किसान आंदोलन पर बोले- पहले MSP के नाम पर छल किया गया और अब कृषि कानूनों पर झूठा डर दिखाया जा रहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने प्रयागराज-वाराणसी 6 लेन हाईवे का लोकार्पण किया। इसके बाद आमसभा में किसान आंदोलन को लेकर कहा कि MSP और यूरिया के नाम पर छल करने वाले अब कृषि कानूनों पर झूठा डर दिखा रहे हैं। जो कभी होने वाला ही नहीं है, उसे लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है।

मोदी का भाषण

  • आप सभी को देव दिवाली और गुरु परब की शुभकामनाएं। आज काशी को आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर का एक और उपहार मिल रहा है। इसका लाभ काशी के साथ ही प्रयागराज के लोगों को भी होगा।
  • मुझे याद है 2013 में मेरी पहली जनसभा इसी मैदान पर हुई थी और तब यहां से गुजरने वाला हाईवे 4 लेन का था। बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद ये हाईवे 6 लेन का हो चुका है।
  • पहले जो लोग हंडिया से राजातालाब आते-जाते थे, उन्हें मुश्किलों का पता है। 70 किमी का ये सफर अब आराम से होगा।
  • कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों और लोगों को जो परेशानी होती थी, वो भी खत्म हो जाएगी। इसका फायदा कुंभ के दौरान भी मिलेगा। आस्था से जुड़ी जगह हो या काम की, लोग आने-जाने से पहले यह देखते हैं वहां आना-जाना कितना आसान है।
  • नया हाईवे बनाना हो, पुल बनाना हो, रास्तों को चौड़ा करना हो, बनारस के इलाकों में अभी हो रहा है, उतना आजादी के बाद कभी नहीं हुआ। बनारस का सेवक होने के नाते मेरा प्रयास यही है कि यहां के लोगों का जीवन आसान हो।
  • बीते सालों में हजारों करोड़ के प्रोजेक्ट पूरे किए गए और कई पर काम चल रहा है। रेलवे स्टेशन की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। रिंग रोड का काम भी तेजी से चल रहा है। सुल्तानपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ से आने वाले वाहन बिना शहर में घुसे इस हाईवे से गुजर सकेंगे।
  • अच्छी सड़कें, अच्छी रेल सेवा, अच्छी और सस्ती हवाई सेवा समाज को सुविधा देती हैं। मध्यम वर्ग को इसका सबसे ज्यादा लाभ मिलता है। प्रोजेक्ट में बहुतों को रोजगार मिलता है। कोरोना के समय में मजदूरों के लिए ये प्रोजेक्ट आय का जरिया बने हैं।
  • योगी सरकार में इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट में तेजी आई है। पहले की स्थिति आप जानते हैं। आज यूपी एक्सप्रेस प्रदेश बन चुका है। पांच मेगा प्रोजेक्ट पर एक साथ काम चल रहा है।
  • 3-4 साल पहले यूपी में दो एयरपोर्ट प्रभावी थे, अब दर्जनभर एयरपोर्ट तैयार हो रहे हैं। इसके अलावा कुशीनगर के एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रूप में डेवलप किया जा रहा है। जब किसी क्षेत्र में आधुनिक कनेक्टिविटी का विकास होता है, तो सबका विकास होता है।
  • इसी साल देश के इतिहास में पहली बार चलते-फिरते कोल्ड स्टोरेज यानी किसान रेल शुरू की गई है। इससे किसानों की बड़े शहरों तक पहुंच बढ़ी है। वाराणसी समेत पूर्वांचल में जो बेहतरीन इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार हुआ है, उसका फायदा पूरे क्षेत्र को हुआ है।
  • सरकार के प्रयासों से किसानों को कितना फायदा है, इसका सबसे अच्छा उदाहरण चंदौली का काला चावल है। बेहतरीन काला चावल 300 रु किलो तक बिक रहा है। पहली बार ऑस्ट्रेलिया को ये चावल निर्यात हुआ है, वो भी 850 प्रति किलो में। इस कामयाबी को देखते हुए इस बार करीब एक हजार किसान काले चावल की खेती कर रहे हैं।

  • किसानों को एकजुट कर उन्हें फायदा देने के प्रयास जारी हैं। फसल बीमा योजना से देश के 4 करोड़ किसानों की मदद हुई है। करीब 77 हजार करोड़ के सिंचाई प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है।

काशी में PM का 23वां दौरा

बतौर PM संसदीय क्षेत्र में उनका यह 23वां दौरा है, जबकि दूसरे कार्यकाल में वे तीसरी बार यहां पहुंचे। आखिरी बार वे 16 फरवरी को काशी आए थे। PM मोदी पहली बार देव दीपावली (कार्तिक पूर्णिमा) पर आ रहे हैं। वहीं, पहली बार वे गंगा मार्ग से काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे। विश्वनाथ कॉरिडोर के विकास कार्यों को जायजा लेते हुए वे बाबा विश्वनाथ धाम पहुंचेंगे और वहां पूजा-अर्चना करेंगे।

अलकनंदा क्रूज से ही PM मोदी ललिता घाट पहुंचेंगे।

अलकनंदा क्रूज से PM काशीपति भगवान शिव के दरबार पहुंचेंगे
हाईवे के लोकार्पण के बाद मोदी हेलिकॉप्टर से डोमरी जाएंगे। फिर यहां से वे सड़क मार्ग से भगवान अवधूत राम घाट जाएंगे और अलकनंदा क्रूज पर सवार होकर ललिता घाट पहुचेंगे।

ललिता घाट से उनका काफिला विश्वनाथ मंदिर आएगा। यहां दर्शन-पूजन कर कॉरिडोर के विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। क्रूज से वापस राजघाट पहुचेंगे और दीप जलाकर दीपोत्सव की शुरुआत करेंगे। यहीं पावन पथ वेबसाइट का लोकार्पण होगा। राजघाट से ही प्रधानमंत्री मोदी क्रूज से रविदास घाट के लिए रवाना होंगे। चेत सिंह घाट पर 10 मिनट का लेजर शो देखेंगे।

रविदास घाट पहुंच कर कार से भगवान बुद्ध की तपोस्थली सारनाथ के लिए रवाना हो जाएंगे। यहां वे लाइट एंड साउंड शो देखेंगे और इसके बाद बाबतपुर एयरपोर्ट से दिल्ली वापस लौट जाएंगे। PM मोदी करीब सात घंटे काशी में रहेंगे।

इस बार काशी के 84 घाटों पर जलेंगे 15 लाख से अधिक दीपक।

पिछली बार से डेढ़ गुना ज्यादा जलेंगे दीप
देव दीपावली पर काशी के सभी 84 घाट दीपकों से रोशन होते हैं। हर साल लाखों लोग इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए पहुंचते हैं। लेकिन कोरोना संकट के चलते इस बार श्रद्धालुओं की संख्या सीमित कर दी गई है। हर एक शख्स के लिए मास्क अनिवार्य है। पिछले साल यहां 10 लाख दीये जलाए गए थे। लेकिन इस बार दीपों की संख्या में 5 लाख की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। 20-25 घाटों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

भगवान अवधूत राम घाट पर कॉटेज बनाए गए हैं।

21 बटुक और 42 कन्याएं कराएंगी आरती
इस दौरान 16 घाटों पर उनसे जुड़ी कथा की बालू से कलाकृतियां बनाई गई हैं। जैन घाट के सामने भगवान जैन की आकृति, तुलसी घाट के सामने विश्व प्रसिद्ध नाग नथैया के कालिया नाग की आकृति और ललिता घाट के सामने मां अन्नपूर्णा देवी की आकृति भी बनाई गई है। देव दीपावली पर प्रधानमंत्री खुद भी दीपदान करेंगे। दशाश्वमेध घाट पर महाआरती के दौरान 21 बटुक और 42 कन्याएं आरती में शामिल होंगी। सुरक्षा के लिहाज से एक दिसंबर तक काशी में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

काशी के 84 घाटों को सजाया गया।

देव दीपावली की अहमियत
मान्यता है कि देव दीपावली के दिन सभी देवता बनारस के घाटों पर आते हैं। कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नाम के राक्षस का वध किया था। त्रिपुरासुर के वध के बाद सभी देवी-देवताओं ने मिलकर खुशी मनाई थी। काशी में देव दीपावली का अद्भुत संयोग माना जाता है। इस दिन दीपदान करने का पुण्य फलदायी और विशेष महत्व वाला होता है। मान्‍यता है कि भगवान भोलेनाथ ने खुद धरती पर आकर तीन लोक से न्यारी काशी में देवताओं के साथ गंगा घाट पर दिवाली मनाई थी। इसलिए इस देव दीपावली का धार्मिक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी है।

घाटों पर बनी कलाकृतियां।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

वाराणसी में हाइवे का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts