लखीसराय और भोजपुर में 3 हजार से ज्यादा लोगों ने चुनाव का बहिष्कार किया

बिहार में चुनाव है। तीन फेज में वोटिंग होनी है। आज पहले फेज की 71 सीटों पर वोटिंग जारी है। 1 हजार 66 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 952 पुरुष और 114 महिलाएं हैं। दूसरे फेज की वोटिंग 3 नवंबर और तीसरे फेज की वोटिंग 7 नवंबर को होगी। नतीजे 10 नवंबर को आएंगे।

कोरोना के चलते चुनाव आयोग ने वोटिंग का समय एक घंटे बढ़ाया है। लेकिन, अलग-अलग सीटों पर वोटिंग खत्म होने का समय अलग-अलग है। 4 सीटों पर सुबह 7 से शाम 3 बजे तक वोटिंग होगी। वहीं, 26 सीटों पर शाम 4 बजे तक, 5 सीटों पर 5 बजे तक, बाकी 36 सीटों पर 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।

71 सीटों पर वोटिंग का ट्रेंड

समय वोट %
8 बजे 2.4
9 बजे 6.74
11 बजे 18.48

मोदी और राहुल के ट्वीट

11 बजे तक किस जिले में कितनी वोटिंग

बांका 22.58%
मुंगेर 15.20%
जमुई 13.91%
भोजपुर 16.21%
बक्सर 19.10%
शेखपुरा 17.31%
कैमूर 16.98%
रोहतास 15.87%
अरवल 14.81%
गया 19.10%
लखीसराय 26.76%
पटना 18.97%
भागलपुर 23.01%
नवादा 23.42%
औरंगाबाद 19.79%
जहानाबाद 11.41%

अपडेट्स…

  • बिहार में सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई थी। कई बूथों पर कोरोना से बचाव के उपाय सैनिटाइजर और टेम्परेचर मापने के लिए थर्मल गन दिखी। हालांकि कई जगहों पर सोशल डिस्टेंसिंग नदारद रही। इसके साथ ही कई वोटरों और मतदान अधिकारियों ने मास्क पहनने में कोताही बरती। यहां तक कि लखीसराय में वोट डालने पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तो मास्क पहना था, पर उन्हें वोट डलवा रहे पीठासीन अधिकारी का मास्क ठुड्डी पर था।
  • कई बूथों पर गड़बड़ियां देखने को मिल रही हैं। गया के वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र में एक वोटर के हाथ पर लगाई गई स्याही ही मिट गई। यहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र से सटे बूथ पर पंकज नाम के वोटर वोट देकर जैसे ही बाहर निकले उनकी उंगली पर लगे निशान को लेकर सवाल किया गया। उन्होंने बताया कि उंगली पर निशान तो लगाया था, पर वह कुछ ही सेकंड के अंदर मिट गया। यह कौन सा निशान है, जो मिट जाता है।
  • मतदान शुरू होने से पहले औरंगाबाद के बालूगंज में दो IED मिले। CRPF ने सर्च अभियान के दौरान मिले इस IED को डिफ्यूज कर दिया। यह इलाका नक्सल प्रभावित हैं। इससे पहले मंगलवार को गया के इमामगंज में दो IED मिले थे। CRPF ने इसे भी डिफ्यूज कर दिया था।
  • आरा की शाहपुर विधानसभा के बिहीयां गांव के बूथ-286, मुंगेर विधानसभा 165 के बूथ-231, नौवागढ़ी महादेवपुर सरकारी बंगले पर EVM खराब होने से फिलहाल मतदान बाधित है। मुंगेर के नौवागढ़ी में EVM में राजद प्रत्याशी के चुनाव चिह्न के सामने बटन नदारद मिला।

  • नवादा जिले के हिसुआ विधानसभा क्षेत्र के फुलमा गांव के बूथ-258 पर भाजपा के पोलिंग एजेंट कृष्ण प्रसाद सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई। उन्हें अचानक सीने दर्द हुआ। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते वक्त उन्होंने दम तोड़ दिया।

  • गया शहरी विधानसभा क्षेत्र के स्वराजपुरी रोड स्थित बूथ पर महिलाओं ने हंगामा किया। उनका आरोप था कि भाजपा को वोट देने के लिए कुछ लोग दबाव बना रहे थे। इसके बाद महिलाएं लोग वहां मौजूद मतदानकर्मियों से उलझ पड़ीं। गया शहरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा नेता और राज्य के कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार प्रत्याशी हैं। कांग्रेस से अखौरी ओंकार नाथ यहां मैदान में हैं।

  • पटना जिले के पालीगंज और नवादा के हसनगंज में लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। ये लोग अपने इलाके की सड़क की समस्या को लेकर नाराज थे। वहीं, नवादा जिले के हसनगंज के बूथ-255 और 256 पर ग्रामीणों ने वोटिंग का बहिष्कार किया। 2 घंटे तक यहां एक भी वोट नहीं पड़ा।

  • काराकाट विधानसभा के सूर्यनाथ उच्च विद्यालय ओसांव रोहतास में खुले में ग्ल्व्स फेंके जा रहा है। पूछने पर पता चला कि यहां डस्टबिन नहीं दिया गया। शाहपुर के मतदान केंद्र पर न तो थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है और न वोटर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं।

  • लखीसराय के बालगुदर में लोगों ने वोटिंग का बहिष्कार किया। बूथ-115 और 115A को मिलाकर कुल 1414 वोटर्स हैं, लेकिन अब तक एक भी वोट नहीं पड़ा है। मंत्री विजय कुमार सिन्हा लोगों को वोट देने के लिए मनाने पहुंचे, लेकिन लोगों के गुस्से के सामने वो भाग निकले। मजिस्ट्रेट भोला मंडल ने अब तक एक भी वोट नहीं डाले जाने की पुष्टि की है।

  • भोजपुर के तरारी विधानसभा के कोसियर गांव के 2300 लोगों ने सड़क और स्कूल न बनने को लेकर वोटिंग का बहिष्कार किया।

  • कृषि मंत्री और भाजपा नेता प्रेम कुमार पर केस दर्ज होगा। चुनाव आयोग ने गया डीएम को केस दर्ज करने का निर्देश दिया है। प्रेम कुमार पार्टी चिह्न (कमल) का मास्क लगाकर वोटिंग करने पहुंचे थे। यह आचार संहिता के उल्लंघन है।

पहले फेज की 6 बड़ी बातें

  1. सबसे ज्यादा 27 उम्मीदवार गया टाउन और सबसे कम 5 उम्मीदवार कटोरिया सीट पर।
  2. सबसे ज्यादा 42 सीटों पर राजद, 41 पर लोजपा और 40 पर रालोसपा चुनाव लड़ रही है। भाजपा 29 पर और उसकी सहयोगी जदयू 35 पर मैदान में है। 22 सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार हैं।
  3. 31 हजार 371 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इसमें 31 हजार 371 कंट्रोल यूनिट और VVPAT यूज होंगे। 41 हजार 689 EVM का इस्तेमाल होगा।
  4. वोटर के लिहाज से हिसुआ सबसे बड़ी विधानसभा है। यहां 3.76 लाख मतदाता हैं। इनमें 1.96 लाख पुरुष, 1.80 लाख महिला और 19 ट्रांसजेंडर हैं।
  5. वोटर के लिहाज से बरबीघा सबसे छोटी विधानसभा है। यहां 2.25 लाख वोटर हैं। इनमें 1.17 लाख पुरुष, 1.08 लाख महिलाएं हैं।
  6. 328 उम्मीदवारों पर क्रिमिनल केस। 375 करोड़पति।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

Bihar Election 2020 Phase 1 Voting Live News Updates | Jitan Ram Manjhi Bahubali Anant Singh BJP Shreyasi Singh | Polling In 71 Seats Today, Test For JDU BJP RJD Congress

Source: DainikBhaskar.com

Related posts