29 राज्यों में 2 हजार 56 मामले: एक दिन में रिकॉर्ड 437 केस; इंदौर में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं पर पथराव, मुजफ्फरनगर में पुलिस पर हमला किया

कोरोनावायरस आपदा के बीच अपनी जान की परवाह किए बगैर जनसेवा में लगे अफसरों और कर्मचारियोंको तमाम मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मध्यप्रदेश में इंदौर के टाटपट्‌टी बाखल इलाके में बुधवार को संक्रमण संदिग्धों की स्क्रीनिंग करने पहुंचे कुछ स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं पर लोगों ने पथराव कर दिया।इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। उधर, उत्तरप्रदेश में मुजफ्फरनगर के मोरना में लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे लोगों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया, इसमें एक सब इंस्पेक्टर और कॉन्स्टेबलजख्मी हो गए।

देश के 29 राज्यों में कोरोनावायरस के संक्रमितों की संख्या 2 हजार 56 हो गई है। 169 लोग ठीक हुए, जबकि 56 मौतें हुईं। मंगलवार से बुधवार तक 24 घंटे में रिकॉर्ड 437 नए केस सामने आए।महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 335 कोरोना संक्रमित हैं। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के अनुसार हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बुधवार को बताया किदेश में संक्रमितों की संख्या 1 हजार 834 हो गई है। इनमें से 144 लोग ठीक हुए हैं औरइस संक्रमणसे अब तक 41 मौतें हुई हैं।

देश के 9 राज्यों का हाल

  • महाराष्ट्र; कुल संक्रमित- 335: बुधवार को एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी मे मिले संक्रमित की इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रशासन ने 56 साल के इस मरीज को सायन अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अधिकारियों के मुताबिक उसे बुखार, खांसी, सांस लेने में समस्या थी और किडनी फेल होने जैसी स्थिति थी। मृतक के परिवार के सात सदस्यों को होम क्वारैंटाइन किया गया है।
लॉकडाउन के बीच मुंबई की एक झुग्गीबस्ती में अपने घर के बाहर बैठकर पढाई करती बच्ची।
  • दिल्ली; कुल संक्रमित- 152: यहां क्राइम ब्रांच और दिल्ली सरकार ने संयुक्त अभियान चलाकर 275 विदेशी नागरिकों की पहचान की है। इन्हें क्वारैंटाइन कर दिया गया है। ये सभी निजामुद्दीन की तबलीगी जमात में शामिल हुए थे। इनमें 172 इंडोनेशिया के, 36 किर्गिजिस्तान के और 21 बांग्लादेश के हैं।बुधवार कोकैंसर इंस्टीट्यूट की महिला डॉक्टर समेत 3 संक्रमित मिले थे। डॉक्टर अपने भाई के घर गई थी, जो हाल ही में ब्रिटेन से लौटा था। केजरीवाल सरकार ने महामारी के दौरान ड्यूटी में लगे सरकारी और निजी कर्मचारियों की मौत होने पर परिजन को 1 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया है।
लॉकडाउन के बीच दिल्ली में फंसे दूसरे राज्यों के ये मजदूर यमुना नदी के किनारे बनाए गए सरकारी शेल्टर होम में रह रहे हैं।
  • मध्यप्रदेश; कुल संक्रमित- 98: मध्यप्रदेश के इंदौर में बुधवार देर रात 12 और मरीजों की कोरोनावायरस संक्रमण की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके साथ ही शहर में संक्रमितों की संख्या 75, जबकि राज्य में 98 पहुंच गई है। मंगलवार को 19 संक्रमित मिले थे। इनमें से अकेले इंदौर के17 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
  • राजस्थान; कुल संक्रमित- 120: राज्य में आज 17 मामले सामने आए, मंगलवार को 14 नए केस मिले थे। जयपुर, झुंझुनूं, डूंगरपुर, अजमेर में 1-1 व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनके अलावा ईरान से एयरलिफ्ट करके लाए गए लोगों में से 10 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
  • बिहार; कुल संक्रमित- 24: राज्य में बुधवार को 3 और मंगलवार को कोरोनावायरस के 6 नए मरीज मिले। दूसरी तरफ, सोमवार को सीतामढ़ी के मढ़ौल गांव में एक व्यक्ति को 2 लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला। व्यक्ति और उसका परिवार कल ही महाराष्ट्र से लौटे थे। मृतक ने कोरोना सहायता केंद्र को उनकी वापसी की सूचना दी थी, जिससे आरोपी नाराज थे। मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
  • उत्तरप्रदेश; कुल संक्रमित- 117: आज उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और मेरठ में दो मरीजों की जान गई। मंगलवार को यहां बरेली में 5 नए मामले सामने आए, उसके बाद शाम तक 3 और केस भी पॉजिटिव निकले। राज्य में सोमवार को 24 कोरोना संक्रमित मिले थे। सबसे ज्यादा 30 कोरोना पॉजिटिव गौतम बुद्ध नगर में हैं। उत्तरप्रदेश पुलिस का कहना है कि राज्य में उन 157 लोगों को भी तलाश लिया गया है, जो निजामुद्दीन स्थित मरकज के तब्लीगी इज्तिमा में शामिल हुए थे।
  • कर्नाटक; कुल संक्रमित- 110: बेंगलुरु और मैसूर देश के 25 हॉटस्पॉट में शामिल हैं। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने 1 साल की अपनी सैलरी सीएम रिलीफ फंड में दान करने का फैसला लिया है। उन्होंने अन्य लोगों से महामारी से लड़ाई के लिए सहयोग की अपील की है। दिल्ली के मरकज से कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में गए 12 लोगों को क्वारैंटाइन किया गया। कर्नाटक में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 5106 वाहनों सीज किए गए। मंगलवार को राज्य में कोरोना संक्रमण के 10 नए केस आए।
बेंगलुरु में सड़क पर जागरूकता के लिए कोरोनावायरस की पेंटिंग बनाई गई है। इस पर लिखा है- आपकी सुरक्षा कोई खेल नहीं है, सुरक्षित रहें, घर में रहें।
  • आंध्रप्रदेश; कुल संक्रमित 111: आज 57 नए मरीज मिले। मंगलवार को 21 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। इस बीच, राज्य के उप मुख्यमंत्री अमजद बाशा ने कहा है कि वे 2 मार्च को मुस्लिमों के लिए 4% आरक्षण देने की मांग के मामले में सुप्रीम कोर्ट में हो रही सुनवाई में गए। बाशा ने कहा- मीडिया की कुछ खबरों में कहा जा रहा है कि मैं मरकज की जमात में गया था। यह झूठ है। उधर, मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी ने महामारी और लॉकडाउन को देखते हुए सरकारी कर्मचारियों का वेतन फिलहाल टालने का आदेश दिया है। मंत्री विधायकों और जन प्रतिनिधियों का वेतन भी रोका गया है। हालांकि, पेंशनर्स को घर-घर जाकर राशि का भुगतान किया जा रहा है।
  • गुजरात; कुल संक्रमित- 87: बुधवार को 13 और मंगलवार को संक्रमण के 4 नए मामले सामने आए। अहमदाबाद में 55 साल का एक व्यक्ति और गांधीनगर में एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। राज्य में एक और संक्रमित बताया गया है, लेकिन वह कहां का है यह जानकारी नहीं दी गई। सोमवार को 7 नए मामले सामने आए थे।
अहमदाबाद में सरकारी दुकान पर अनाज लेने लाइन में लगी इन महिलाओं के बीच सोशल डिस्टेंसिंग नदारद है।

अभी तक 47951 लोगों की जांच हुई: आईसीएमआर

वहीं, संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि पॉजिटव मामले मंगलवार से बढ़ने शुरू हुए। इनका संबंध सीधे तौर पर तब्लीगी जमात में शामिल लोगों से है। जमात से जुड़े 1800 लोगों को 9 अस्पतालों में क्वारैंटाइन किया गया है। इसके अलावा अग्रवाल ने बताया कि स्वास्थ्य उपकरणों का प्रसार करने के लिए लाइफ लाइन उड़ान शुरू की जा रही हैं। इसके जरिए पिछले 5 दिनों में 15.5 टन मेडिकल उपकरणों की सप्लाई हुई। आईसीएमआर ने बताया कि देश में अभी तक 47951 लोगों की जांच हुई। जांच सेंटर्स की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है।

सीबीएसई केवल जरूरी विषयों की परीक्षा कराएगा
इस बीच, मानव संसाधन विकास (एचआरडी) मंत्रालय ने कहा है कि कोरोनावायरस के चलते केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) केवल 29 मुख्य विषयों के लिए ही बोर्ड परीक्षा का आयोजन करेगा। इन विषयों के आधार पर ही छात्रों को यूनिवर्सिटी में एडमिशन मिलता है। बाकी विषयों के लिए परीक्षा नहीं होगी। सीबीएसई छात्रों को परीक्षा की तैयारी के लिए पूरा समय देगा। मूल्यांकन और मार्किंग के लिए भी जल्द ही दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

आंध्रप्रदेश के धोन में लॉकडान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिसकर्मियों ने यमराज, चित्रगुप्त और कोरोना का रूप धारण किया।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts