Coronavirus Bihar Update: बिहार में कोरोना की आंधी, 17 और मिले पॉजिटिव; संख्‍या पहुंची 113 पर – दैनिक जागरण

Publish Date:Mon, 20 Apr 2020 10:29 PM (IST)

पटना, जेएनएन। Coronavirus Bihar Update: बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या 113 हो गई है। सोमवार को नालंदा में एक साथ 17 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें सात महिलाएं तथा 10 पुरुष शामिल हैं। इसके बाद से नालंदा में हड़कंप मच गया है। उधर, बिहार में चार दिनों में दो करोड़ लोगों की स्‍क्रीनिंग हुई है। सरकार की ओर से विभिन्‍न जिलों में डोर टू डोर स्‍क्रीनिंग कराई जा रही है। इसका फायदा भी देखने को मिल रहा है। 

बहार में कोरोना ने अब अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। सोमवार को राज्य में 17 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ये सभी लोग बिहारशरीफ के रहने वाले हैं। इनमें 16 लोग एक ही परिवार के हैं। स्वास्थ्य विभाग ने आज मिले संक्रमितों की कांटेक्ट हिस्ट्री की तलाश शुरू कर दी है। यह सभी लोग दुबई से लौटे लोगों के संपर्क में आए थे। बिहारशरीफ से एक ही परिवार के 16 लोगों के संक्रमित होने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने बिहारशरीफ को सील करने का आदेश दिया गया है। 17 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान के साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या 113 पर पहुंच गई है। 

स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने सोमवार को बताया कि बिहारशरीफ से एक ही परिवार के जो 16 लोग मिले हैं उनमें छह महिलाएं हैं। इनकी आयु क्रमश : 17, 21, 23, 26, 45 और 26 है। इसके अलावा 10 पुरूष हैं। जिनकी आयु क्रमश : 14, 16, 18, 18, 19, 22, 50 और तीन लोग 60-60 वर्ष के हैं। उन्होंने बताया ये सभी लोग दुबई से लौटे एक कोरोना संक्रमित के संपर्क में आए थे। इन 16 लोगों के अलावा बिहारशरीफ से ही एक 19 वर्षीय लड़की भी संक्रमित पाई गई है। यह लड़की भी कोरोना संक्रमित के संपर्क में आई थी। 

संजय कुमार ने बताया कि एक ही जिले से एक दिन में कोरोना के 17 नए मामले मिलने के बाद जिले को सील करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम इन सभी लोगों के कांटेक्ट हिस्ट्री प्राप्त करने में भी जुट गई है। इन लोगों के संपर्क में जो लोग भी आए होंगे उन्हें तत्काल क्वारंटाइन कर सैंपल लिए जाएंगे। 

सोमवार को राज्य के छह अलग-अलग जांच लैब में कुल 574 कोरोना सैंपल की जांच हुई। जिसमें अब तक एक रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बिहारशरीफ की रहने वाले इस 19 वर्षीय लड़की के बारे में जो जानकारी स्वास्थ्य विभाग को मिली है उसके मुताबिक यह पूर्व से संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आई थी। प्रधान सचिव स्वास्थ्य संजय कुमार ने बताया कि इस लड़की की कांटेक्ट हिस्ट्री पता की जा रही है। जानकारी मिलने के बाद सभी लोगों को क्वारंटीन में भेजा जाएगा और सबके सैंपल लिए जाएंगे। 

बता दें कि इसके पूर्व रविवार को राज्य में दस कोरोना संक्रमित मिले थे। इनमें एक डॉक्टर भी हैं जो बिहारशरीफ के सदर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित हैं। इस डॉक्टर के अलावा बिहारशरीफ और मुंगेर से तीन-तीन जबकि दो बक्सर और एक भोजपुर से एक संक्रमित मिले थे। सोमवार को 17 नए मामले मिलने के बाद राज्य में कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 113 हो गई है। जिसमें 42 लोगों ने कोरोना को पराजित भी किया है। सोमवार तक राज्य में कुल 11319 सैंपल की जा की जा चुकी है।  

इधर, बिहार में कोरोना के बढ़ रहे मामलों के बीच राज्य सरकार बचाव की रणनीति के तहत हर घर की जांच (डोर-टू-डोर स्क्रीनिंग) करा रही है। जानकारी के अनुसार, 16 से 19 अप्रैल के बीच स्वास्थ्यकर्मियों ने 36 लाख 14 हजार घरों में रहने वाले करीब 1.7 करोड़ से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की है। इस दौरान कोरोना के लक्षण वाले 1335 लोगों की पहचान की गई है।

Posted By: Rajesh Thakur

डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

Related posts