कोवीशील्ड वैक्सीन का डोज लेने वाले वॉलंटियर ने मांगा 5 करोड़ हर्जाना; कहा- इससे दिमागी समस्याएं आने लगीं

कोरोना की वैक्सीन कोवीशील्ड (Covidshield Vaccine) के गंभीर साइड इफेक्ट होने का आरोप लगा है। चेन्नई में ट्रायल के दौरान वैक्सीन लगवाने वाले एक 40 साल के वॉलंटियर ने यह आरोप लगाया है। कहा कि वैक्सीन का डोज लेने के बाद से उसे न्यूरोलाजिकल समस्याएं (दिमाग से जुड़ी परेशानी) शुरू हो गई हैं। वॉलंटियर ने इसके लिए सीरम इंस्टीट्यूट से 5 करोड़ रुपए का हर्जाना मांगा है।

वॉलंटियर ने सीरम इंस्टीट्यूट के साथ इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) , ब्रिटेन की एस्ट्राजेनेका, ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI), ऑक्सफोर्ड वैक्सीन ट्रायल के चीफ इन्वेस्टीगेटर एंड्र पोलार्ड, यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड के द जेनर इंस्टीट्यूट ऑफ लेबोरेटरीज और रामचंद्र हायर एजुकेशन एंड रिसर्च के वाइस चांसलर को कानूनी नोटिस भेजा है। वॉलंटियर के एडवोकेट एनजीआर प्रसाद ने बताया कि को 21 नवंबर को नोटिस भेजा था। अभी तक किसी का जवाब नहीं आया है।

एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री ने सीरम इंस्टीट्यूट का जायजा लिया था
पुणे-बेस्ड सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) कोवीशील्ड बना रहा है। कोवीशील्ड को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और फार्मा कंपनी एस्ट्राजेनेका ने मिलकर बनाया है। यह वैक्सीन इस समय भारत में आखिरी स्टेज के ट्रायल में है। शनिवार को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीरम इंस्टीट्यूट जाकर वैक्सीन के तैयार होने का जायजा लिया था।

90% से ज्यादा असरदार होने का दावा
कोवीशील्ड के अंतिम फेज के ट्रायल्स दो तरह से किए गए हैं। पहले में दावा किया गया कि यह 62% असरदार दिखी, जबकि दूसरे में 90% से ज्यादा। औसत देखें तो इफेक्टिवनेस 70% के आसपास रही है। SII के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सुरेश जाधव ने हाल ही में दावा किया था कि वैक्सीन का प्रोडक्शन शुरू कर दिया है।
जनवरी से हर महीने 5-6 करोड़ वैक्सीन बनाने लगेंगे। सरकार से परमिशन मिलने पर सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।

मरीजों का आंकड़ा 93.94 लाख

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 93 लाख 94 हजार 039 हो गया है। इनमें 4 लाख 52 हजार 996 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 88 लाख 01 हजार 161 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1 लाख 36 हजार 733 हो गई है।

कोरोना अपडेट्स

  • हिमाचल प्रदेश सरकार ने किसी भी तरह के सामाजिक जमावडो में 50 लोगों से ज्यादा के शामिल होने पर रोक लगा दी है। अब केवल 50 लोग ही एक कार्यक्रम में शामिल हो पाएंगे। प्रदेश सरकार ने सभी सरकारी ऑफिस में 5 दिन ऑफिस से वर्क और 6वें दिन वर्क फ्रॉम होम करने का ऐलान किया है। ये आदेश 15 दिसंबर तक लागू रहेगा।

  • केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्हें पहले कानपुर के LLR हॉस्पिटल के कोविड आइसीयू में शिफ्ट किया गया था। जांच के दौरान पता चला कि उन्हें दोनों फेफड़ों में निमोनिया भी है। देर रात हालत में सुधार नहीं होते देख, उन्हें दिल्ली एम्स रेफर कर दिया गया है।
  • राजस्थान सरकार अब जल्द ही कोरोना जांच के लिए होने वाले RT PCR टेस्ट की रेट कम करने जा रही है। जल्द ही सिर्फ 800 रुपए देकर निजी लैब में टेस्ट करवाए जा सकेंगे। इसकी घोषणा खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को दी। उन्होंने कहा कि अब राजस्थान में आरटी पीसीआर टेस्ट की कीमत और कम की जाएगी। सबसे पहले 4 हजार का टेस्ट होता था। अब इस किट की कीमत और कम की जाएगी। जिसे जल्द ही तमाम निजी लैब में 800 रुपए में किया जाना तय करेंगे।
  • हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने बताया कि राज्य में 10 दिसंबर तक स्कूल बंद रहेंगे। इसके पहले 30 नवंबर तक बंद रखने का फैसला लिया गया था। कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देख इसे बढ़ाया गया है।
  • पुणे में एनसीपी के विधायक भारत भालके की मौत हो गई। कोरोना से ठीक होने के बाद उन्हें कुछ कॉम्पलीकेशन हुए थे, जिनका इलाज चल रहा था। इलाज कर रहे डॉक्टरों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

5 राज्यों का हाल

1. दिल्ली

राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे के अंदर 4998 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 6512 लोग रिकवर हुए और 89 की मौत हो गई। इसी के साथ यहां संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर अब 5 लाख 61 हजार 742 हो गया है। इनमें 36 हजार 578 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 5 लाख 16 हजार 166 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 8998 हो गई है।

2. मध्यप्रदेश

शनिवार को राज्य में 1634 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 1317 लोग रिकवर हुए और 13 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 3 हजार 231 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 14 हजार 981 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 85 हजार 13 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 3237 हो गई है।

3. गुजरात

राज्य में शनिवार को 1598 नए मरीज मिले। 1523 लोग ठीक हुए और 15 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 6 हजार 714 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14 हजार 692 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 88 हजार 69 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 3953 हो गई है।

4. राजस्थान

राज्य में शनिवार को 2765 लोग संक्रमित पाए गए। 2178 लोग रिकवर हुए और 19 की मौत हो गई। इसी के साथ संक्रमितों का आंकड़ा अब 2 लाख 62 हजार 805 हो गया है। इनमें 28 हजार 751 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 31 हजार 780 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 2274 हो गई है।

5. महाराष्ट्र

राज्य में शनिवार को 5965 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 3937 लोग रिकवर हुए और 88 की मौत हो गई। अब तक 18 लाख 14 हजार 515 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 89 हजार 905 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 16 लाख 76 हजार 564 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 46 हजार 986 हो गई है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

देश में 5 तरह के कोरोना वैक्सीन पर काम चल रहा है।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts