Jinnah In Bihar Election: जाले सीट बना कांग्रेस के जी का जंजाल! जिन्ना के नाम पर बिहार में सफाई पर सफाई दे रही पार्टी – Navbharat Times

पटना:
बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2020) में आतंकवाद, राष्ट्रवाद और माओवाद के बाद अब ‘मोहम्मद अली जिन्ना’ (Muhammad Ali Jinnah) की एंट्री हो गई है। बिहार चुनाव में ‘जिन्ना’ की एंट्री होने की वजह कांग्रेस (Congress) के जाले विधानसभा सीट (Jale Assembly Seat) से मशकूर अहमद उस्मानी (Mashkur Ahmed Usmani) को टिकट दिया जाना है। कांग्रेस के लिए दरभंगा की जाले सीट गले की फांस बनती दिख रही है। यहां के उम्मीदवार मशकूर अहमद उस्मानी पर बवाल इतना बढ़ गया है कि कांग्रेस के दिग्गजों को सफाई देने के लिए आगे आना पड़ रहा है। जिन्ना का जिन्न ऐसे समय में बाहर निकला है जब बिहार में चुनाव हैं। कांग्रेस को ये डर है कि कहीं एक उम्मीदवार का खामियाजा पूरे चुनाव में पार्टी को नुकसान न पहुंचा दे।

मशकूर के समर्थन में सुरजेवाला उतरे मैदान में
शनिवार को कांग्रेस के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला को मशकूर पर सफाई देने के लिए आगे आना पड़ा है। रणदीप सुरजेवाला ने इस दौरान कहा है किबिहार चुनाव के लिए जाले निर्वाचन क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार मशकूर अहमद उस्मानी ने कभी जिन्ना की विचारधारा का समर्थन नहीं किया।

आपको बता दें कि 2019 में उस्मानी पर राष्ट्रविरोधी नारे लगाने के लिए राजद्रोह के आरोप के तहत मामला दर्ज किया गया था। हाल ये हो गया था कि 2020 में ट्विटर ने सफूरा जरगर और मीरान हैदर की गिरफ्तारी पर गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम की आलोचना करने के लिए उनके ट्विटर हैंडल को भी सस्पेंड कर दिया था।

गिरिराज ने घेर रखा है कांग्रेस को
मशकूर अहमद उस्मानी को टिकट देने का विरोध पार्टी के नेताओं सहित भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) से लेकर एनडीए (NDA) के सहयोगी दल तक कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने मशकूर अहमद उस्मानी को टिकट दिए जाने पर सवाल खड़े किया है। गिरिराज सिंह ने महागठबंधन से इस पर स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। गिरिराज सिंह ने यह भी कहा कि लालू यादव के राज में भी बिहार में सिमी (SIMI) काफी पनप चुका था।

उस्मानी को लेकर गिरिराज सिंह ने लालू को भी लपेटा
उस्मानी को टिकट दिए जाने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि राजद (RJD), कांग्रेस (Congress) और महागठबंधन (Mahagathbandhan) के तमाम साथियों को बताना होगा कि क्या वो जिन्ना के साथ है, क्या वो देश को तोड़न वालों के साथ हैं या गांधी के साथ हैं। गिरिराज सिंह ने कहा कि मशकूर उस्मानी का फोटो खालिद अंसारी के साथ नहीं है। कांग्रेस और महागठबंधन के स्टार प्रचारक में अब शारजील इमाम (Sharjeel Imam) आए हैं। उन्होंने कहा कि उस दिन बहुत बुरा लगा जब नित्यानंद राय के आतंकवाद वाले बयान पर बहुत हंगामा मचा। मैं पूछता हूं कि लालू यादव (Lalu Yadav) के शासन काल में पटना में सिमी का कार्यालय था कि नहीं। बाद में उस पर बैन लगा कि नहीं। क्या वो आतंकवादी संगठन नहीं है। जो इतिहास होता है लोग भविष्य में उसी को भी देखते हैं।

Related posts