Hathras Rape Case: हाथरस के लिए रवाना हुईं प्रियंका, पुलिस और प्रशासन अलर्ट – अमर उजाला

उत्तर प्रदेश के हाथरस में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता को इंसाफ दिलाने के लिए देशभर में गुस्सा है। पीड़िता की मौत के बाद उसका जबरन अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसे लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। इस मामले पर सूबे की योगी आदित्यनाथ सरकार विपक्ष के निशाने पर है। इसी बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को पीड़िता के परिवार से हाथरस में मुलाकात करेंगे। वहीं हाथरस के जिलाधिकारी का कहना है कि जिले की सीमाएं सील हैं और धारा 144 लागू कर दी गई है।

विज्ञापन

जंगल राज के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें योगी: अनिल देशमुख

यूपी में दुष्कर्म की घटनाओं पर महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा, ‘हमने पिछले कुछ महीनों के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दूसरों को सलाह देते हुए देखा। मैं उन्हें अपने राज्य की देखभाल करने और वहां प्रचलित ‘जंगल राज’ के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का सुझाव देता हूं।’

हाथरस के लिए निकलीं प्रियंका
प्रियंका गांधी वाड्रा हाथरस के लिए रवाना हो गई हैं। उनके साथ राहुल गांधी नहीं हैं।

प्रियंका और राहुल के गांव आने की सूचना पर पुलिस प्रशासन बेहद अलर्ट
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बिटिया के गांव आने की सूचना पर पुलिस प्रशासन बेहद अलर्ट हो गया है। जिले की सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं और सघन चेकिंग कराई जा रही है। बिटिया के गांव को जाने वाले सभी रास्तों को रोक दिया गया हैl वहीं कांग्रेस के कुछ नेता राहुल और प्रियंका को अपने साथ लाने के लिए दिल्ली बॉर्डर पर पहुंच गए हैं।

राजस्थान के बारां और हाथरस की तुलना ठीक नहीं: गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान के बारां में हुई घटना की तुलना हाथरस से होने को दुर्भाग्य बताया है। उन्होंने कहा, ‘हाथरस में हुई घटना बेहद निंदनीय है, उसकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है लेकिन दुर्भाग्य से राजस्थान के बारां में हुई घटना को हाथरस की घटना से कंपेयर (तुलना) किया जा रहा है। जबकि बारां में बालिकाओं ने स्वयं मजिस्ट्रेट के समक्ष दिए 164 के बयानों में अपने साथ ज्यादती नहीं होने एवं स्वयं की मर्जी से लड़कों के साथ घूमने जाने की बात कही। बालिकाओं का मेडिकल भी करवाया गया एवं अनुसंधान में सामने आया कि लड़के भी नाबालिग हैं, जांच आगे भी जारी रहेगी। घटना होना एक बात है और कार्यवाही होना दूसरी, घटना हुई तो कार्यवाही भी तत्काल हुई। इस केस को मीडिया का एक वर्ग और विपक्ष हाथरस जैसी वीभत्स घटना से कंपेयर करके प्रदेश और देश की जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।’

राजस्थान का दौरा क्यों नहीं कर रहे राहुल-प्रियंका
यूपी के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा, ‘वे (कांग्रेस नेता) राजस्थान का दौरा क्यों नहीं कर रहे हैं? क्या सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी राजस्थान में हो रही घटनाओं पर जवाब नहीं देंगे? वे जिले का दौरा कर इस मुद्दे पर (हाथरस दुष्कर्म की घटना) राजनीति करना चाहते हैं।’

राजनीतिक पर्यटन के जरिए हो रही है तनाव बढ़ाने की कोशिश: नकवी
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने उत्तर प्रदेश में दुष्कर्म की हालिया घटनाओं पर कहा, ‘बर्बर अपराधियों को निश्चित रूप से उनकी बर्बरता के लिए दंडित किया जाएगा। जांच दल जांच को आगे बढ़ा रहे हैं। लेकिन मुझे लगता है कि इसपर राजनीतिक पर्यटन नहीं होना चाहिए। जो लोग राजनीतिक पर्यटन के माध्यम से तनाव बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। हर कोई दुखी है और दोषियों के लिए सजा चाहता है, उत्तर प्रदेश सरकार इसके लिए काम कर रही है। आप जल्द ही परिणाम देखेंगे।’

भाजपा का नारा ‘तथ्य छुपाओ, सत्ता बचाओ’ है: राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने योगी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा का नारा बेटी बचाओ नहीं, ‘तथ्य छुपाओ, सत्ता बचाओ’ है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘ उत्तर प्रदेश के जंगलराज में बेटियों पर ज़ुल्म और सरकार की सीनाज़ोरी जारी है। कभी जीते-जी सम्मान नहीं दिया और अंतिम संस्कार की गरिमा भी छीन ली। भाजपा का नारा ‘बेटी बचाओ’ नहीं, ‘तथ्य छुपाओ, सत्ता बचाओ’ है।’

मायावती ने यूपी सरकार पर साधा निशाना
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने कहा, ‘हाथरस की घटना के बाद, मुझे उम्मीद थी कि यूपी सरकार महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। लेकिन बलरामपुर में एक दलित छात्रा के साथ ऐसा ही अपराध किया गया है। भाजपा की यूपी सरकार के तहत अपराधियों, माफियाओं और बलात्कारी खुले तौर पर घूम रहे हैं। महिलाओं के खिलाफ बिना किसी अपराध के यूपी में एक भी दिन नहीं बीतता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस्तीफा दे देना चाहिए अगर वह महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकते। वह राज्य में कानून और व्यवस्था बनाए रखने में असमर्थ है। मैं केंद्र से आग्रह करता हूं कि उन्हें उनके स्थान गोरखनाथ मठ पर भेजा जाए। योगी से प्रदेश नहीं संभल रहा
 है। यूपी में नेतृत्व परिवर्तन होना चाहिए। राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू होना चाहिए।’ 

Related posts