बिहार चुनाव 2020: पहले चरण का मतदान जारी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मतदान किया – दैनिक जागरण

पटना,जेएनएन। विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 71 सीटों के लिए मतदान जारी है। इस दौरान दो करोड़ 14 लाख छह हजार 96 मतदाता 1066 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इसमें 952 पुरुष तथा 114 महिला प्रत्याशी हैं। औरंगाबाद के ढिबरा इलाके में दो IED बरामद किया गया। सीआरपीएफ की बम निरोधक टीम के द्वारा दोनों बम को डिफ्यूज किया गया। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मतदान किया। 

कोरोना संक्रमण के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग के दिशानिर्देश का सख्ती से पालन किया जा रहा है। पहले चरण में मतदान के लिए 31 हजार 380 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिन सीटों पर 16 से अधिक प्रत्याशी हैं, वहां दो-दो बैलेट यूनिट की व्यवस्था है। इस चरण में 41 हजार 689 बैलेट यूनिट का उपयोग होगा। कोरोना संक्रमित या मानक से अधिक तापमान वाले मतदाताओं को अंतिम घंटे में मतदान करना का मौका मिलेगा।

LIVE Bihar Assembly Election 2020 First Phase Voting

– जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी, बक्सर ने मतदान किया एवं बक्सर जिला के मतदाताओं से मतदान करने की अपील भी की।

– केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में लखीसराय के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। गिरिराज सिंह ने बताया, ‘मशीन खराब हो गई थी, इंतजार करना पड़ा लेकिन एक मतदाता के नाते मेरा निश्चय दृढ़ था कि बिना मतदान किए यहां से नहीं जाऊंगा।’

– आरा के एक मतदान केंद्र पर बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान चल रहे हैं। कोरोना महामारी में हो रहे इस चुनाव में मतदान केंद्र पर थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजेशन के इंतजाम किए गए हैं।

– लोकतंत्र के महापर्व में अलग अलग रंग दिख रहे हैं। कहीं मतदाताओं में काफी उत्साह दिख रहा है, तो कहीं मतदाताओं की कम भीड़ दिख रही है। कोरोना से बचाव के लिए शारीरिक दूरी का पालन करना अनिवार्य है। लेकिन, मतदान केंद्र संख्या 112 और 113 पर मतदाता शारीरिक दूरी के अनुपालन के प्रति लापरवाह दिखे।

– बिहार: मुंगेर के एक मतदान केंद्र पर बिहार विधानसभा चुनाव के मतदान चल रहे हैं। शारीरिक दूरी के लिए मतदान केंद्र पर निशान बनाए गए हैं। 

– पोलिंग सेंटरों पर सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ दिखना शुरू हो गई है। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर दिशानिर्देशों का पालन करते हुए मतदान कराया जा रहा है। गया के एक मतदान केंद्र पर मतदान करते मतदाता।

– औरंगाबाद के ढिबरा इलाके में नक्सलियों के द्वारा लगाए गए दो आइइडी बम बरामद किया गया है। सीआरपीएफ की बम निरोधक टीम के द्वारा दोनों बम को डिफ्यूज किया गया।

– लखीसराय के मतदान केंद्र संख्या 168 पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में समस्या आई। मतदान शुरू होने का इंतजार करते केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह।

राजद की सबसे अधिक सीटें दांव पर

पहले चरण में सबसे अधिक राजद की सीटें दांव पर हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में इन 71 सीटों में सर्वाधिक 27 सीटें राजद के खाते में आई थीं। इसके बाद जदयू की 17, भाजपा की 13, कांग्रेस की नौ, भाकपा माले की दो सीटों और हम व रालोसपा की एक-एक सीट दांव पर हैं। मोकामा की सीट निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अनंत सिंह ने जीती थी जो इस बार राजद के टिकट पर खड़े हैं।

सभी बूथों पर अर्धसैनिक बल तैनात

पहले चरण के सभी बूथों पर अर्ध सैनिक बल के जवान तैनात हैं। नक्सल प्रभावित इलाकों में शाम चार बजे तक ही मतदान होगा। कुल 35 विधानसभा क्षेत्रों में शाम 4:00 बजे तक मतदान होना है। इन क्षेत्रों में अर्ध सैनिक बल के जवान हेलीकॉप्टर से भी निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा लैंड माइंस आदि पर निगाह रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग हो रही है। इसके लिए एंटीलैंड माइंस व्हीकल लगाए गए हैं।

बूथों पर व्यवस्था

मतदाताओं को कतार में खड़े रहने के लिए केंद्र में गोला बनाया गया है। लाइन लंबी होने पर उनके बैठने की भी व्यवस्था है। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर हैंडवॉश, पानी और पर्याप्त मात्रा में सैनिटाइजर उपलब्ध है। इसके अलावा मतदान कर्मियों को पीपीइ किट दिया गया है।

राज्य में तीन चरणों में मतदान

बता दें कि राज्य में तीन चरणों में मतदान होने हैं। अन्य दो चरणों के लिए मतदान 3 और 7 नवंबर को होगा। मतों की गिनती 10 नवंबर को होगी। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 71 सीटों पर आज मतदान होगा। इस दौरान 1,066 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला दो करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे।  एनडीए में, जेडीयू 115 सीटों पर, भाजाप 110, विकासशील इंसान पार्टी 11 सीटों पर और जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा राज्य की कुल 243 सीटों में से सात सीटों पर चुनाव लड़ रही है। महागठबंधन की ओर से राजद 144 , कांग्रेस 70, सीपीआइ-एमएल 19, सीपीआइ छह और सीपीआइ-एम चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

यहां पढ़ें- बिहार में हो रहे पहले के मतदान पर किसने क्या कहा 

डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

Related posts