मोदी देश की जिस पहली सी-प्लेन सर्विस का उद्घाटन करेंगे, उसका जहाज 50 साल पुराना

देश में केवडिया और अहमदाबाद के बीच पहली सी-प्लेन सर्विस 1 नवंबर से शुरू हो सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अक्टूबर को इस सर्विस का उद्घाटन करेंगे। दिलचस्प यह है कि सी-प्लेन सर्विस तो देश में पहली बार शुरू होगी, पर इसमें इस्तेमाल होने वाला विमान 50 साल पुराना है। हालांकि, सर्विस को ऑपरेट करने वाली एयरलाइन का दावा है कि ये सी-प्लेन बढ़िया हालत में है।

यह सी-प्लेन सोमवार को मालदीव से कोच्चि और फिर गोवा होते हुए केवडिया (गुजरात) पहुंचा है। इसकी कैपेसिटी 19 पैसेंजर की है।

136 किमी. की दूरी 45 मिनट में तय होगी

केवडिया (नर्मदा जिला) से साबरमती रिवरफ्रंट-अहमदाबाद के बीच की 136 किमी की दूरी सी-प्लेन 45 मिनट में तय करेगा। सी-प्लेन की हवाई ट्रिप रोज सुबह आठ बजे अहमदाबाद से शुरू होगी। हर दिन सी-प्लेन निर्धारित रूट पर आठ ट्रिप लगाएगा। प्रति व्यक्ति टिकट दर 4800 रु. तय की गई है। इस प्लेन में एक बार में 14 यात्री जा पाएंगे। 5 क्रू-मेंबर होंगे। सी-प्लेन उड़ाने के लिए 6 महीने तक विदेशी पायलट भारतीय पायलट को ट्रेनिंग देगा।

स्पाइस जेट करेगी सी-प्लेन को ऑपरेट

ये सी-प्लेन कनाडा, तुर्की, मालदीव में सेवाएं दे चुका है और अब गुजरात में सर्विस देगा। स्पाइस जेट इसका संचालन करेगी। रजिस्ट्रेशन नंबर 8Q-ISC वाले इस सी-प्लेन का निर्माण 1971 में कनाडा की डे हेविलेंड ने किया था। कंपनी ने इसकी पहली डिलीवरी कनाडा की ही ओटावा की रॉयल कैनेडियन माउन्टेड पुलिस को दी। तब से इसके तीन मालिक बदल चुके हैं।

अभी सी-प्लेन का रजिस्ट्रेशन मालदीवियन एयरलाइंस के पास है। 2016 में 8 अगस्त को मालदीवियन एयरलाइंस ने यह सी-प्लेन खरीदा था।

अच्छी कंडीशन में है सी-प्लेन: स्पाइस जेट
50 साल पुराने सी-प्लेन के सुरक्षा पहलुओं पर भास्कर के सवाल के जवाब में स्पाइस जेट के प्रवक्ता ने बताया कि यह सी-प्लेन सबसे सुरक्षित एयरक्रॉफ्ट में से एक है। नियमित तौर पर इस एयरक्रॉफ्ट की सर्विस हुई है और यह टॉप-क्लास कंडीशन में है। स्पाइस जेट के लिए अपने मुसाफिर, क्रू और एयरक्रॉफ्ट की सुरक्षा प्राथमिकता में है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

19 यात्रियों की क्षमता वाला सी-प्लेन सरदार सरोवर नर्मदा बांध के तालाब-3 में उतरा।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts