कोरोना से ठीक होने के मामले में भारत दुनिया में सबसे आगे खड़ा, कम हुए एक्टिव केस – दैनिक जागरण (Dainik Jagran)

नई दिल्ली, एएनआइ। Coronavirus India Update, दुनियाभर में कोरोना संकट का कहर अब काफी तेजी से बढ़ रहा है। भारत भी कोरोना से अछूता नहीं है। देश में कोरोना के अब प्रतिदिन 80 हजार से अधिक मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन इस बीच भारत के लिए कुछ राहत की भी खबर है। भारत, फिलहाल दुनिया के सभी देशों में कोरोना से ठीक होने यानि रिकवरी के मामले में सबसे आगे बना हुआ है। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि कोरोना से ठीक होने वाले(रिकवरी) के मामले में भारत दुनिया में पहले नंबर पर बना हुआ है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक ट्वीट में कहा कि कि कोरोना से रिकवरी(52 लाख से अधिक) के मामले में भारत दुनिया में सबसे आगे बना हुआ है। ठीक हुए कोरोना मरीजों की अधिकतम संख्या के साथ भारत ने एक मील का पत्थर पार कर लिया है। उन्होंने साथ ही बताया कि देश में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या भी तेजी से घट रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, बीते 10 दिनों से लगातार देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 10 लाख से नीचे बनी हुई है, जो की सकारात्मक है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में रोज हो रही रिकवरी और मृत्यु दर में लगातार हो रही कमी के कारण सक्रिय मामलों की संख्या कम है।

देश में करीब 84% लोग कोरोना से ठीक हुए

शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी कोरोना वायरस के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब तक कुल 53 लाख 52 हजार 78 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। बीते 24 घंटों में देश में 78,877 लोग ठीक हुए हैं। देश में कोरोना की रिकवरी दर 83.70 फीसद है जबकि एक्टिव दर 14.74 फीसद है। भारत में कोरोना से मौत की दर 1.56 फीसद पर है।

पिछले 24 घंटों में 81,484 नए मामलों और 1,095 मौतों के साथ भारत में कोरोना के कुल मामले 63 लाख 94 हजार 69 तक पहुंच गए हैं। देश में एक्टिव केसों की बात करें तो 9 लाख 42 हजार 217 एक्टिव केस हैं। कोरोना से मौत का आंकड़ा 99,773 तक जा पहुंचा है।

देश में अब तक 7 करोड़ टेस्ट

कोरोना टेस्टिंग की बात की जाए तो देश में अब तक सात करोड़ से अधिक सैंपल का टेस्ट हो चुका है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के मुताबिक, एक अक्टूबर तक देश में 7 करोड़ 67 लाख 17 हजार 728 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं । बीते 24 घंटों में देश में 10 लाख 97 हजार 947 सैंपल टेस्ट हुए हैं। 

डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

Related posts