India Coronavirus News: पिछले 4 दिनों में रिकवरी की संख्या नए कोरोना के मामलों से ज्यादा : स्वास्थ्य मंत्रालय – दैनिक जागरण (Dainik Jagran)

नई दिल्ली, एएनआइ। India Coronavirus News: देश में कोरोनावायरस की स्थिति को लेकर प्रेस कांफ्रेंस में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने कहा कि पिछले 4 दिनों में रिकवरी के मामलों की संख्या नए कोरोना के मामलों से ज्यादा हो गई है। ये विश्व की सबसे बड़ी संख्या है। भारत में रिकवर मामलों की संख्या 44 लाख 90 हजार से ज्यादा हो गई है। देश का रिकवरी रेट 80 प्रतिशत से अधिक हो चुका है। पिछले 24 घंटों में देश में 1 लाख से ज्यादा रिकवरी दर्ज की गई । हम कोरोना के मामलों को पहले डिटेक्ट कर पाएं हैं, जिस वजह से रिकवरी की स्थिति अच्छी है। विश्व के कुल कोरोना के मामलों का 17.7 फीसदी भारत में हैं। विश्व की कुल रिकवरी का 19.5 फीसदी हिस्सा भारत से है। 

उन्होंने कहा कि अब तक हम 6.5 करोड़ टेस्ट कर चुके हैं। पिछले शनिवार हमने एक दिन में 12 लाख टेस्ट किए थे।  हमने 7 जुलाई तक 1 करोड़ टेस्ट किए थे। 1 करोड़ से 3 करोड़ टेस्ट तक पहुंचने में देश को 27 दिन लगे। इसी बीच हम 1100 लैब से 1300 लैब पर पहुंचे।  प्रति 10 लाख आबादी पर मामले देखें तो हमारे यहां 4000 के करीब कोविड मामले हैं, अभी भी कई देशों में यह संख्या 20000 के पास है। प्रति 10 लाख आबादी पर हमारे यहां 64 मृत्यु होती हैं, अन्य देशों में यह 500-600 से भी अधिक है। 

 उन्होंने कहा कि देश में फिलहाल कोरोना के 9,75,861 सक्रिय केस हैं, अब तक 44,97,867 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 88,935 लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामले कुल केस का 17.54 फीसदी हैं, जबकि रिकवर हुए लोगों का प्रतिशत 80.86 है। अब तक 1.60 फीसदी लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, यूपी, दिल्ली और पश्चिम बंगाल में ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। 

डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

Related posts