12 दिन बाद बड़ी राहत, एक्टिव केस में 6 हजार से ज्यादा की गिरावट; आंकड़ा फिर 4.5 लाख से नीचे आया

देश में कोरोना के एक्टिव मरीज फिर एक बार 4.5 लाख से कम हो गए हैं। रविवार राहत भरा रहा और 6579 एक्टिव केस कम हो गए। यह 17 नवंबर के बाद सबसे बड़ी गिरावट है। तब 6685 एक्टिव केस कम हुए थे। बीते 24 घंटे में देश में 39 हजार 36 नए मरीज मिले, 45 हजार 152 ठीक हुए, जबकि 444 की मौत हो गई। देश में कोरोना से अब तक 94.32 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं, 88.46 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.37 लाख मरीजों की मौत हो चुकी है।

कोरोना ने एक और राजनेता की जान ले ली। राजस्थान की पूर्व शिक्षा मंत्री और राजसमंद से भाजपा विधायक किरण माहेश्वरी (59) का रविवार देर रात निधन हो गया। उनका गुड़गांव के मेदांता हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। वे 2004 में उदयपुर से लोकसभा सांसद भी चुनी गई थीं। 2009 में उन्होंने उदयपुर से सचिन पायलट के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन हार गईं। इस महामारी से जान गंवाने वाली वे राज्य की दूसरी नेता हैं। इससे पहले भीलवाड़ा की सहाड़ा सीट से कांग्रेस विधायक कैलाश त्रिवेदी का निधन हुआ था।

किरण माहेश्वरी के निधन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला समेत भाजपा-कांग्रेस के कई नेताओं ने शोक जताया। -फाइल फोटो

राजस्थान में कोरोना की नई गाइडलाइन जारी

  • राजस्थान सरकार ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए नई गाइडलाइन जारी की है। इसके मुताबिक, 31 दिसंबर तक स्कूल, कॉलेज और कोचिंग इंस्टीट्यूट बंद रहेंगे। सभी कंटेनमेंट जोन में लॉकडाउन जारी रहेगा। यहां केवल जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
  • सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स भी बंद रहेंगे। बड़े स्तर पर कोई भी सोशल, पॉलिटिकल, स्पोर्ट्स, कल्चरल, धार्मिक कार्यक्रम कराने की मंजूरी नहीं मिलेगी।
  • स्वास्थ्य विभाग की अलग-अलग टीम हाउस टू हाउस सर्विलांस करेगी।
  • रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक कोटा, जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, भिलवाड़ा, नागौर, पाली, टोंक, सीकर और गंगानगर के शहरी क्षेत्रों में आने वाले टाउन हेडक्वार्टर में भी कर्फ्यू लगा दिया है। यहां मार्केट, सभी तरह के वर्क प्लेस, कमर्शियल कॉम्पलेक्स शाम सात बजे बंद करने होंगे।

कोरोना अपडेट्स

  • एयरफोर्स ने स्पेशल फ्लाइट के जरिए सेंट्रल एशिया के एक देश में फंसे 50 भारतीय वैज्ञानिकों को रेस्क्यू किया। इनमें से कुछ कोविड पॉजिटिव हैं। इन सभी को दक्षिण भारत के एक एयरपोर्ट पर लैंड कराकर क्वारैंटाइन किया गया है। ये वैज्ञानिक एक समझौते के तहत सेंट्रल एशिया के एक देश में गए थे।
  • कोरोना की वैक्सीन कोवीशील्ड के गंभीर साइड इफेक्ट होने का आरोप लगा है। चेन्नई में ट्रायल के दौरान वैक्सीन लगवाने वाले एक 40 साल के वॉलंटियर ने यह आरोप लगाया है। कहा कि वैक्सीन का डोज लेने के बाद से उसे न्यूरोलाजिकल समस्याएं (दिमाग से जुड़ी परेशानी) शुरू हो गई हैं। उसने सीरम इंस्टीट्यूट से पांच करोड़ रुपए हर्जाना मांगा है।
  • पश्चिम बंगाल के एजुकेशन मिनिस्टर पार्था चटर्जी ने कहा कि फिलहाल स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय खोलने का कोई इरादा नहीं है। छात्रों को जल्द ही सिलेबस मुहैया करा दिए जाएंगे। ज्यादा फोकस ऑनलाइन एजुकेशन का होगा।एग्जाम भी ऑनलाइन कराने का विचार किया जा रहा है।
  • जम्मू कश्मीर में सभी स्कूल, कॉलेज और अन्य एजुकेशनल इंस्टीट्यूट 31 दिसंबर तक बंद रहेंगे। क्लास 9-12वीं तक के स्टूडेंट्स वॉलंटियर के तौर पर स्कूल विजिट कर सकते हैं। सिनेमा 50% दर्शकों की क्षमता के साथ खुल सकता है। शादी समारोह में 100 से ज्यादा लोगों के जुटने पर पाबंदी है। सभी तरह के धार्मिक स्थल पब्लिक के लिए खुले रहेंगे। हालांकि, इसमें कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। राज्य में बाहर से आने वाले टूरिस्ट को कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी।

देश में कोरोना की रफ्तार

  • देश में हर 10 लाख की आबादी में 6700 लोग संक्रमित मिल रहे हैं।
  • इतनी ही आबादी में मरने वालों की संख्या 99 है।
  • हर 10 लाख की आबादी में 100,684 लोगों की जांच हो रही है।
  • भारत में अभी 8,944 मरीज ऐसे हैं जिनकी हालत गंभीर है। मतलब ये ICU और वेंटिलेटर के सहारे हैं।
  • दुनिया में भारत 7वां देश है जहां सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। मतलब ऐसे मरीज जिनका इलाज चल रहा है।
  • भारत दुनिया का दूसरा सबसे संक्रमित देश है। पहले नंबर पर अमेरिका है। यहां 1.36 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमति हो चुके हैं।
  • दुनिया में सबसे ज्यादा मरीज अब तक भारत में ठीक हो चुके हैं।

5 राज्यों का हाल

1. दिल्ली

यहां रविवार को संक्रमण से जान गंवाने वालों की कुल संख्या नौ हजार के पार हो गई। अब तक 9 हजार 66 लोग दम तोड़ चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 68 मरीजों ने जान गंवाई। 4906 नए मरीज मिले और 6325 लोग ठीक हुए। इसी के साथ संक्रमितों का आंकड़ा अब 5 लाख 66 हजार 648 हो गया है। इनमें 5 लाख 22 हजार 491 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 35 हजार 91 मरीजों का इलाज चल रहा है।

2. मध्यप्रदेश

राज्य में रविवार को 1514 नए मरीज मिले। 1508 लोग ठीक हुए और 13 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 4 हजार 745 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 14 हजार 974 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 86 हजार 521 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 3250 हो गई है।

3. गुजरात

राज्य में रविवार को 1564 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 1451 लोग ठीक हुए और 16 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 8 हजार 278 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 14 हजार 789 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 89 हजार 520 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 3969 हो गई है।

4. राजस्थान

पिछले 24 घंटे के अंदर राज्य में 2581 नए मरीज मिले। 2556 लोग ठीक हुए और 18 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 65 हजार 386 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 28 हजार 758 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 34 हजार 336 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 2292 हो गई है।

5. महाराष्ट्र

राज्य में रविवार को 5544 नए मरीज मिले। 4362 लोग ठीक हुए और 85 की मौत हो गई। अब तक 18 लाख 20 हजार 59 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 90 हजार 997 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 16 लाख 80 हजार 926 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 47 हजार 71 हो गई है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

Coronavirus Outbreak India Cases LIVE Updates; Maharashtra Pune Madhya Pradesh Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today Mumbai Delhi Coronavirus News

Source: DainikBhaskar.com

Related posts