कहां-कब, कौन सी मूवी से शुरुआत? यहां जानें सिनेमाघरों टिकट रेट का ‘नया’ हिसाब – Navbharat Times

हाइलाइट्स:

  • केंद्र सरकार की ओर से सिनेमाघरों को 15 अक्टूबर से खोलने की इजाजत मिली है
  • दिल्ली के ज्यादातर सिनेमाघर इसके एक दिन बाद यानी कि 16 अक्टूबर शुक्रवार को खुलेंगे
  • आईनॉक्स सिनेमाज के प्रवक्ता का कहना है, सरकार की गाइडलाइंस के मुताबिक सिनेमाघरों को तैयार करने में वक्त लग रहा है

नई दिल्ली
करीब सात महीने लंबे लॉकडाउन के बाद केंद्र सरकार की ओर से सिनेमाघरों को 15 अक्टूबर से खोलने की इजाजत मिली है, लेकिन राजधानी दिल्ली के ज्यादातर सिनेमाघर इसके एक दिन बाद यानी कि 16 अक्टूबर शुक्रवार को खुलेंगे। सिनेमा इंडस्ट्री के जानकारों के मुताबिक गुरुवार को सिर्फ चुनिंदा सिनेमाघर खुलेंगे।

अपने सिनेमा हाउस खोलने की घोषणा करने वाले आईनॉक्स सिनेमाज के प्रवक्ता ने बताया, ‘दिल्ली एनसीआर में हमारे कुछ सिनेमाज 15 अक्टूबर गुरुवार से खुल रहे हैं।’ उनका कहना है कि सरकार की गाइडलाइंस के मुताबिक सिनेमाघरों को तैयार करने में वक्त लग रहा है। हालांकि, अभी अगर मल्टिप्लैक्स में 5 स्क्रीन हैं, तो वहां पर 2 या 3 स्क्रीन ही खोली जाएंगी। दिनभर में सिर्फ 2 से 3 शोज ही चलेंगे। सिनेपॉलिस सिनेमाज ने भी अपने सिनेमाघरों को गुरुवार से खोलने की घोषणा की है।

यहां 16 अक्टूबर से शुरू होंगे शो
बॉलिवुड में नई फिल्में हमेशा से शुक्रवार को रिलीज होती रही हैं। इस वजह से ज्यादातर सिनेमावालों ने अपने सिनेमाघरों को गुरुवार की बजाए शुक्रवार को खोलने का फैसला किया है। नई दिल्ली स्थित डिलाइट सिनेमा के सीईओ राजकुमार मेहरोत्रा ने बताया, ‘हमारे दोनों सिनेमा शुक्रवार से शुरू हो जाएंगे। जबकि कुछ सिनेमावाले सिनेमा खोलने के लिए नवरात्रि शुरू होने का भी इंतजार कर रहे हैं।’ मल्टिप्लैक्स चेन पीवीआर सिनेमाज में भी पब्लिक के लिए 16 अक्टूबर से शो शुरू होंगे।

गाइडलाइंस के मुताबिक सिनेमा हॉल
पीवीआर सिनेमाज के सीईओ गौतम दत्ता ने बताया, ‘इतने लंबे समय बाद सिनेमा खुलने पर हम बेहद खुश हैं। फिलहाल हमारे लिए अपने दर्शकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है।’ उधर वेव सिनेमाज के वाइस प्रेसिडेंट योगेश रायजादा ने बताया, ‘हमारे सिनेमाज शुक्रवार से खुल रहे हैं। दरअसल, सरकार की ओर काफी सुरक्षा निर्देश जारी किए गए हैं। इसलिए जैसे-जैसे सिनेमा उसके मुताबिक तैयार होते जाएंगे, वैसे-वैसे हम उन्हें खोलते जाएंगे। जबकि कार्निवल सिनेमाज के प्रवक्ता के मुताबिक देशभर में उनके सिनेमाघर भी शुक्रवार से ही शुरू होंगे।

‘30% ही सिंगल स्क्रीन खोलने की तैयारी’
सिंगल स्क्रीन वाले केवल चुनिंदा सिनेमा मालिक ही फिलहाल अपने सिनेमाघरों को खोलने की प्लानिंग कर रहे हैं। इस बारे में बात करने पर दिल्ली यूपी और उत्तराखंड के फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स और सिनेमा एग्जीबिटर्स की संस्था मोशन पिक्चर्स असोसिएशन के जनरल सेक्रटरी जोगिंदर महाजन ने बताया, ‘फिलहाल राजधानी में करीब 30 फीसदी सिंगल स्क्रीन ही खुलने वाले हैं, सिंगल स्क्रीन के लिए महज 50 फीसदी दर्शकों के साथ सिनेमा खोलना काफी महंगा पड़ने वाला है।’ वहीं सिनेमा ओनर और एग्जीबिटर संजय घई ने बताया, ‘सिंगल स्क्रीन वालों के लिए सिर्फ सिनेमा का खर्च करीब 5 लाख रुपये महीना होता है। हमें सरकार की ओर से कोई रियायत भी नहीं मिली है। ऐसे में, बिना नई फिल्मों के कम दर्शकों के साथ सिनेमा खोलना हमारे लिए घाटे का सौदा होगा। इसलिए शुरुआत में सभी सिंगल स्क्रीनवाले सिनेमा नहीं खोल रहे हैं।’

कितने का टिकट, कितना फायदा?
लंबे अरसे बाद सिनेमा खुलने पर फिल्मों के चाहने वाले दर्शक उत्साहित हैं। वहीं, सिनेमावालों ने भी उनके स्वागत के लिए कम दाम में फिल्में दिखाने का फैसला किया है। आईनॉक्स सिनेमा के प्रवक्ता ने बताया कि लॉकडाउन के बाद दोबारा सिनेमा खुलने पर हमारे टिकटों के दाम 99 रुपये से शुरू होंगे। हम दर्शकों को दोबारा सिनेमा में लाने के लिए सभी प्रयास करेंगे। वहीं डिलाइट सिनेमा के सीईओ आर के मेहरोत्रा का कहना है, ‘लॉकडाउन के बाद फिलहाल नई फिल्में रिलीज नहीं होने की वजह से पुरानी सुपरहिट फिल्में ही रिलीज हो रही हैं। हमने अपने दर्शकों को लुभाने के लिए टिकटों के दामों में 50 फीसदी तक की कमी की है।’ जानकारों के मुताबिक पहले हफ्ते में लॉकडाउन से पहले रिलीज हो चुकीं हिट फिल्मों तानाजी, थप्पड़, वॉर, शुभ मंगल ज्यादा सावधान, केदारनाथ और मलंग को दोबारा रिलीज किया जा रहा है।

Related posts