गहलोत विधायकों से चर्चा करने जैसलमेर पहुंचे, कहा- कांग्रेस छोड़कर जाने वालों के लिए हर घर में गुस्सा, उम्मीद है ज्यादातर लौट आएंगे

राजस्थान के सियासी घमासान के बीच रविवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जैसलमेर पहुंचे। वे यहां कांग्रेस विधायकों से प्रदेश में मौजूदा सियासी हालात और आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगे। 14 अगस्त से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र के लिए भी रणनीति बनाई जा रही है। कांग्रेस ने एक टीम बनाई है, जो सदन में फ्लोर मैनेजमेंट का जिम्मा संभालेगी। जैसलमेर में अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस छोड़ने वालों के लिए हर घर में गुस्सा है। उम्मीद है, कांग्रेस छोड़ने वाले इस बात को समझकर हमारे पास वापस लौट आएंगे।

रविवार सुबह से जैसलमेर के सूर्यागढ़ में कांग्रेस नेताओं के बीच फ्लोर मैनेजमेंट पर चर्चा शुरू हो चुकी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल, अविनाश पांडे, गोविंद सिंह डोटासरा, शांति धारीवाल, महेश जोशी, महेंद्र चौधरी समेत प्रमुख नेता होटल में मौजूद हैं।

विधानसभा में कांग्रेस की यह टीम फ्रंट फुट पर रहेगी

  • संसदीय कार्य मंत्री शांति धारीवाल अगुआई करेंगे। वे ही नीतिगत पहलुओं पर बात रखेंगे।
  • डॉ. बीडी कल्ला शांति धारीवाल के सहयोगी होंगे।
  • महेश जोशी और महेंद्र चौधरी धारीवाल की मदद करेंगे।
  • महेश जोशी और महेंद्र चौधरी विधायकों की संख्या बल की मौजूदगी का काम संभालेंगे।
  • गोविंद सिंह डोटासरा विधानसभा में कांग्रेस के एक-एक विधायक पर ध्यान रखेंगे।
  • सदन में विपक्ष पर जवाबी हमले की भी तैयारी है। इसकी जिम्मेदारी डॉ. रघु शर्मा, गोविंद सिंह डोटासरा, प्रताप सिंह खाचरियावास, ममता भूपेश, शाले मोहम्मद, सुभाष गर्ग, सुखराम विश्नोई, अशोक चांदना, मदन प्रजापत, जगदीश जांगिड़, खिलाड़ी लाल बैरवा, गणेश घूघरा, रोहित बोहरा समेत प्रमुख नेता और मंत्री को सौंपी गई है।
  • गैर कांग्रेसी सदस्य के तौर पर इस टीम में सुभाष गर्ग, संयम लोढ़ा, बलवान पूनिया, बलजीत यादव, बाबूलाल नागर, राजकुमार गौड समेत प्रमुख विधायक रहेंगे।
  • संयम लोढ़ा सदन के अंदर और बाहर दोनों जगह एक्टिव रहेंगे।
  • कांग्रेस कैंप हर उस विधायक को जिम्मेदारी सौंप रहा है, जिनकी संसदीय मामलों और अच्छा बोलने वाले के तौर पर पहचान रही है। रणनीतिक मोर्चे पर कोई चूक ना हो, इसका पूरा ध्यान इसी टीम के जिम्मे होगा। यही टीम सीधे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को रिपोर्ट करेगी।

भाजपा की बाड़ेबंदी से विधायकों में हलचल बढ़ी
शनिवार को भाजपा ने अपने विधायकों की बाड़ेबंदी शुरू कर दी है। इसके 2 कयास लगाए जा रहे हैं, एक तो भाजपा को अपने विधायकों का टूटने का डर है। राजनीतिक जानकार बताते हैं कि गहलोत खेमे में संकट होने पर भाजपा विधायकों को तोड़ने की कोशिश की जा सकती है।

दूसरा यह कि गहलोत सरकार संकट में है और कहीं न कहीं भाजपा ने भी कोई रणनीति बनाई है और इसी के चलते विधायकों की बाड़ेबंदी शुरू की है। ऐसे में राजनीति हलचल तेज हो गई है। दोनों दलों के नेताओं की धड़कनें बढ़ गई हैं।

गहलोत पिछले 5 दिन से जयपुर में थे। जब विधायकों को यहां लाया गया, उस समय सीएम साथ आए थे। उसके अगले दिन वापस चले गए और रविवार को एक बार फिर लौटे, लेकिन सोमवार को जयपुर जाने के बाद अब वापस नहीं आएंगे। लगातार उनका कार्यक्रम स्थगित हो रहा है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि सरकार किसी फाॅर्मूले के जरिए संकट को टालने की तलाश में है।

गहलोत का तंज- सत्ता हमारी और बाड़ेबंदी भाजपा कर रही
गहलोत ने कहा कि मुझे लगता है कि भाजपा में जोरदार फूट पड़ गई है। सत्ता में सरकार हमारी है और बाड़ेबंदी भाजपा कर रही है। इससे साफ है कि उनकी साजिश सफल नहीं हो रही। मैंने चुनी हुई सरकार को गिराने के प्रयासों का हमेशा विरोध किया। भाजपा के कैलाश मेघवाल पहले ही कह चुके हैं कि चुनी हुई सरकार को गिराने की परंपरा गलत है। भाजपा के कई विधायक भी ऐसा मानते हैं।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

Ashok Gehlot jaisalmer rajasthan political crises, mla congress new strategy, latest news live update

Source: DainikBhaskar.com

Related posts