 करोड़ 35 लाख 41 हजार 631 लोग ठीक हो चुके हैं।

चीन: वायरस पर नया प्रोपेगैंडा फैला रहा
पूरी दुनिया में कोरोनावायरस चीन के वुहान से ही फैला। अब चीन नया प्रोपेगैंडा फैला रहा है। चीनी मीडिया इस बात को बढ़-चढ़कर बता रहा है कि वायरस चीन से नहीं फैला। उनके देश में यह वायरस फ्रोजन फूड्स के जरिए किसी बाहर के देश से आया। ‘पीपुल्स डेली’ समेत कई चीनी अखबारों के मुताबिक- सभी सबूत इस बात की ओर इशारा करते हैं कि कोरोनावायरस आउटब्रेक वुहान में नहीं हुआ। चीन के पूर्व चीफ एपिडेमियोलॉजिस्ट झेंग गुआंग का कहना है कि वुहान में वायरस का पता चला, लेकिन वहां पैदा नहीं हुआ।

कोरोना प्रभावित टॉप-10 देशों में हालात

देश

संक्रमित मौतें ठीक हुए
अमेरिका 13,750,404 273,072 8,107,203
भारत 9,432,075 137,177 8,846,313
ब्राजील 6,314,740 172,848 5,578,118
रूस 2,269,316 39,527 1,761,457
फ्रांस 2,218,483 52,325 161,427
स्पेन 1,646,192 44,668 उपलब्ध नहीं
यूके 1,617,327 58,245 उपलब्ध नहीं
इटली 1,585,178 54,904 734,503
अर्जेंटीना 1,418,807 38,473 1,249,843
कोलंबिया 1,308,376 36,584 1,204,452

(आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं)

इन देशों के बारे में भी जानें
इराक: फरवरी के बाद पहली स्कूल खुल चुके हैं। हफ्ते में 6 दिन बच्चे पढ़ने जा रहे हैं। सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
लेबनान: आर्थिक मोर्चे पर जूझ रहे देश ने कोरोना प्रतिबंधों में कुछ छूट दी है, ताकि क्रिसमस और नए साल से पहले इकोनॉमी को कुछ बेहतर किया जा सके।
टर्की: यहां स्थिति लगातार बिगड़ रही है। रविवार को लगातार 7वें दिन रिकॉर्ड मौतें (185) हुईं।
फिलिस्तीन: सुविधाओं की कमी के चलते यहां भी मामले बढ़ रहे हैं। WHO ने गाजा के एक हॉस्पिटल में 15 वेंटिलेटर दिए हैं।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

फोटो लॉस एंजिल्स की है। अमेरिका में आज से कोरोना प्रतिबंधों रिन्यू हो रहे हैं। नई पाबंदियां लगें, इससे पहले रविवार को लोगों ने बीच पर जाकर लुत्फ उठाया।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts